IND vs NZ 1st Test: हेनरी निकोल्स का शतक, फिलिप्स की फिफ्टी, न्यूजीलैंड ने पहले दिन बनाए 243 रन

खबर सार :-

IND vs NZ 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुक़ाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेला जा रहा है; पहले दिन का खेल खत्म होने तक, मेजबान न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए थे।
IND vs NZ 1st Test: हेनरी शतक, न्यूजीलैंड ने पहले दिन बनाए 243 रन

खबर विस्तार : -

IND vs NZ 1st Test: टी20 और वनडे सीरीज के बाद गुरुवार से न्यूजीलैंड और भारत के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज हो गया है। गुरुवार से वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। पहला दिन मिला-जुला रहा। शुरुआती सत्र में जहां भारतीय तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा, वहीं बाद में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने शानदार वापसी की। गुरुवार को खेल खत्म होने तक, न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए थे। हेनरी निकोल्स (113*) और ग्लेन फिलिप्स (94*) नाबाद रहे, जिन्होंने 173 रनों की साझेदारी की। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए। जबकि आकाश दीप और अंशुल कंबोज को एक-एक विकेट मिला।

भारत के नाम रहा पहला सत्र

वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती सत्र में भारतीय तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा। ओपनर टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे जल्दी आउट हो गए लैथम 0 पर और कॉनवे 4 रन पर पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर आए हेनरी निकोल्स ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम तब और मुश्किल में पड़ गई जब रचिन रवींद्र (15), डेरिल मिशेल (1) और विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल (5) भी आउट हो गए। 

निकोल्स- फिलिप्स ने कराई न्यूजीलैंड की वापसी

70 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी मेजबान टीम की मुश्किल में दिख रही थी। यहां से हेनरी निकोल्स ने सातवें नंबर पर आए ग्लेन फिलिप्स के साथ न्यूजीलैंड को संभाला और तेजी से रन बनाए।  इन दोनों ने मिलकर अब तक 173 रनों की अटूट साझेदारी कर ली है, जिससे टीम का स्कोर 243/5 तक पहुंच गया है। दोनों बल्लेबाजों ने लगातार दो सेशन तक भारतीय गेंदबाजी का डटकर सामना किया और न्यूजीलैंड को एक नाजुक स्थिति से निकालकर सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया।

ये भी पढ़ेंः- ICC ODI रैंकिंग में अर्शदीप सिंह ने लगाई लंबी छलांग, न्यूजीलैंड में दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम

हेनरी निकोल्स ने ठोका शतक 

पहले दिन हेनरी निकोल्स ने शानदार शतक लगाया है। वह फिलहाल 221 गेंदों में 113 रन बनाकर नाबाद हैं, जिसमें 14 बाउंड्री शामिल हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक है। वहीं ग्लेन फिलिप्स भी शतक के करीब हैं और 182 गेंदों में 94 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे दिन सबकी नजरें फिलिप्स पर होंगी, जो अपने शतक तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। हालांकि 74वें ओवर में हेनरी निकल्स को जीवनदान मिला। 

प्रसिद्ध कृष्णा की शॉर्ट गेंद पर निकल्स ने पुल किया। लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में गई। वहीं बैकवर्ड स्क्वेयर लेग से देवदत्त पडिक्कल और विकेटकीपर ऋषभ पंत कैच लेने दौड़े। दोनों के बीच तालमेल नहीं बना और पडिक्कल ने आसान कैच छोड़ दिया।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए, जबकि अंशुल कंबोज और आकाश दीप को 1-1 विकेट मिला। पहले सेशन में न्यूजीलैंड पर हावी रहने वाले भारतीय गेंदबाज, आखिरी दो सेशन में संघर्ष करते नजर आए।

जडेजा को प्लेइंग 11 में नहीं मिली जगह

इससे पहले, भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो अहम खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया। अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं, उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी इस टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।

न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।

ये भी पढ़ेंः- MS Dhoni Retirement: IPL से महेंद्र सिंह धोनी ने लिया संन्यास, CSK में अब निभाएंगे मेंटर की भूमिका

अन्य प्रमुख खबरें