हमें नहीं थी फॉलोऑन की उम्मीद, नहीं बन पायी कोई साझेदारी, हम परफेक्ट बैटिंग यूनिट नहीं: एंड्रयू मैकडोनाल्ड

खबर सार :-

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। आस्ट्रेलिया टीम के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि हमें फॉलोऑन की उम्मीद नहीं थी। पारी के दौरान कोई साझेदारी नहीं बन पायी। हम परफेक्ट बैटिंग यूनिट नहीं हैं।
दूसरे टेस्ट मैंच में कंगारू टीम पर मंडरा रहा पारी की हार का खतरा

खबर विस्तार : -

AUS vs SA: आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने जहां शुरूआती झटकों से उबरते हुए 425 रनों का स्कोर खड़ा किया तो वहीं दूसरी ओर कंगारू टीम पहली पारी में 100 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। प्रोटियाज गेंदबाजों की शानदार बोलिंग के आगे कंगारू बल्लेबाज 99 रनों पर ही धराशाई हो गए। दूसरी पारी में फालोआन खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 156 रनों पर ही 4 विकेट गंवा दिए हैं। गुरुवार दूसरे टेस्ट का पांचवां और आखिरी दिन है और कंगारू टीम पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। कंगारू टीम के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमजोरी को स्वीकार किया है। 

दक्षिण अफ्रीका के शानदार प्रदर्शन को देना होगा श्रेय 

दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कंगारू टीम के पहली पारी में 99 रन पर आउट होने को लेकर कहा, पहली पारी के दौरान हमारी टीम कोई साझेदारी नहीं बना पायी। इससे साफ है कि हमारी बल्लेबाजी एक परफेक्ट बैटिंग यूनिट नहीं है। कई कमियां हैं। यहां पर  हमें फॉलोऑन की उम्मीद नहीं थी। हमें उम्मीद थी कि बल्लेबाजी के लिए सरफेस अच्छा है। हमें दक्षिण अफ्रीकी टीम के शानदार प्रदर्शन को श्रेय देना होगा। हेड कोच ने कहा कि प्रोटियाज ने शुरूआत में ही रफ्तार पकड़ ली और कंगारू टीम की कमियां उजागर कर दीं। हालांकि, मैं फिर भी मानता हूं कि हम उनसे बेहतर हैं, लेकिन वर्तमान हालात में मैं खुद कंगारू टीम का बचाव नहीं कर सकता हूं। 

एक सप्ताह पूर्व तक बहुत अच्छी टीम थे 

हेड कोच मैकडोनाल्ड ने कहा कि एक हफ्ते पहले तक हम वास्तव में एक एक बहुत अच्छी टीम थे। हम अभी यहीं बैठे हैं और हम एक ऐसी टीम का बचाव करना शुरू कर रहे हैं जिसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। यह वही टीम है जो लंबे समय से निरंतरता के साथ बेहतर प्रदर्शन कर रही है। इसलिए खराब प्रदर्शन के दौर में मैं किसी को भी अकेला नहीं छोड़ सकता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे प्लेयर आखिरी दिन मैच को पलट सकते हैं। दूसरे टेस्ट मैच में ऐसा नहीं होता है तो हम केपटाउन में खुद को रिचार्ज कर आगे बढ़ कर लीड करेंगे। 

ये भी पढ़ें- IND-W vs ZIM-W T20: तूफानी पारी के बाद भावुक हुईं हरमनप्रीत, मैदान पर छलके आंसू, भारत ने 3-0 से किया सूपड़ा साफ

आखिरी दिन मैच ड्रा कराने पर होगा कंगारू टीम का फोकस

कंगारू टीम दूसरे टेस्ट मैच के आखिरी दिन गुरुवार को जब मैदान पर खेलने उतरेगी तो उसका पूरा ध्यान मैच को ड्रा कराने पर होगा। दूसरी पारी में कंगारू टीम के 4 विकेट 156 रनों पर गिर चुके हैं। पारी की हार टालने के लिए कंगारूट टीम को अभी भी 170 रन बनाने हैं। कंगारू टीम के लिए बस एक अच्छी बात यह है कि उसके सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड 87 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी को क्रीज पर आना बाकी है। कप्तान पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क में भी बल्लेबाजी करने की काफी क्षमताएं हैं। दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहली पारी में 425 रन बनाए थे। 

11 हजार टेस्ट रन बनाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ

साउथ अफ्रीका के साथ गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, इस टेस्ट मैच में आस्ट्रेलियाई टीम के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने खास उपलब्धि हासिल की है। आस्ट्रेलिया की पहली पारी में स्टीव स्मिथ 28 रन बनाकर आउट हुए। 28 रन बनाने के साथ ही स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने का खास मुकाम हासिल कर लिया। इसके साथ ही स्टीव स्मिथ 11 हजार टेस्ट रन बनाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर बन गए हैं। स्टीव स्मिथ से पहले यह मुकाम हासिल करने वालों में रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर शामिल हैं। स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर के 126वें मैच में 11 हजार रनों का आंकड़ा छुआ। साउथ अफ्रीका के खिलाफ स्मिथ पहली पारी में अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। स्मिथ 88 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 28 रनों पर ही आउट हो गए। अपनी इस पारी के दौरान स्मिथ ने 2 चौके लगाए।

ये भी पढ़ें- ICC अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का शेड्यूल जारी, भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में नहीं


 

अन्य प्रमुख खबरें