ICC ODI रैंकिंग में अर्शदीप सिंह ने लगाई लंबी छलांग, न्यूजीलैंड में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम

खबर सार :-

ICC की ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 स्थानों की बड़ी छलांग लगाई है। अब वे अक्षर पटेल के साथ संयुक्त रूप से 19वें स्थान पर हैं।
ICC ODI रैंकिंग में अर्शदीप सिंह ने लगाई लंबी छलांग

खबर विस्तार : -

ICC ODI Rankings: भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (18 नवंबर) को ताजा रैंकिंग जारी की है। जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बड़ा इनाम मिला है। वह 12 पायदान की लंबी छलांग लगाकर आईसीसी वनडे बॉलिंग रैंकिंग में संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी 19वें पायदान पर हैं। दोनों के पास 567-567 रेटिंग प्वाइंट्स मौजूद हैं। 

जोफ्रा आर्चर की टॉप-10 में वापसी 

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी 15 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 12वें नंबर पर आ गए हैं, जबकि उनके साथी खिलाड़ी काइल जैमीसन 15 स्थान की बढ़त के साथ 45वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भी वनडे गेंदबाजों की टॉप 10 सूची में वापसी की है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में एक-एक विकेट लेने के बाद, वह चार स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। फिलहाल फगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान 50 ओवर के फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। 

टॉप 10 में कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं

रैंकिंग में टॉप 10 खिलाड़ियों पर नजर डालें तो इसमें कोई भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है। जबकि टॉप 5 में पाकिस्तान के दो गेंदबाज शामिल हैं। फिलहाल अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान 760 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। जबकि दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज 660 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी क्रमश तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। अबरार के 642 रेटिंग पॉइंट्स के साथ तीसरे और शाहीन के 621 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान  हैं। जबकि न्यूजीलैंड के मिशेल सैंटनर 610 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

ये भी पढ़ेंः- 18 साल का सफर, 5 ट्रॉफी और रिकॉर्ड्स का अंबार...धोनी के संन्यास के साथ 'खत्म हुआ 'थाला' युग !

ODI बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा बना हुआ है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल 806 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल 778 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद, भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 757 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान चौथे स्थान पर हैं, जबकि भारत के रोहित शर्मा पांचवें स्थान पर हैं। जादरान के पास 752 रेटिंग पॉइंट्स हैं, और 'हिटमैन' के पास 732 हैं। वेस्टइंडीज के शाई होप 710 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं। वहीं बेन डकेट 7वें, बाबर आजम 8वें स्थान पर। वहीं जो रूट भी टॉप 10 में वापस आ गए हैं। 652 प्लॉइंट के साथ जो रूट 9वें स्थान पर आ गए हैं। जबकि श्रीलंका के कुसल मेंडिस 10वें स्थान पर हैं।

टॉम बैंटन को भी हुआ फायदा

इसके अलावा इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन को भी ताजा रैंकिंग में फायदा मिला है। उन्होंने एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में मैच जिताऊ शतक लगाया। उन्होंने 99 गेंदों पर 121 रन बनाए, जो उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था। उनकी इस पारी की मदद से इंग्लैंड सीरीज बराबर करने में सफल रहा। बैंटन बल्लेबाजी रैंकिंग में 34 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ, 13वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।  

5वें वनडे में 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए थे अर्शदीप

गौरतलब है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें वनडे में, अर्शदीप सिंह ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 30 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि बल्लेबाजी में उन्होंने सिर्फ 4 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें दो छक्के भी शामिल थे। इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। भारतीय टीम ने यह सीरीज 3-1 से अपने नाम की।

ये भी पढ़ेंः- IPL 2027: रिटेंशन के आखिरी दिन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आई बुरी खबर, आईपीएल के इस सीजन से बाहर हुआ यह दिग्गज प्लेयर

अन्य प्रमुख खबरें