सर्दियों में भी खिला-खिला दिखेगा चेहरा, इस तरह से करें आंवले का सेवन; पोषण के साथ मिलेगा निखार

खबर सार :-

सर्दियों में अक्सर त्वचा बेजार और रूखी नजर आती है। लेकिन, महंगे ट्रीटमंेट और क्रीम का असर लंबे समय तक नहीं रहता है। इसके लिए आंवले का सेवन करना फायदेमंद रहता है।
आंवला में छिपे हैं कई सौंदर्य गुण, रोज सेवन से निखरेगा चेहरा

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद की देखभाल के लिए बहुत कम समय बचता है। यही वजह है कि लोग चमकदार त्वचा पाने के लिए महंगी क्रीम और ट्रीटमेंट का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, ऐसे महंगे उत्पाद और ट्रीटमेंट अक्सर केवल कुछ समय के लिए ही असर दिखाते हैं—ये त्वचा की ऊपरी सतह को तो साफ कर सकते हैं, लेकिन त्वचा को गहराई से पोषण नहीं दे पाते। 

क्या आप जानते हैं कि आपकी त्वचा को दूध जैसी चमकदार और साफ बनाने का एक आसान और लंबे समय तक चलने वाला उपाय आपकी अपनी रसोई में ही मौजूद है? हम बात कर रहे हैं आंवले की। आंवला बालों और पाचन तंत्र के लिए तो फायदेमंद माना ही जाता है, साथ ही यह त्वचा के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। आंवले का सेवन करने से झुर्रियां, रूखापन और समय से पहले बूढ़ा दिखने जैसी समस्याओं को रोकने में मदद मिलती है और यह पूरे शरीर को डिटॉक्स भी करता है। संक्षेप में कहें तो, यह छोटा सा फल सेहत के लिए एक प्राकृतिक और संपूर्ण उपाय है।

त्वचा के लिए आंवला बहुत गुणकारी

त्वचा के लिए आंवला बहुत ही गुणकारी है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन C होता है, जो कोलेजन के उत्पादन को बढ़ाता है। इससे त्वचा में कसावट आती है और उसकी प्राकृतिक चमक बढ़ती है। इसमें पॉलीफेनोल्स भी होते हैं, जो त्वचा को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम होने से झुर्रियां देर से आती हैं। एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आंवला त्वचा को नुकसान से बचाता है और उसकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद करता है। 

खून को साफ करने में मदद करता है आंवला

इसके अलावा, यह खून को साफ करने का काम भी करता है, जिससे चेहरे की रंगत निखरती है और त्वचा चमकदार बनती है। आंवला हार्मोन को संतुलित करने में भी सक्षम है। हार्मोन असंतुलित होने पर अक्सर त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो जाती हैं—जैसे मुहांसे या चेहरे पर अनचाहे बालों का आना और आंवला इन समस्याओं का एक स्थायी समाधान दे सकता है। 

संतरे से 20 गुना ज्यादा है विटामिन सी

संतरे की तुलना में आंवले में 20 गुना ज्यादा विटामिन C होता है। अगर आप पूरे साल आंवले का सेवन करना चाहते हैं, तो इसे सुखाकर इसका पाउडर बना सकते हैं। सर्दियों में ताजा आंवला खाना बहुत अच्छा होता है, जबकि गर्मियों में इसका पाउडर आपकी त्वचा और पाचन तंत्र दोनों के लिए फायदेमंद रहता है। आंवले को आप अचार या जूस के रूप में भी ले सकते हैं। इसमें कुछ सामान्य मसाले मिलाने से इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है और इसका प्राकृतिक कड़वापन भी कम हो जाता है।

आंवले का कैसे करें इस्तेमाल

आंवले का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है। आप इसे कच्चा खा सकते हैं। खासकर सुबह खाली पेट कच्चा आंवला खाने से शरीर को ज्यादा फायदा मिलता है। इसके अलावा आप आंवले का जूस भी पी सकते हैं या आंवले का पाउडर भी बाजार में आसानी से उपलब्ध है। आप इसे एक चम्मच लेकर गुनगुने पानी में मिलाकर पी सकते हैं। स्वाद के अनुसार काला नमक या शहद इसमें मिलाया जा सकता है। आंवले की कैंडी, अचार और मुरब्बे का भी सेवन फायदेमंद होता है।

यह भी पढ़ें:- सर्दियों का नेचुरल सुपरफूड मूली: सही तरीके से खाएं, तभी मिलेगा पूरा फायदा

अन्य प्रमुख खबरें