IND-W vs ZIM-W T20: तूफानी पारी के बाद भावुक हुईं हरमनप्रीत, मैदान पर छलके आंसू, भारत ने 3-0 से किया सूपड़ा साफ

खबर सार :-

हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में नाबाद 91 रन बनाए। पिछले 10 मैचों में अर्धशतक न लगा पाने वालीं हरमनप्रीत, पारी के बाद बातचीत के दौरान भावुक हो गईं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने टी-20 सीरीज में किया क्लीन स्वीप, भावुक हुईं हरमनप्रीत

खबर विस्तार : -

IND-W vs ZIM-W 3rd T20: भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला मंगलवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से रौंदकर टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया। इस मुकाबले भारत की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 91 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि इस दौरान हरमनप्रीत भावुक हो गई और मैदान पर ही रो पड़ी।

शेफाली-अनुष्का ने टीम को दिलाई तेज शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर कुल 216 रन बनाए। हालांकि इस मैच में स्मृति मंधाना ने ओपनिंग की जिम्मेदारी अनुष्का शर्मा को सौंपी। शेफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी की। अनुष्का 20 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुईं, जिसमें 5 बाउंड्री शामिल थीं। 68 के स्कोर पर भारत ने निक्की प्रसाद (9) का विकेट गंवा दिया।

हरमनप्रीत ने की जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई

इसके बाद हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आईं और शेफाली वर्मा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 84 रन जोड़े, जिससे टीम का कुल स्कोर 152 तक पहुंच गया। शेफाली 37 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुईं, जिसमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इसके बाद, पूर्व कप्तान कौर ने ऋचा घोष (1) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए सिर्फ 14 गेंदों में 28 रन जोड़े और टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

हरमनप्रीत कौर 41 गेंदों में 91 रन बनाकर नाबाद रहीं; उनकी इस पारी में 5 छक्के और 10 चौके शामिल थे। वहीं पिछले 10 मैचों में अर्धशतक न लगा पाने के बाद, हरमनप्रीत पारी के बाद बातचीत के दौरान भावुक हो गईं। उन्होंने पूर्व कोच डब्ल्यूवी रमन के शब्दों और बैटिंग कोच हिमांशु की कड़ी मेहनत के लिए आभार जताया। जिम्बाब्वे की ओर से बिलेव्ड बिज़ा ने सबसे ज्यादा (3) विकेट लिए, जबकि नोमवेलो सिबांडा, न्याशा ग्वांज़ुरा और तेंडई मकुशा ने एक-एक विकेट लिया।

ये भी पढ़ेंः- प्रज्ञान ओझा बने भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर, सेलेक्शन कमेटी में रमेश पोवार की भी हुई एंट्री

124 रन ही बना सकी जिम्बाब्वे की टीम

जवाब में, जिम्बाब्वे की टीम अपने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर केवल 124 रन ही बना सकी। मेहमान टीम ने पहली ही गेंद पर केलिस न्धलोवु (0) का विकेट गंवा दिया, और जब स्कोर 12 रन तक पहुंचा, तब तक मोडेस्टर मुपाचिकवा (1) भी आउट हो चुकी थीं। सिर्फ 12 रन पर दो विकेट गिरने के बाद, ओपनिंग बल्लेबाज शार्ने मायर्स ने बीजा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 78 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी की और पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, इस कोशिश के कारण रन बनाने की गति काफी धीमी हो गई, और अंततः टीम अपने निर्धारित 20 ओवरों में 124/7 के स्कोर तक ही सीमित रह गई।

नंदनी शर्मा ने झटके तीन विकेट

मायर्स 49 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुईं; उनकी इस पारी में चार छक्के और चार चौके शामिल थे। वहीं, बीजा ने 50 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें पांच बाउंड्री शामिल थीं। इनके अलावा, कोई भी अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने अपने 4 ओवरों में 18 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद ने एक-एक विकेट हासिल किया।  इस जीत के साथ ही स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया। अब दोनों देशों के बीच 23, 25 और 28 अक्टूबर को तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएंगी।

सीरीज जीतने के बाद क्या बोलीं कप्तान मंधाना

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद, कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, "हमने तीनों मैचों में अपना दबदबा बनाए रखा। हम वनडे सीरीज में भी ऐसा ही प्रदर्शन दोहराना चाहते हैं। हमने ड्रेसिंग रूम में इस बारे में बात की है, और हम वडोदरा में होने वाले वनडे मैचों में भी इसी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।"

मंधाना ने आगे कहा, "बल्लेबाजी शानदार रही। शुरुआत अनुष्का ने की, फिर शेफाली और उसके बाद हरमन आईं सभी ने योगदान दिया। गेंदबाजों ने भी अपनी योजनाओं को बखूबी लागू किया। हालाँकि, कुछ ऐसी चीजें हैं जिनमें हम सुधार कर सकते हैं, और हम उन पर काम करेंगे।"

ये भी पढ़ेंः- IND vs NZ T20: न्यूजीलैंड की धरती पर 2019 से 'अजेय' है टीम इंडिया, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड और पिच रिपोर्ट

अन्य प्रमुख खबरें