Womens Asia Cup 2026: शेफाली को 'इशारा' करना फातिमा सना को पड़ा भारी, ICC ने दी बड़ी सजा

खबर सार :-

भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को इशारा करना पाकिस्तान कप्तान फातिमा सना को भारी पड़ गया। ICC ने उन्हें आचार संहिता का उल्लंघन करने के कारण कड़ी सजा दी है।
शेफाली को 'इशारा' करना फातिमा सना को पड़ा भारी, बैन का खतरा मंडराया

खबर विस्तार : -

Ind vs Pak Womens Asia Cup 2026: दुबई में खेले गए महिला एशिया कप के ग्रुप A मैच में भारत से हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक और तगड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर मैदान पर खराब व्यवहार और खेल की भावना के खिलाफ आचरण के लिए ICC ने भारी भरकम जुर्माना ठोका है। इसके अलावा, उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।

फातिमा ने शेफाली को किया अनुचित 'इशारा'

दरअसल भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई में खेले गए महिला एशिया कप 2026 के मैच में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टीम इंडिया की सलामी बल्लेबाजी शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर जाने का अजीब इशारा किया था। यह घटना भारत की बल्लेबाजी पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हुई, जब भारतीय ओपनिंग ओपनर शफाली वर्मा को आउट (कैच एंड बोल्ड) किया। हालांकि जश्न मनाने के बजाय, उन्होंने बल्लेबाज की तरफ एक अनुचित इशारा किया और उन्हें पवेलियन लौटने का संकेत दिया। 

ICC ने ठोका भारी जुर्माना

फातिमा को ICC आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। सोमवार को जारी एक बयान में, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने घोषणा की कि फातिमा सना को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। यह नियम "ऐसी भाषा, कार्यों या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है जो अपमानजनक हों या जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकते हों।"

फातिमा ने स्वीकार की गलती

मैदान पर मौजूद अंपायरों की शिकायत के बाद, ICC मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास ने फातिमा को इस अपराध का दोषी पाया। हालांकि, पाकिस्तान की कप्तान ने अपनी गलती मान ली, जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। ICC के कड़े नियमों के तहत, उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है और साथ ही उन्हें अपने अनुशासनात्मक व्यवहार में सुधार करने की चेतावनी भी दी गई है।

बैन का खतरा मंडराया

बता दें कि 24 महीने की अवधि में फातिमा का दूसरा अपराध है, जिससे उनके डिमेरिट पॉइंट्स की कुल संख्या दो हो गई है। इससे पहले, उन्हें 6 अगस्त, 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ एक T20 मैच के दौरान एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया था। इस ताजा कार्रवाई के साथ, 24 महीने की अवधि में उनके कुल दो डिमेरिट पॉइंट हो गए हैं, जिससे भविष्य में उनके खेलने पर संकट आ सकता है।

क्या है आईसीसी का नियम

दरअसल ICC के कड़े अनुशासनात्मक नियमों के अनुसार, "अगर कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे ज़्यादा डिमेरिट पॉइंट जमा कर लेता है, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदल दिया जाता है।" दो सस्पेंशन पॉइंट मिलने पर खिलाड़ी पर एक टेस्ट मैच या दो वनडे/टी20 मैचों का अपने-आप बैन लग जाता है। इसलिए, फातिमा सना को अब आने वाले मैचों में अपने आक्रामक रवैये पर काबू रखना होगा। वरना, एक और गलती उन्हें टीम से बाहर करवा सकती है।

एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए, पाकिस्तान की टीम 18.1 ओवर में 55 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में, भारत ने 8.4 ओवर में सात विकेट शेष रहते हुए मैच जीत लिया। इस मैच में भारत की स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। श्री चरानी ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि प्रेमा रावत ने भी 9 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर दो विकेट झटके।

भारतीय और श्रीलंकाई टीमें पहले ही महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। अगर फातिमा की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम सोमवार को हांगकांग, चीन के ख़िलाफ जीत हासिल करती है, तो वे भी सेमीफाइनल में जगह बना लेंगी। वहीं, 'ग्रुप B' में बांग्लादेश और UAE के बीच 8 सितंबर को होने वाला मैच तय करेगा कि आखिरी सेमीफाइनलिस्ट कौन होगा।

ये भी पढ़ेंः- Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी में ईशान किशन ने 250 रनों की ऐतिहासिक पारी खेल लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

अन्य प्रमुख खबरें