किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में एआई युक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित, एक मिनट में मिलेगी टीबी की जानकारी

खबर सार :-

लखनऊ के केजीएमयू में एआई-युक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल की इस पहल से टीबी की शुरुआती पहचान में मदद मिलेगी।
KGMU में एआई सक्षम पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से टीबी जांच आसान

खबर विस्तार : -

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में टीबी की जांच और निदान सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय यानी KGMU के श्वसन रोग विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस एक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। इस नई मशीन को उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल द्वारा स्थापित किया गया है, जिससे मरीजों को KGMU में स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में अधिक आसानी होगी। पोर्टेबल एक्स-रे तकनीक के माध्यम से मरीजों को पारंपरिक एक्स-रे केंद्र तक जाए बिना जांच कराने की सुविधा मिलती है। इस मशीन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक को शामिल किया गया है, जो छाती के एक्स-रे का विश्लेषण करने और फुफ्फुसीय त् यक्ष्मा यानी टीबी से जुड़े असामान्य लक्षणों की पहचान करने में मदद करती है। इससे बीमारी का शुरुआती चरण में आकलन करना और समय पर उपचार शुरू करना संभव हो सकेगा।

मरीजों को एक मिनट में मिलेगी रिपोर्ट

श्वसन रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि विभाग में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, लेकिन एआई तकनीक से लैस इस नई पोर्टेबल मशीन से जांच की गति बढ़ेगी। KGMU में इस मशीन की मदद से लगभग एक मिनट में एक्स-रे इमेज मिल जाती है। इसके अलावा, एक्स-रे रिपोर्ट को भविष्य के उपयोग के लिए सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से मरीजों या उनके परिजनों के साथ साझा किया जा सकता है। विभाग में आने वाले मरीजों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में यह तकनीक बेहद मददगार साबित होगी। इस मशीन को आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है, जिससे गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के बेडसाइड पर ही एक्स-रे जांच करना संभव हो जाता है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत इस तरह की तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायक है।

यह भी पढ़ें:- लगातार होती है खांसी तो हो जाएं सावधान! दिल की बीमारी की भी हो सकती है चेतावनी

टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम

KGMU की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने विभाग को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह पहल टीबी के शुरुआती निदान और प्रभावी स्क्रीनिंग की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस आधुनिक तकनीक से मरीजों को कम समय में जांच की सुविधा मिलेगी और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देता रहेगा। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गठित राष्ट्रीय कार्य बल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने कहा कि इस मशीन का उपयोग मुफ्त स्वास्थ्य और टीबी जांच शिविरों में भी किया जा सकता है। इससे समुदाय के बीच सक्रिय रूप से टीबी रोगियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विभाग के एक्स-रे तकनीशियनों को मशीन के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

शिविरों और दूरदराज के क्षेत्रों में होगी आसानी

विभाग द्वारा लखनऊ और आसपास के ग्रामीण तथा मलिन बस्तियों में नियमित रूप से मुफ्त स्वास्थ्य और टीबी जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। एआई-युक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की उपलब्धता से इन शिविरों की कार्यप्रणाली और अधिक मजबूत होगी। शिविर स्थल पर ही छाती का एक्स-रे करने की सुविधा मिलने से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करना और संदिग्ध टीबी रोगियों की पहचान करना आसान हो जाएगा। इस मशीन के माध्यम से पोस्ट-ट्यूबरकुलोसिस लंग डिजीज यानी पीटीएलडी से पीड़ित मरीजों की जांच और नियमित फॉलो-अप में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजैश झा, उप राज्य टीबी अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना, नोडल अधिकारी डॉ. दर्शन के. बजाज और विभाग के अन्य संकाय सदस्य तथा रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय का श्वसन रोग विभाग पहले से ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन सेंटर का संचालन कर रहा है। यह केंद्र टीबी के बाद होने वाली फेफड़ों की बीमारियों से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क व्यापक पुनर्वास सेवाएं प्रदान करता है।
 

यह भी पढ़ें:- हर व्यक्ति के लिए अलग होती है योग थेरेपी, अपनाने से पहले जानें इसकी सावधानियां

अन्य प्रमुख खबरें