Ind vs NZ 2nd Test Day 2: न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन मैच में कसा शिकंजा, भारत ने 116 रनों पर गंवाए 6 विकेट

खबर सार :-

India vs New Zealand 2nd Test, Day 2 : भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मैच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला जा रहा है। आज इस मुक़ाबले का दूसरा दिन है। मैच में न्यूजीलैंड अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
Ind vs NZ : न्यूजीलैंड ने मैच में कसा शिकंजा, 116 रन पर भारत के 6 विकेट गिरे

खबर विस्तार : -

Ind vs NZ 2nd Test Day 2: भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का निर्णायक दूसरा टेस्ट  क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला जा रहा है। दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने मैच में शिकंजा कस लिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में 116 पर 6 विकेट गंवा दिए हैं। ध्रुव जुरैल 45 गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद लौटे।  भारतीय टीम न्यूजीलैंड से अभी 240 रन पीछे है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। आकाशदीप सिंह ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए थे।

यशस्वी-गिल और पडिक्कल सस्ते में लौटे

 भारतीय टीम की पहली पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल अपना खाता भी नहीं खोल सके और मैट हेनरी की एक बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े, जिसमें पडिक्कल ने 20 गेंदों पर 21 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 17 रन बनाकर आउट हो गए। केएल राहुल ने 80 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए, जिसके बाद वे जैकब डफी का शिकार बने। 

हालांकि ऋषभ पंत ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वे इसे एक बड़ी पारी में नहीं बदल सके; वे 39 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। वाशिंगटन सुंदर दिन की आखिरी गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारत अभी न्यूजीलैंड के स्कोर से 240 रन पीछे है और उसके पास केवल 4 विकेट बचे हैं। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी की और 8 ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 2 विकेट लिए। काइल जैमीसन ने भी 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि मैट हेनरी और नाथन स्मिथ को एक-एक विकेट मिला।

ये भी पढ़ेंः- IND-A vs SL-A: सितारों से सजी भारतीय टीम का टूटा सपना, इंडिया ए को हराकर फाइनल में पहुंचा श्रीलंका

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 356 रन

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने सुबह 246/5 के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उसने 110 रन बनाने में आखिरी 5 विकेट गंवाए। न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी में 356 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी। टीम के लिए टॉम ब्लंडेल ने सबसे अहम पारी खेली, जिसमें उन्होंने 89 रन बनाए और 10 चौके जड़े। जबकि कप्तान टॉम लैथम ने भी 59 रन बनाकर अहम योगदान दिया। इसके अलावा, ग्लेन फिलिप्स 36 और डेवोन कॉनवे ने 31 रन जोड़े।

आकाश दीप ने झटके पांच विकेट

भारत की ओर से गेंदबाजी में आकाश दीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31.1 ओवर के स्पेल में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वह भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका पहला 5विकेट हॉल है। वहीं, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ ने न्यूजीलैंड के दो-दो विकेट लिए। हालांकि, जसप्रीत बुमराह अपनी लय से भटके हुए नजर आए। बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान 26 ओवर का स्पेल फेंका और वह कोई भी विकेट नहीं निकाल सके। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह महज तीसरा मौका है, जब बुमराह 26 ओवर गेंदबाजी करने के बावजूद कोई विकेट नहीं चटका सके हैं। इससे पहले, साल 2021 में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बुमराह 26 ओवर में 79 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके थे।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार।

न्यूजीलैंड - डेवोन कॉन्वे, टॉम लैथम (कप्तान), हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी,  मैट हेनरी।

ये भी पढ़ेंः- IND vs NZ 2nd Tes: ब्लंडेल-फिलिप्स की जोड़ी नहीं तोड़ पाया भारत, न्यूजीलैंड ने पहले दिन 5 विकेट पर बनाए 246

अन्य प्रमुख खबरें