18 साल का सफर, 5 ट्रॉफी और रिकॉर्ड्स का अंबार...धोनी के संन्यास के साथ 'खत्म हुआ 'थाला' युग !

खबर सार :-

IPL 2027 के लिए रिटेंशन प्रक्रिया के बीच, चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े आइकन ने अपने करियर को लेकर एक अहम फैसला लिया है। अब मैदान पर 'माही' किस नई भूमिका में नजर आएंगे?
18 साल का सफर और 5 ट्रॉफी, धोनी के संन्यास के साथ 'खत्म हुआ थाला युग

खबर विस्तार : -

MS Dhoni Retirement: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक खिलाड़ी के तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कह दिया है। 2008 में शुरू हुआ 'थाला' का यह सफर 18 साल बाद खत्म हो गया।  करीब दो दशक तक क्रिकेट के मैदान पर अपने चौंकाने फैसलों, शांत स्वभाव और मैच फिनिश करने के अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले 'थाला' ने मंगलवार (17 नवंबर 2026) को IPL से संन्यास की घोषणा कर दी। हालांकि, धोनी ने चेन्नई का साथ नहीं छोड़ा है, वह अब टीम के मेंटर के रूप में काम करेंगे और युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगे।

'माही' ने IPL से भले ही संन्यास ले लिया हो लेकिन उनके आंकड़े इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक की कहानी बताते हैं। CSK को 5 बार चैंपियन बनाने से लेकर विकेटकीपिंग और कप्तानी में बेहतरीन रिकॉर्ड बनाने तक, लीग में धोनी का योगदान सिर्फ उनकी बल्लेबाजी के आंकड़ों से कहीं ज्यादा है। आइए, लीग में उनके रिकॉर्ड तोड़ने वाले आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

18 साल का सफर, 11 फाइनल और 5 ट्रॉफी

कैप्टन कूल धोनी (MS Dhoni) के IPL करियर के आंकड़े इस टूर्नामेंट में उनके लंबे और शानदार सफर को दर्शाते हैं। 19 सीजन के दौरान, उन्होंने अपनी टीम को 13 बार प्लेऑफ तक पहुंचाया और 11 बार फाइनल में जगह बनाई, जिसमें उन्होंने 5 IPL ट्रॉफियां जीतीं। उनकी कप्तानी में, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब अपने नाम किया। खास बात यह है कि 2018 में, दो साल के प्रतिबंध के बाद वापसी करते हुए CSK ने खिताब जीता। एक ऐसी जीत जिसने धोनी और चेन्नई फ़्रैंचाइजी के बीच के रिश्ते को और भी मजबूत कर दिया।

ये भी पढ़ेंः- MS Dhoni Retirement: IPL से महेंद्र सिंह धोनी ने लिया संन्यास, CSK में अब निभाएंगे मेंटर की भूमिका

थाला ने लगाया IPL में रिकॉर्ड्स का अंबार

धोनी ने IPL में अपनी कप्तानी के साथ-साथ अपनी बल्लेबाजी से भी गहरा प्रभाव डाला। अपने पूरे IPL करियर में, धोनी ने 278 मैच खेले और 38.30 की औसत से 5,439 रन बनाए। जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनके नाम 264 छक्के और 375 चौके है। हालांकि उन्होंने IPL में कभी शतक नहीं लगाया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन रहा।

  • IPL करियर: 19 सीजन
  • प्लेऑफ में मौजूदगी: 13 बार
  • फाइनल में मौजूदगी: 11 बार
  • IPL ट्रॉफियां: 5
  • कुल रन: 5,439
  • अर्धशतक: 24

धोनी पहले सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी

IPL के सबसे पहले सीजन 2008 में महेंद्र सिंह धोनी सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे। उस समय, चेन्नई सुपर किंग्स ने 1.5 मिलियन (लगभग 6 करोड़) की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। तब से लेकर 2026 तक धोनी की सैलरी में कई बड़े उतार-चढ़ाव आए और उन्होंने इस लीग से कुल मिलाकर लगभग 201.06 करोड़ रुपये की कमाई की।

सबसे ज्यादा मैचों में की टीम की कप्तानी 

टूर्नामेंट के इतिहास में सभी कप्तानों में उनका रिकॉर्ड सबसे बेहतरीन है। धोनी ने 235 IPL मैचों में टीम की कप्तानी की जो किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा है । इस दौरान उन्होंने 136 जीत हासिल कीं। चेन्नई के साथ अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने टीम को पांच खिताब जिताए: 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में। पांच बार IPL जीतने वाले कप्तान के रूप में अपना करियर समाप्त किया। उन्होंने कुल सात ट्रॉफियां जीतीं (जिसमें एक चैंपियंस लीग T20 खिताब भी शामिल है)। हालांकि IPL खिताबों की संख्या (पांच-पांच) के मामले में वे रोहित शर्मा के बराबर हैं।

धोनी ने 205 खिलाड़ियों को किया आउट 

उनका योगदान केवल कप्तानी और बल्लेबाजी तक ही सीमित नहीं था। एक विकेटकीपर के रूप में, धोनी ने 205 खिलाड़ियों को आउट किया (जिसमें 158 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं)। यह टूर्नामेंट में किसी भी विकेटकीपर द्वारा किया गया सबसे बड़ा आंकड़ा है।

पांच अलग-अलग क्रमों पर जड़ा अर्धशतक 

धोनी ने पांच अलग-अलग बल्लेबाजी क्रमों पर अर्धशतक बनाए, जो पारी की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढालने की उनकी क्षमता को दर्शाता है। उनके नाम IPL में एक कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के (218) लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

ये भी पढ़ेंः- IPL 2027: रिटेंशन के आखिरी दिन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आई बुरी खबर, आईपीएल के इस सीजन से बाहर हुआ यह दिग्गज प्लेयर

अन्य प्रमुख खबरें