AUS vs ENG: निखिल चौधरी ने गेंद के साथ बल्ले से भी किया शानदार प्रदर्शन, 3 विकेट से जीता ऑस्ट्रेलिया

खबर सार :-

आस्ट्रेलिया ने निखिल चौधरी के आलराउंडर प्रदर्शन से पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया। पहले बालिंग में निखिल ने दो विकेट लिए और उसके बाद बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों पर 66 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
निखिल चौधरी ने पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को दिलायी 3 विकेट से जीत

खबर विस्तार : -

AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले T20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के 188 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। जेक फ्रेजर-मैकगर्क सिर्फ एक रन पर लियाम डॉसन की गेंद पर आउट हो गए। हालांकि, कप्तान मिशेल मार्श और सैम हार्मर ने जिम्मेदारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। हार्मर सिर्फ 15 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, मार्श 32 गेंदों पर 37 रन बनाकर सैम कुरेन की गेंद पर लियाम डॉसन को कैच दे बैठे।

निखिल ने खेली 38 गेंदों पर 66 रनों की दमदार पारी

हालांकि, बॉलिंग डिपार्टमेंट में दो विकेट लेने के बाद चौथे नंबर पर बैटिंग कर रहे निखिल चौधरी ने एक तरफ विकेट गिरने के बावजूद एक छोर संभाले रखा और 32 गेंदों में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। निखिल 38 गेंदों पर 66 रन की दमदार पारी खेलकर पारी के 18वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने इस पारी में 173 के स्ट्राइक रेट से खेला और 6 चौके और 2 छक्के लगाए। टिम डेविड ने 13 गेंदों पर 20 रन बनाए। लैकलन शॉ (5 रन) और जोएल डेविस (1 रन) ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलियाई पारी के 19वें ओवर में, विल जैक्स अपनी ही गेंद पर बेन ड्वारशुइस के एक ज़ोरदार शॉट को रोकने की कोशिश में बुरी तरह घायल हो गए, जिसके कारण वह अपना ओवर भी पूरा नहीं कर सके और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। हेनरी क्रोकोम्बे ने 19वां ओवर पूरा किया।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ Test Day 3: केएल राहुल का शतक, 98 रन पर आउट हुए गिल, भारत को मिली 118 रन की बढ़त

आखिरी ओवर में जैक एडवर्ड्स ने दिलायी जीत

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। लेकिन, जैक एडवर्ड्स ने ओवर की पहली गेंद पर ज़बरदस्त छक्का लगाया। अगली चार गेंदों पर पांच रन जोड़कर एडवर्ड्स ने ऑस्ट्रेलिया की जीत पक्की कर दी। एडवर्ड्स 11 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाकर 25 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स ने दो विकेट लिए, जबकि लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन और सैम कुरेन ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले, इंग्लैंड ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 187 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही, उसने फिल साल्ट (0) और एन्यूरिन डोनाल्ड को सस्ते में खो दिया।

हैरी ब्रूक ने 20 गेंदों पर बनाया रिकॉर्ड अर्धशतक 

हालांकि, इसके बाद इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला और टॉम बैंटन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 97 रन की ज़बरदस्त पार्टनरशिप की। ब्रूक ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 28 गेंदों में 4 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर निखिल चौधरी का शिकार बने। जबकि, बैंटन 22 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन ने 21 रन का योगदान दिया, जबकि जॉर्डन कॉक्स ने 20 गेंदों में 27 रन बनाए। हालांकि, विल जैक्स बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 3 रन बनाकर आउट हो गए। लियाम डॉसन ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए जैक एडवर्ड्स ने 3 ओवर में 27 रन देकर दो विकेट लिए। जबकि, निखिल चौधरी ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 2 विकेट लिए।

ये भी पढ़ें- इंग्लिश कैप्टन ब्रूक की तूफानी पारी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड ने बनाया टी20 पावर प्ले का सबसे बड़ा स्कोर

अन्य प्रमुख खबरें