IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच बनने पर युवराज सिंह ने जताई खुशी

खबर सार :-

IPL 2027: भारत के पूर्व ऑलराउंडर और 2011 वर्ल्ड कप विजेता युवराज सिंह (yuvraj singh) को आगामी IPL सीज़न के लिए दिल्ली कैपिटल्स का असिस्टेंट बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच बनने पर युवराज ने जताई खुशी

खबर विस्तार : -

IPL 2027: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL) के लिए दिल्ली कैपिटल्स के लिए असिस्टेंट और बैटिंग कोच की भूमिका निभाएंगे। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। 44 साल के युवराज सिंह पहली बार IPL में कोचिंग की भूमिका में नजर आएंगे। यह उनके करियर की पहली औपचारिक कोचिंग भूमिका है। 

दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज की दूसरी पारी 

बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले उन्होंने 2015 सीज़न में टीम की कप्तानी की थी; उस समय दिल्ली ने उन्हें नीलामी में ₹16 करोड़ में खरीदा था, जिससे वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने उस सीज़न में टीम के लिए सभी 14 मैच खेले थे। इस नियुक्ति से वह पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के साथ फिर से जुड़ेंगे, जिन्हें हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें- SA vs AUS: जोश हेजलवुड के आगे दक्षिण अफ्रीका ने किया 'सरेंडर', ऑस्ट्रेलिया ने डरबन टेस्ट 214 रनों से जीता

युवराज सिंह ने जताई खुशी

युवराज सिंह ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के साथ एक नई पारी शुरू करना उनके लिए खास है। फ्रैंचाइज़ी के साथ उनका पुराना नाता है और वे इसके मालिकों को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने कहा कि वे टीम के कोचिंग स्टाफ़ के साथ काम करने और टैलेंटेड खिलाड़ियों को मेंटर करने के लिए उत्साहित हैं। 

युवराज की नियुक्ति पर दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा कि उनका अनुभव, जीतने का जज़्बा और खिलाड़ियों के साथ जुड़ने की क्षमता टीम के लिए बहुत कीमती साबित होगी। युवराज को भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन मैच-विनर्स में से एक बताते हुए, उन्होंने कहा कि पूर्व क्रिकेटर ने कई युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।

फ्रेंचाइज़ी के सह-मालिक और GMR स्पोर्ट्स के संस्थापक किरण कुमार ग्रांधी ने भी युवराज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवराज का शानदार क्रिकेट करियर, कॉम्पिटिटिव स्पिरिट और खेल की गहरी समझ टीम के कोचिंग सेटअप को मज़बूत करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवराज के अनुभव और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होगा।

युवराज सिंह का करियर

44 वर्षीय युवराज ने भारतीय टीम के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वह 2007 ICC T20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत में अहम खिलाड़ी थे। हाल के वर्षों में, उन्होंने कई स्थापित और उभरते हुए भारतीय क्रिकेटरों को मेंटर भी किया है।

IPL में युवराज ने कई टीमों के लिए खेला, जिनमें किंग्स इलेवन पंजाब, पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस शामिल हैं। अपने IPL करियर के दौरान, अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए उन्होंने 132 मैचों में 2,750 रन बनाए और 36 विकेट लिए।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान, कुसल मेंडिस को सौंपी गई कमान

अन्य प्रमुख खबरें