IND vs WI 5th T20: टी20 में भारत ने रचा इतिहास, बनाया सबसे तेज अर्धशतक, बारिश ने मैच किया बर्बाद

खबर सार :-

India vs West Indies 5th T20: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आखिरकार वही हुआ जिसका डर था। खराब मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश के कारण, मैच अधिकारियों को मुकाबले को लेकर एक बड़ा फैसला लेना पड़ा।
IND vs WI: टी20 में भारत ने रचा इतिहास, बारिश ने मैच किया बर्बाद

खबर विस्तार : -

IND vs WI 5th T20: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में  शनिवार को भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच खेला गया पांच मैचों की T20 सीरीज का अंतिम मुकाबला बारिश की भेट चढ़ गया। जिससे पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही। आखिरी मैच से विजेता का फैसला होना था, लेकिन बारिश ने प्रशंसकों के उत्साह पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण मैच दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ और इसे घटाकर 9-9 ओवर कर दिया गया।  लेकिन भारतीय पारी के दौरान, आठवें ओवर में बारिश ने फिर से खेल में बाधा डाली। कुछ देर इंतजार करने के बाद, अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला किया। हालांकि, इस मैच में भारत ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। 

भारत ने पूरा किया सबसे तेज अर्धशतक

टीम इंडिया टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई बार विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में डाला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम मुकाबले में भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सबसे तेज अर्धशतक (50 रन) बनाकर एक नया रिकॉर्ड बना डाला। भारत ने सिर्फ 2.5 ओवर में 50 रन ठोक दिया। टीम इंडिया ने बेहद कम ओवरों में 50 रन पूरे करके तेज बल्लेबाजी की अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है। 

इससे पहले, हैदराबाद में खेले गए एक मैच में भारत ने तीन ओवरों में 50 रन पूरे किए थे। वहीं गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम ने 3.1 ओवरों में यह कारनामा किया था, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों के फाइनल में भारतीय टीम 3.2 ओवरों में 50 रनों का आंकड़ा छुआ था। इसके अलावा 2026 में दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एक मैच में, भारत ने 3.3 ओवरों में अपनी टीम के 50 रन पूरे किए। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु में 2026 में बनाया गया रिकॉर्ड सबसे ऊपर है।

ये भी पढ़ेंः- IND vs WI: शाई होप के तूफानी शतक के बाद पॉल के पंजे में फंसी टीम इंडिया, वेस्टइंडीज ने जीता चौथा टी20

भारत ने 7.4 ओवरों में बनाए थे 118 रन 

इससे पहले बेंगलुरु में बारिश के कारण टॉस में काफी देर से हुआ, जिसके बाद मैच को घटाकर 9-9 ओवर कर दिया गया था। हालांकि 7.4 ओवर के खेल के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 118 रन था, तभी बारिश फिर से शुरू हो गई। कुछ देर इंतजार करने के बाद रद्द करने का फैसला लिया गया। इसी के साथ सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। अभिषेक शर्मा ने कीमो पॉल की गेंद पर छक्का जड़कर पारी की शुरुआत की, लेकिन जल्द ही पॉल ने उन्हें पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद, किशन ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। 

ईशान किशन की तूफानी पारी

इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने रोमारियो शेफर्ड द्वारा फेंके गए पारी के दूसरे ओवर में 24 रन बटोरकर कैरेबियाई गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी। ईशान किशन ने 10 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें 5 बाउंड्री शामिल थीं। जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। वहीं नमन धीर 6 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा, संजू सैमसन ने टीम के कुल स्कोर में 16 रन जोड़े। वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल और शमार स्प्रिंगर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शमार जोसेफ ने 1 विकेट हासिल किया।

चार साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी

इस मैच में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को मौका दिया गया। जो लगभग चार साल बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में लौटे थे। हालांकि उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला।वेस्टइंडीज़ के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बाद, भारत ने पहले टी20I मैच में 8 विकेट से जीत हासिल की। ​​इसके बाद वेस्टइंडीज ने दूसरा मैच 6 विकेट से जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। टीम इंडिया ने तीसरा मैच 14 रन से जीतकर फिर से बढ़त बना ली, लेकिन मेहमान टीम ने वापसी करते हुए अगला मैच 24 रन से जीत लिया और सीरीज को एक बार फिर बराबर कर दिया। नतीजतन, आखिरी मैच निर्णायक बन गया, लेकिन बारिश ने प्रशंसकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

ये भी पढ़ेंः- IND vs WI: अंतिम टी20 के लिए भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में एंट्री, अर्शदीप बाहर

अन्य प्रमुख खबरें