आंखों की रोशनी है बेशकीमती, इसे बरकरार रखने के लिए अपनी डाइट में शामिल करें ये चीजें

खबर सार :-

ज्यादा स्क्रीन टाइम और खान-पान की गलत आदतों का आंखों पर बुरा असर पड़ सकता है। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन A से भरपूर चीजों का सेवन करें। आइए जानते हैं-
आंखों की सेहत के लिए जरूरी है विटामिन A, जानें इसके स्रोत

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, खाने-पीने की गलत आदतें, लापरवाही और लगातार बढ़ती स्क्रीन टाइम (स्क्रीन के सामने बिताया जाने वाला समय) आंखों की सेहत के लिए बड़े खतरे बन गए हैं। मोबाइल फोन, कंप्यूटर और टीवी के सामने घंटों बिताने से आंखों की थकान, धुंधला दिखना, सूखापन और नजर कमजोर होने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में, सही पोषक तत्वों का सेवन आंखों की सेहत बनाए रखने में मदद कर सकता है।

नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) विटामिन A से भरपूर डाइट अपनाकर आंखों का ख्याल रखने की सलाह देता है। NHM के अनुसार, लंबे समय तक नजर ठीक रखने में विटामिन A अहम भूमिका निभाता है। यह विटामिन रेटिना को ठीक से काम करने में मदद करता है, रात में देखने की क्षमता (नाइट विजन) को बेहतर बनाता है और आंखों को संक्रमण से बचाता है।

नजर की कमजोरी को रोकने में मददगार विटामिन A

विटामिन A से भरपूर खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन नजर की कमजोरी को रोकने में मदद कर सकता है। आंखों के लिए फायदेमंद विटामिन A वाले खाद्य पदार्थों में गाजर, हरी सब्जियां, आम और कई अन्य फल शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि "बेहतर पोषण से ही बेहतर नजर संभव है।" अपनी डाइट में सही खाद्य पदार्थों को शामिल करके हम अपनी आंखों की सुरक्षा बढ़ा सकते हैं। स्वस्थ आंखें ही बेहतर जिंदगी की कुंजी हैं।

गाजर

ये विटामिन A का सबसे अच्छा और लोकप्रिय स्रोत हैं। रोज़ाना गाजर का जूस पीने या सलाद में गाजर शामिल करने से नज़र तेज़ होती है और आंखों की मांसपेशियां मज़बूत होती हैं।

हरी सब्जियां

पालक, मेथी, सरसों का साग और ब्रोकली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में विटामिन A भरपूर मात्रा में होता है। आंखों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ, ये शरीर को अन्य जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करती हैं।

आम

"गर्मियों के फलों का राजा" आम न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि विटामिन A का बेहतरीन स्रोत भी है। मौसमी आम का नियमित सेवन आंखों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है।

दूध

दूध और डेयरी उत्पाद जैसे दही, छाछ और पनीर भी विटामिन A के बेहतरीन स्रोत हैं। इसके अलावा, विशेषज्ञ स्क्रीन टाइम कम करने, हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए किसी दूर की चीज को देखने (20-20-20 नियम) और अपनी डाइट में ऊपर बताए गए खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह देते हैं। बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक, सभी को विटामिन A से भरपूर आहार लेना चाहिए। आंखों की सेहत को लेकर थोड़ी सी भी लापरवाही बाद में गंभीर समस्या का रूप ले सकती है।

आंखों के लिए भी जरूरी है व्यायाम

आंखों के तनाव को कम करने के लिए नियमित रूप से आई योग और व्यायाम करना बहुत फायदेमंद है। अगर आप कंप्यूटर पर अपना ज्यादातर समय बिताते हैं, तो आपकी आंखों के लिए थोड़ी देर व्यायाम करना जरूरी हो जाता है। इससे आंखों की मांसपेशियों को राहत मिलेगी और आप ताजगी महसूस कर सकेंगे। आइए जानते हैं कुछ आसान व्यायाम-

पलकें झपकाना

तेजी से 10 से 15 बार पलकें झपकाएं, फिर आराम के लिए कुछ सेकंड के लिए अपनी आंखें बंद कर लें। इससे आंखों के सूखेपन से राहत मिलती है।

आंखें घुमाना

अपनी आंखों की पुतलियों को गोल-गोल घुमाएं, पहले घड़ी की दिशा में (क्लॉकवाइज) और फिर घड़ी की उल्टी दिशा में (एंटी-क्लॉकवाइज)।

20-20-20 का नियम

स्क्रीन पर काम करते समय, हर 20 मिनट में 20 फीट दूर किसी चीज को 20 सेकंड तक देखें। इससे आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है।

हथेलियों से सिकाई

अपनी हथेलियों को तब तक आपस में रगड़ें जब तक वे गर्म न हो जाएं, फिर उन्हें धीरे से अपनी बंद आंखों पर रखें। इससे आंखों की थकान कम करने में मदद मिलती है।

ये भी पढ़ेंः- बिना काम पूरे दिन रहती है थकान तो जाएं सावधान, आपके शरीर में हो सकती है इस विटामिन की कमी

आंखों की सेहत के लिए क्या करें

  • पर्याप्त नींद लें। एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए एक दिन में 7 से 8 घंटे की आरामदायक नींद जरूरी होती है। इससे शरीर के अंगों को आराम मिलता है।
  • अपने आहार में पौष्टिक चीजों को शामिल करे। आंखों के लिए विटामिन ए फायदेमंद होता है, इसलिए विटामिन-ए के स्त्रोतों जैसे- गाजर, पालक, मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों को अपने भोजन में शामिल करें। इसके अलावा आंवला और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजों का सेवन करें।
  • अगर आप कंप्यूटर पर लगातार काम कर रहे हैं, तो हर 20 मिनट में थोड़ी देर का ब्रेक लें। इससे आंखों को आराम मिलेगा।
  • रात में अपना मेकअप जरूर हटाकर सोएं। ऐसा न करने से मेकअप के आंखों के अंदर जाने का खतरा रहता है, जिससे काॅर्निया को नुकसान पहुंच सकता है।

आंखों की सेहत के लिए क्या न करें

  • बिना ऑप्टोमेट्रिस्ट से मिले डेकोरेटिव लेंस ऑर्डर करना भले ही ज्यादा सुविधाजनक लगे, लेकिन लंबे समय में ऐसा करने के जोखिम उठाना सही नहीं है। डेकोरेटिव कॉन्टैक्ट लेंस बनाने वाले बिना लाइसेंस वाले मैन्युफैक्चरर अक्सर कम-क्वालिटी वाले या नुकसानदायक प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, जो आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
  • बहुत देर तक लगातार टीवी, कंप्यूटर या मोबाइल फोन जैसी कोई भी स्क्रीन न देखें।
  • आंखों में लालिमा दिखने या खुजली होने पर जोर से न रगड़ें और न ही बिना डाॅक्टरी सलाह के आई ड्राॅप का इस्तेमाल करें।
  • आंखें बेहद संवेदनशील होती हैं। इसलिए, कम रोशनी या बहुत ज्यादा रोशनी में पढ़ने से बचें, इससे आंखों पर तनाव बढ़ता है।
  • सनग्लास पसंद करते समय उसकी क्वालिटी को जरूर परखें। सनग्लास यूवी किरणों से सुरक्षा देने वाले होने चाहिए।

ये भी पढ़ेंः- शरीर में इस विटामिन की कमी से जल्दी आता है बुढ़ापा, जाने किन चीजों में मिलता है विटामिन बी 7

अन्य प्रमुख खबरें