रोलिंग कार्ट से मिनी दराज तक... छोटी रसोई को व्यवस्थित रखने के लिए अपनाएं ये 10 आसान टिप्स

खबर सार :-

रसोई को साफ-सुथरा रखना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे व्यवस्थित रखना भी है। अगर सारे सामान ठीक ढंग से रखे हों तो काम करना भी आसान हो जाता है। जानें रसोई को व्यवस्थित करने के 10 टिप्स-
छोटी रसोई भी दिखेगी व्यवस्थित, जानें जगह बचाने के आसान 10 टिप्स

खबर विस्तार : -

नई दिल्लीः रसोई वह जगह है, जहां हर रोज दिन की शुरुआत होती है। सुबह चाय-काॅफी और नाश्ते से लेकर रात के खाने तक, रोजमर्रा की गतिविधियों में रसोई एक अहम हिस्सा है। घर की सबसे महत्वपूर्ण जगह है रसोई। यहां घर के सदस्यों के लिए हर रोज स्वादिष्ट भोजन बनता है। यह वह जगह है, जहां पर्व-त्योहारों या किसी खास दिन पर भी कुछ खास पकवान बनता है। इसलिए, रसोई को साफ-सुथरा रखने के साथ व्यवस्थित रखना भी जरूरी है। 

एक व्यवस्थित किचन में काम करना आसान हो जाता है, वहीं अगर हर जगह सामान फैला हो, तो काम करना बहुत मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किचन में साफ-सफाई के साथ ही चीजों को व्यवस्थित ढंग से रखना भी जरूरी है। बर्तन और चीजों को व्यवस्थित रखने से एक छोटी रसोई भी देखने में काफी आकर्षक लगती है। तो आइए जानते हैं रसोई को व्यवस्थित रखने के कुछ टिप्सः

दीवार पर लगाएं शेल्फ 

रसोई में मसालों और दालों के डिब्बों को रखने के लिए अलमारी अतिरिक्त जगह घेरती है। इसलिए, दीवार पर शेल्फ या कैबिनेट लगाएं। इनमें आप मसालों और दालों के डिब्बों को रख सकती हैं। कैबिनेट भी कई तरह के डिजाइन में आते हैं। अपनी रसोई को खूबसूरत दिखाने के लिए आप अपनी पसंद की कोई सुंदर डिजाइन चुनें। इससे रसोई में जगह खाली रहेगी और देखने में साफ-सुथरा लगेगा।

सब्जियों या डिब्बों के लिए रोलिंग कार्ट

आप अपने किचन में स्टोरेज डिब्बों को रखने के लिए रोलिंग कार्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं। ये देखने में आकर्षक होते हैं, साथ ही इससे आपका किचन व्यवस्थित भी दिखेगा। खास बात यह है कि रोलिंग कार्ट को आप आसानी से इधर से उधर खिसका सकती हैं। कार्ट में आप आलू और प्याज जैसी सब्जियां रख सकती हैं या आप चाहें तो इनमें डिब्बे भी रख सकती हैं। 

दीवारों पर लगाएं मिनी दराज

किचन की दीवारों पर शेल्फ को आप दराज का रूप भी दे सकती हैं। खुली शेल्फ पर लकड़ी के छोटे दराज बनाने से देखने में साफ-सुथरा दिखता है। इन छोटे दराजों में आप रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाली चीजें, जैसे- चीनी और चायपत्ती के डिब्बे, मसालों के डिब्बे या छोटे चम्मच रख सकती हैं।

गैरजरूरी चीजों को हटाएं

रसोई को व्यवस्थित करने के लिए आप सबसे पहले रसोई में रखी गैरजरूरी चीजों को हटाएं। आप अगर अपनी रसोई की सफाई करेंगी, तो आपको कई चीजें ऐसी मिलेंगी, जो काफी महीनों या सालों से इस्तेमाल नहीं हो रही हैं। पुराने डिब्बे और पुराने बर्तन अगर आप रोज इस्तेमाल नहीं करती हैं, तो उन्हें अलग जगह पर रखें। 

