WTC Points Table: न्यूजीलैंड की बादशाहत खत्म, बांग्लादेश को रौंदकर नंबर वन टीम बनी दक्षिण अफ्रीका

खबर सार :-

दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच खेला गया, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने एकतरफा जीत हासिल की। ​​इसके साथ ही, दक्षिण अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है।
WTC Points Table: बांग्लादेश को रौंदकर टॉप पर पहुंची दक्षिण अफ्रीका

खबर विस्तार : -

WTC Points Table:  दक्षिण अफ्रीका ने पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है, जिससे न्यूजीलैंड का दबदबा खत्म हो गया है। दक्षिण अफ्रीका का जीत प्रतिशत अब 75% हो गया है। जबकि न्यूजीलैंड 72.22% जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 69.23% जीत प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि भारतीय टीम 51.52% जीत प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है।

WTC की अंक तालिका का हाल 

पहले टेस्ट में हार के बाद, बांग्लादेश का जीत प्रतिशत गिरकर 40.74% हो गया है, जिससे वे पांचवें स्थान पर आ गए हैं। इंग्लैंड 38.54% जीत प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज 27.38% जीत प्रतिशत के साथ सातवें स्थान पर है। जबकि श्रीलंका 15.48% जीत प्रतिशत के साथ आठवें स्थान पर है और  पाकिस्तान 3.33% जीत प्रतिशत के साथ सबसे नीचे है।

दक्षिण अफ्रीका को मिला था 12 रनों का टारगेट

मैच की बात करें तो पहले टेस्ट के पांचवें दिन, दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश द्वारा दिए गए 12 रनों के छोटे लक्ष्य को केवल एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। अपनी दूसरी पारी में, बांग्लादेश की पूरी टीम 168 रनों पर ऑलआउट हो गई। कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दोनों पारियों में कुल 8 विकेट लिए, जबकि साइमन हार्मर ने दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 400 रन बनाए थे, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 557 रन बनाकर 157 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की।

ये भी पढ़ेंः- IND vs NZ 1st Test: हेनरी निकोल्स का शतक, फिलिप्स की फिफ्टी, न्यूजीलैंड ने पहले दिन बनाए 243 रन

दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्केस एकरमैन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 157 रन बनाए। वहीं, रयान रिकेल्टन ने भी शतक लगाया और 102 रन बनाए। ज़ुबैर हमज़ा ने 83 रन बनाए, जबकि कप्तान टेम्बा बावुमा ने 68 रन का योगदान दिया। रबाडा, जिन्होंने इस मैच में 8 विकेट लिए, उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया और 72 रनों की शानदार पारी खेली। रबाडा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।

टेम्बा बावुमा ने रचा इतिहास

जोहान्सबर्ग में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीतकर टेम्बा बावुमा ने इतिहास रच दिया है। बावुमा कप्तान के तौर पर अपने पहले 16 मैचों में सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान लिंडसे हैसेट दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने पहले 16 मैचों में से 13 में जीत हासिल की थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के बिल वुडफुल, स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग 11-11 जीत के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। बेन स्टोक्स भी इसी स्थान पर हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के कप्तान के रूप में अपने पहले 16 मैचों में 11 जीत दर्ज की हैं।

ये भी पढ़ेंः- ICC ODI रैंकिंग में अर्शदीप सिंह ने लगाई लंबी छलांग, न्यूजीलैंड में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम

अन्य प्रमुख खबरें