IND W vs PAK W: भारतीय गेंदबाजों ने किया कमाल, हार के साथ पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

खबर सार :-

IND W vs PAK W: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बड़ा मुक़ाबला हुआ। इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया।
IND W vs PAK W: हार के साथ पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

खबर विस्तार : -

Pakistan vs India Womens Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के 9वें मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंद दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए, पूरी पाकिस्तानी टीम सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। जिसे टीम इंडिया ने बहुत ही आसानी के साथ 7 विकेट से जीत लिया। इस निराशाजनक प्रदर्शन के साथ पाकिस्तान ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बनाया। 

55 रनों पर सिमट गई पाकिस्तान

इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन भारतीय टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर फातिमा सना के फैसले को गलत साबित कर दिया। पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। मुनीबा 13 रन पर आउट हो गईं, जबकि जुल्फिकार 14 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं।

भारत के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजों का 'सरेंडर'

इसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप बुरी तरह लड़खड़ा गई। गुल फिरोजा बिना खाता खोले ही आउट हो गईं। आयशा जफर सिर्फ 2 रन बना सकीं, जबकि सदाफ शमास 3 रन पर क्लीन बोल्ड हो गईं। कप्तान फातिमा सना भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई और खाता खोले बिना दीप्ति शर्मा का शिकार बनीं। मिडिल ऑर्डर का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सका; एमान फातिमा ने 5 रन और उम्म-ए-हानी ने 6 रन बनाए। तूबा हसन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। टीम के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई।

भारत की स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्री चरानी ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रेमा रावत ने भी 9 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर दो विकेट लिए। शेफाली वर्मा ने भी एक विकेट लिया। भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 56 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर (18*) और दीप्ति शर्मा (12*) नाबाद रहीं। श्री चरनी ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है।

ये भी पढ़ेंः- Pakistan vs Thailand: एशिया कप में मुनीबा अली ने बचाई पाकिस्तान की लाज, गिरते-पड़ते थाईलैंड को हराया 

पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

इस हार के साथ ही पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पाकिस्तान ने 4.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए थे और ऐसा लग रहा था कि वे एक बड़ा स्कोर खड़ा करेंगे। लेकिन इसके बाद पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई। यानी, उन्होंने सिर्फ 28 रन और जोड़कर अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए। इसके साथ ही, उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

55 रन T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले, 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी पाकिस्तानी टीम 56 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय स्पिनरों के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस मैच से पहले, भारत के खिलाफ पाकिस्तान का सबसे कम स्कोर 63 रन था, जो 2012 में बना था। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अब उस रिकॉर्ड को बेहतर कर दिया है।

4 सालों से भारत से एक भी मैच नहीं जीता पाकिस्तान

गौरतलब है पिछले चार सालों में पाकिस्तान भारत के खिलाफ एक भी जीत हासिल नहीं कर पाया है। उनकी पुरुष टीम ने आखिरी बार 2022 एशिया कप में भारत को हराया था, जबकि महिला टीम का रिकॉर्ड तो और भी खराब है। जब भी दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होती हैं, तो भारतीय खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे दिखते हैं, जबकि पाकिस्तान की टीम मैच शुरू होने से पहले ही घबराई हुई नज़र आती है।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

टीम इंडिया: भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़

पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एयमान फातिमा, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल

ये भी पढ़ेंः- IND W vs HKC W: मंधाना ने शतक जड़ा लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल में भारत

अन्य प्रमुख खबरें