पूनम राउत ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास, भावुक पोस्ट कर प्रशंसकों का जताया आभार

खबर सार :-

Poonam Raut Retirement: भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम राउत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। 2009 में अपने करियर की शुरुआत करने वाली पूनम ने अपने करियर के दौरान 73 वनडे, 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय और चार टेस्ट मैच खेले।
पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

खबर विस्तार : -

Poonam Raut Retirement: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके साथ ही उनके एक दशक से अधिक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लग गया। 37 वर्षीय दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2009 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और आखिरी बार 2021 में देश के लिए खेली थीं। वह लंब से समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहीं थी।

पूनम ने किया भावुक पोस्ट

गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट में पूनम ने लिखा, "काफी सोच-विचार के बाद, मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। मेरे लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं रहा, इसने मेरे व्यक्तित्व को गढ़ा है और मुझे मुश्किल समय में भी डटे रहना सिखाया है। इसने मुझे ऐसी यादें दी हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। जब भी मैंने भारतीय जर्सी पहनी, तो मैंने इसे बहुत गर्व और कृतज्ञता के साथ पहना।"

पूनम ने कहा, "2017 ICC महिला क्रिकेट विश्व कप मेरे करियर के सबसे अहम पलों में से एक रहेगा। भले ही हम ट्रॉफी नहीं जीत पाए, लेकिन उस टूर्नामेंट ने भारत में महिला क्रिकेट की तस्वीर बदल दी। इसने युवा लड़कियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया और हमारे खेल के भविष्य को एक नई दिशा दी। मुझे हमेशा इस बात पर गर्व रहेगा कि मैं उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा थी। मैं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे सबसे ऊंचे स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। भारतीय जर्सी पहनना एक सपने के सच होने जैसा था, और मुझे जो भरोसा और समर्थन मिला, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।"

ये भी पढ़ेंः- जिम्बाब्वे के खिलाफ T20-ODI Series के लिए भारतीय महिला टीम की कमान संभालेंगी स्मृति मंधाना... जानें रिकॉर्ड

प्रशंसकों और साथियों का जताया आभार

उन्होंने आगे कहा, "मैं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का भी दिल से धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मेरे शुरुआती दिनों में मुझ पर भरोसा जताया। वहां मुझे जो मौके और मार्गदर्शन मिले, उसी से मेरे क्रिकेट सफर की नींव पड़ी। मैं भारतीय रेलवे की भी बहुत आभारी हूं, जो मेरे लिए दूसरे परिवार की तरह रहा है जिसने मेरे पूरे करियर में मेरा साथ दिया। रेलवे ने मुझे एक मजबूत और अनुशासित क्रिकेटर बनाने में मदद की; उनके अटूट समर्थन के लिए मैं हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहूंगी।"

पूनम ने कहा, "इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। क्रिकेट ने मुझे जीवन भर के दोस्त, अनमोल सीख और ऐसी यादें दी हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। उन सभी प्रशंसकों का धन्यवाद, जो मेरी हर सफलता और चुनौती के समय मेरे साथ खड़े रहे। आपके प्यार और प्रोत्साहन को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भले ही एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में मेरा सफर अब खत्म हो रहा है, लेकिन इस खेल के लिए मेरा प्यार कभी कम नहीं होगा। मैं आगे भी क्रिकेट के लिए कुछ करना चाहूंगी और इसके भविष्य के विकास में अपना योगदान देना चाहूंगी। इस शानदार सफर का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। धन्यवाद, क्रिकेट। जय हिंद।

पूनम रावत का करियर

मुंबई की रहने वालीं पूनम ने मार्च 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे (ODI) डेब्यू किया था। अपने 73 मैचों के वनडे करियर में, उन्होंने 34.83 की औसत से 2,299 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने 35 टी20 मैचों में 719 रन बनाए और भारत के लिए चार टेस्ट मैचों में 264 रन जोड़े। पूनम उस भारतीय टीम का हिस्सा थीं, जो इंग्लैंड में आयोजित 2017 वनडे विश्व कप में उपविजेता रही थी। अपने पूरे करियर के दौरान, उन्होंने तीन वनडे विश्व कप और चार टी20 विश्व कप में हिस्सा लिया। 

प्रारूप (Format) मैच (Matches) रन (Runs)
वनडे (ODI) 73 2299
टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) 35 719
टेस्ट (Test) 4 264

2017 महिला विश्व कप में किया शानदार प्रदर्शन

पूनम राउत के करियर का सबसे यादगार दौर 2017 महिला वनडे विश्व कप था, जिसमें भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची थी। पूनम ने इस टूर्नामेंट में 381 रन बनाए और टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में, उन्होंने 86 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, भारतीय टीम उस रोमांचक मुकाबले में नौ रनों से हार गई और विश्व चैंपियन बनने से चूक गई, लेकिन फिर भी यह टूर्नामेंट पूनम के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। इसी विश्व कप के दौरान, उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ एक शतक (109 रन) भी लगाया। उस मैच में, उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 320 रनों की साझेदारी की यह साझेदारी महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे ऐतिहासिक साझेदारियों में से एक मानी जाती है।

ये भी पढ़ेंः- IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच बनने पर युवराज सिंह ने जताई खुशी

अन्य प्रमुख खबरें