स्नेक प्लांट लगाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, पानी-खाद से लेकर रखरखाव का भी रखें खास ध्यान

खबर सार :-

स्नेक प्लांट एक ऐसा इनडोर प्लांट है, जो घर की सुंरदता बढ़ाने के साथ ही हवा को भी साफ रखने में मददगार है। इस पौधे को देभभाल की कम जरूरत पड़ती है। आइए जानते हैं स्नेक प्लांट के फायदे-
कम देखभाल में भी आसानी से बढ़ता है स्नेक प्लांट, हवा को भी रखता है साफ

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: घर की साज-सज्जा बढ़ाने के लिए इनडोर प्लांट अच्छा विकल्प हैं। अगर आपको बागवानी का शौक है तो आप मनी प्लांट, अरेका पाम, पीस लिली, रबर प्लांट स्पाइडर प्लांट जैसे कई पौधों से अपना रूम सजा सकती हैं। ऐसा ही एक पौधा है- स्नेक प्लांट। इसकी खासियत है कि यह न सिर्फ देखने में सुंदर और आकर्षक है, बल्कि यह पौधा रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है। इस वजह से आपको ताजी हवा का अहसास भी होगा।

आजकल लोग अपने घरों और ऑफिस को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए कई तरह के इनडोर पौधे लगाते हैं। स्नेक प्लांट (सैनसेविएरिया) अपनी खूबसूरत, लंबी पत्तियों और कई तरह के स्वास्थ्य लाभों के लिए जाना जाता है। यह एक ऐसा पौधा है जिसे बहुत कम देखभाल की जरूरत होती है और यह घर के अंदर के माहौल को बेहतर बनाने में मदद करता है।

स्नेक प्लांट के फायदे

हवा साफ रखने में मददगार- स्नेक प्लांट की एक खास बात हवा को साफ करने की इसकी क्षमता है। यह हवा में मौजूद हानिकारक प्रदूषकों, जैसे कि फॉर्मेल्डिहाइड, बेंजीन और ट्राइक्लोरोएथिलीन के स्तर को कम करने में मदद करता है। इसी वजह से यह घरों, ऑफिस और दूसरी इनडोर जगहों के लिए एक लोकप्रिय विकल्प है।

रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है- इस पौधे की एक और खास बात यह है कि यह रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है, जिससे अच्छी नींद आती है और हवा साफ रहती है। यह हवा में मौजूद जहरीले तत्वों जैसे फॉर्मेल्डिहाइड, बेंजीन और ट्राइक्लोरोएथिलीन को कम करता है, इसलिए बहुत से लोग इसे अपने बेडरूम में रखना पसंद करते हैं।

ये भी पढ़ें:- इन पौधों से दूर भागते हैं सांप, जानें इस बारे में क्या कहता है साइंस

मानसिक सेहत के लिए भी फायदेमंद- स्नेक प्लांट को मानसिक सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। घर या काम की जगह पर हरियाली होने से तनाव कम हो सकता है और सकारात्मक माहौल बन सकता है। इसकी सादगी और आकर्षक रूप न केवल कमरे की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक ताजगी का एहसास भी कराते हैं।

देखभाल करना आसान- अगर आप ऐसा पौधा ढूंढ रहे हैं जिसकी देखभाल करना आसान हो, तो स्नेक प्लांट एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती; आम तौर पर हफ्ते में एक बार या जब मिट्टी पूरी तरह सूख जाए, तभी पानी देना काफी होता है। ज्यादा पानी देने से इसकी जड़ें खराब हो सकती हैं। यह कम रोशनी या बिना सीधी धूप वाली जगह पर भी अच्छी तरह पनपता है, जिससे यह व्यस्त जीवनशैली वाले लोगों के लिए एक आदर्श पौधा बन जाता है।

ध्यान रखने वाली बातें

अत्यधिक पानी न दें- स्नेक प्लांट को बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती। इसे हफ्ते में एक बार या मिट्टी सूखने पर ही पानी दें। ज्यादा पानी देने पर पौधे की जड़ के सड़ने का डर रहता है।

तेज धूप से बचाएं- स्नेक प्लांट एक इनडोर प्लांट है। इसे तेज व सीधा धूप न दिखाएं, इससे पत्तियों के झुलसने का खतरा रहता है। स्नेक प्लांट को ऐसी जगह रखें, जहां धूप छनकर आए।

खाद की मात्रा- इस पौधे को ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती। स्नेक प्लांट के लिए साल में केवल एक से दो बार हल्की खाद डालना ही फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा ध्यान रखें कि पौधे को थोड़े बड़े गमले में लगाएं। स्नेक प्लांट की मजबूत जड़ें फैलने से छोटा गमला टूट सकता है।

FAQ

1- भारत में मिलने वाले प्रमुख इनडोर प्लांट कौन से हैं?

मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, पीस लिली, जेड प्लांट, जेडजी प्लांट, रबर प्लांट, स्पाइडर प्लांट, अरेका पाम, बांस, कोलियस जैसे इनडोर पौधे आसानी से उपलब्ध हैं।

2- इनडोर प्लांट की क्या खासियत होती है?

इनडोर प्लांट कमरे की खूबसूरती बढ़ाते हैं। कई पौधे हवा को भी साफ रखने में मददगार होते हैं। कुछ पौघों की देखभाल भी आसान होती है।

3- क्या स्नेक प्लांट हवा को साफ करता है?

हां, स्नेक प्लांट हवा में मौजूद जहरीले तत्वों को कम करता है, जिससे हवा की शुद्धता बनी रहती है।

ये भी पढ़ें:- सुबह जल्दी उठना सेहत का राज या कुछ और, जानें असली कारण

अन्य प्रमुख खबरें