किसानों को राहत: 10 तक करा लें फसल बीमा, तोरिया के लें मुफ्त मिनीकिट

खबर सार :-

तोरिया के फ्री मिनीकिट और रबी फसलों के बीज, बरसात में किसानों की फसल के नुकसान की भरपाई के लिए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही इन दिनों सक्रिय हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें।
कृषि मंत्री शाही की अपील, फसलों के बीजों की बुकिंग में फ्री का लें लाभ

खबर विस्तार : -

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के किसानों को तोरिया के फ्री मिनीकिट और रबी फसलों के बीजों की बुकिंग जारी की गई है। यह सुविधा कृषक पोर्टल पर मिल रही है। दूसरी ओर फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़कर 10 सितंबर कर दी गई है। सरकार की ओर से किसानों के हित में विभिन्न लाभकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश में तोरिया के 30 हजार मिनीकिट किसानों को निःशुल्क वितरण कराये जाने का लक्ष्य रखा गया है। 

यह भी पढ़ें :  2025-26 में 376.563 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान, PACS के जरिए गांवों तक पहुंच रहा विकेंद्रीकृत भंडारण का मॉडल

15.94 हजार कुंतल की बुकिंग का लक्ष्य रखा गया

कृषि मंत्री का कहना है कि इसके सापेक्ष 07 सितंबर 2026 तक किसानों द्वारा 15 हजार मिनीकिट की बुकिंग कराई जा चुकी है। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश के किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वे तोरिया के फ्री मिनीकिट प्राप्त करने के लिए विभाग के पोर्टल की सेवा लें और इस योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने जानकारी दी है कि तोरिया के अतिरिक्त रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं के 10.45 लाख कुंतल, चना के 69.96 हजार कुंतल, मटर के 17.89 हजार कुंतल, मसूर के 41.76 हजार कुंतल तथा राई/सरसों के 15.94 हजार कुंतल की बुकिंग का लक्ष्य रखा गया है।

6,124.79 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति की जा चुकी 

इसके लिए किसानों से अधिक संख्या में बुकिंग कराने का आह्वान किया गया है। कृषि मंत्री की अध्यक्षता में कृषि भवन समीक्षा कक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा की गई। इसमें कृषि मंत्री ने बैठक के दौरान जानकारी दी कि प्रदेश सरकार के विशेष अनुरोध पर भारत सरकार द्वारा खरीफ 2026 मौसम में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 10 सितंबर कर दिया गया है। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक 69.28 लाख किसानों को कुल 6,124.79 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति प्रदान की जा चुकी है।

बैंक किसानों की सुविधाओं पर देंगी बराबर ध्यान

सूर्य प्रताप शाही ने निर्देश दिए कि प्रदेश के समस्त असंतृप्त 27.10 लाख केसीसी खातों के पात्र कृषकों को बैंकों द्वारा शत-प्रतिशत संतृप्त कराने के लिए अधिकारी ध्यान दें। जिन किसानों ने अब तक अपनी फसलों का बीमा नहीं कराया है, वे अंतिम तिथि से पूर्व अनिवार्य रूप से बीमा करा लें। यहां बैठक में खरीफ 2026 मौसम में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को समय से क्षतिपूर्ति सुनिश्चित कराएं।

इनके लिए अवशेष पात्र आवेदनों का सर्वेक्षण जिला प्रशासन और कृषि विभाग की जाँच समितियों द्वारा किसानों की मौजूदगी में पूरा होना है। इसके साथ ही उन्होंने फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराने के लिए भारत सरकार के टोल-फ्री नंबर बताए। इसमें 14447, किसान कॉल सेंटर नंबर 0522-2317003, व्हाट्सएप चैटबॉट, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप तथा संबंधित बैंक शाखाओं जैसे माध्यमों की जानकारी जन जन तक पहुंचाने की अपील की है। यहां कृषि विभाग के प्रमुख सचिव रवीन्द्र, कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : अपना बगीचा भी भर जाए तो कम, गोमा यशी बेल की पैदावार में है दम
 

अन्य प्रमुख खबरें