India A vs UAE: वैभव सूर्यवंशी की सुनामी, 28 गेंदों पर ठोका शतक, यूएई पर निकाला पाकिस्तान का गुस्सा

खबर सार :-

India A vs UAE Rising Stars Asia Cup 2026: दोहा में यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड पर इंडिया A और UAE का आमना-सामना हुआ। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में तूफानी पारी खेली।
India A vs UAE: वैभव सूर्यवंशी की सुनामी, 28 गेंदों पर ठोका शतक

खबर विस्तार : -

India A vs UAE: राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में UAE के खिलाफ 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, इंडिया A के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विश्व क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक को पूरा तरह से हिलाकर रख दिया। क्रीज पर आते ही उन्होंने यूएई के गेंदबाजों की ऐसी धज्जियां उड़ाईं कि सिर्फ 28 गेंदों में तूफानी शतक लगाया। ये लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज शतक रहा। इस शानदार और आक्रामक पारी में उन्होंने 14 लंबे छक्के और 4 चौके लगाए यानी उन्होंने अपने शतक के सभी 100 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए बनाए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को एक धमाकेदार शुरुआत मिली। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 3.3 ओवरों में 68 रनों की साझेदारी की। इस दौरान, वैभव ने केवल 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 8 छक्के और एक चौका शामिल था। यह साझेदारी तब टूटी जब इबरार अहमद ने अभिषेक शर्मा (12 रन) को आउट कर दिया। अभिषेक के आउट होने के बाद भी वैभव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और 28 गेंदों में शतक ठोक दिया।

वैभव ने 11 साल पुराने डिविलियर्स का तोड़ा रिकॉर्ड

यह मैच 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला गया था, इसलिए वैभव सूर्यवंशी ने वनडे (ODI) और लिस्ट A क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज शतक का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले, पुरुषों के वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी AB डिविलियर्स के नाम था, जिन्होंने 18 जनवरी 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। वैभव ने 11 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और इसे 3 गेंदें और बेहतर कर दिया है। वे ऑल-टाइम रिकॉर्ड से बस एक गेंद दूर रह गए।

विश्व रिकॉर्ड बनाने से चुके

इसके साथ ही, वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट के इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। क्रिकेट में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने जून 2024 में साइप्रस के खिलाफ एक टी20 मैच में सिर्फ 27 गेंदों पर शतक बनाया था। वैभव, साहिल चौहान के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ने से बस एक गेंद से चूक गए।

ये भी पढ़ेंः- IND vs NZ: ऋषभ पंत ने ऐतिहासिक शतक जड़ा हिलाई रिकॉर्ड बुक, SENA देशों के खिलाफ ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

UAE पर निकाला पाकिस्तान का गुस्सा

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत, पिछले मैच की निराशा आज UAE के खिलाफ पूरी तरह से धुल गई है। पाकिस्तान A के खिलाफ हुए रोमांचक मुकाबले में, मोहम्मद इमरान ने वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ 11 रन पर आउट करके पवेलियन भेज दिया था। हालांकि, उस छोटी सी पारी के दौरान उन्होंने दो बाउंड्री जरूर लगाई थीं। पाकिस्तान के खिलाफ मिली उस हार के बाद, वैभव ने UAE के खिलाफ शानदार वापसी की है और एक रिकॉर्ड तोड़ने वाला शतक जड़ा है।

हरप्रीत भाटिया का शतक, UAE ने बनाए 249 रन

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी UAE की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। यूएई की शुरुआत खराब रही और हर्षित राणा ने पहले ही ओवर में आर्यनश शर्मा (2 रन) का विकेट ले लिया। दूसरे ओपनर अंश टंडन (8 रन) को अरशद खान ने पवेलियन भेज दिया। इसके बाद, हरप्रीत सिंह भाटिया और मुहम्मद शहादाद ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन जोड़कर पारी को संभाला। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे। 

लगातार विकेट गिरने के बावजूद, हरप्रीत सिंह भाटिया शानदार फॉर्म में रहे। उन्होंने 144 गेंदों पर 130 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल थे। भारत 'ए' की ओर से अरशद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट लिए। वहीं, हर्षित राणा, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे और सूर्यांश शेडगे ने एक-एक विकेट हासिल किया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

इंडिया-ए की प्लेइंग-11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, हर्षित राणा और अरशद खान।

संयुक्त अरब अमीरात की प्लेइंग-11: आर्यांश शर्मा, अंश टंडन, हरप्रीत सिंह भाटिया, मुहम्मद शाहदाद, एम आफताब आलम (विकेटकीपर), बासिल हमीद (कप्तान), ईथन डिसूजा, उदिश सूरी, इबरार अहमद, सिमरनजीत सिंह और जाहिद अली।

ये भी पढ़ेंः- SMAT 2026: प्रियांश आर्य ने बल्ले से मचाया कोहराम, T20 में 181 रनों की पारी खेल रचा इतिहास

अन्य प्रमुख खबरें