पारदर्शी डिब्बों का इस्तेमाल

अगर रसोई में बड़े-बड़े डिब्बे रखे हों, तो ये आसानी से शेल्फ पर फिट नहीं होते हैं और ज्यादा जगह भी घेरते हैं। रसोई में आपको शेल्फ की साइज के कंटेनर रखने चाहिए, साथ ही पारदर्शी डिब्बे रखने चाहिए। इन डिब्बों में रखा सामान आपको बाहर से ही दिख जाएगा और खाना बनाते समय मसाले या दालें ढूंढने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा आप डिब्बों पर लेबल भी लगा सकती हैं। इससे खाना बनाते समय रोज इस्तेमाल होने वाले मसाले आपको बहुत आसानी से मिल जाएंगे और समय भी बचेगा। 

किचन ऑर्गनाइजर खरीदें

अगर आप अपने रसोई में डिब्बों से परेशान हैं, तो किचन ऑर्गनाइजर खरीदें। आप मसाले रखने के रैक, चम्मच रखने के लिए स्टोरेज, ट्राॅली जैसी चीजें खरीदकर किचन को व्यवस्थित कर सकती हैं। इससे न सिर्फ आपको काम करने में आसानी होगी, बल्कि ये ऑर्गनाइजर आपकी किचन की खूबसूरती भी बढ़ाएंगे।

ये भी पढ़ें:- क्या आप भी बार-बार चेक करते हैं फोन? जानें ‘डिजिटल हुक्स’ का खेल, ऐसे बनाएं सोशल मीडिया से दूरी

डस्टर को हुक पर टांगें

किचन को साफ रखने के लिए कपड़े को आप कहां रखना चाहेंगी? अक्सर लोग किचन में सिंक पर डस्टर को धुल कर टांग देते हैं, लेकिन यह देखने में सुंदर नहीं लगता है। किचन को साफ करने के बाद आप इस कपड़े को धुल कर साफ कर लें। इसे सुखाकर दीवार पर लगे हुक पर फोल्ड कर टांग दें। इससे अगली बार इस्तेमाल करने के लिए यह कपड़ा तैयार रहेगा।

बेस कैबिनेट बनवाएं

अगर रसोई छोटी है तो बेस कैबिनेट यानी नीचे अलमारी बनवाएं। यहां आप बर्तन व क्राॅकरी को रख सकती हैं। बेस कैबिनेट का भरपूर इस्तेमाल करें। यहां आप भारी बर्तनों को रख सकती हैं या ऐसे बर्तनों को भी इसमें जगह दे सकती हैं, जिनका इस्तेमाल कभी-कभी होता है। बेस कैबिनेट बनवा लेने से रसोई में ऊपर बर्तन फैले नहीं रहेंगे और रसोई व्यवस्थित दिखेगी। 

चीजों को एक के ऊपर एक रखें

अगर रसोई छोटी है तो बर्तनों को एक के ऊपर एक रखें। इससे न सिर्फ जगह की बचत होगी, बल्कि रसोई भी साफ-सुथरी दिखेगी। जरा सोचें, कि अगर शेल्फ में जगह कम है और चारों तरफ बर्तन और डिब्बे फैले हैं तो आपको काम करने में दिक्कत होगी। इस परेशानी से बचने के लिए जिन बर्तनों की जरूरत न हो, उन्हें एक दूसरे के अंदर रखें। उदाहरण के लिए, पतीलों और कड़ाही को एक के ऊपर एक रख सकते हैं। इसी तरह बड़ी कटोरी के अंदर छोटी कटोरियों को रखें।

कोनों का करें इस्तेमाल

जी हां, रसोई के कोने एक ऐसी जगह हैं, जिसका उपयोग करके आप कई चीजों को इसमें रख सकती हैं। दो काउंटरों के बीच में कोनों के लिए आप ऐसे काॅर्नर कैबिनेट खरीद सकती हैं, जो इस जगह पर आसानी से एडजस्ट हो जाएं। इस कैबिनेट में आप छोटे-छोटे सामान को जगह दे सकती हैं, जिससे रसोई में अतिरिक्त सामान फैले नहीं रहेंगे और रसोई साफ नजर आएगी। 

ये भी पढ़ें:- सर्दियों से पहले घर में लगा लें ये 5 इंडोर प्लांट्स, हरियाली के साथ बढ़ेगी कमरे की खूबसूरती

अन्य प्रमुख खबरें