यूक्रेन ने रूस की दो रिफाइनरियों को बनाया निशाना, जेलेंस्की बोले- रूस अपनाए शांति का रास्ता

खबर सार :-

यूक्रेन ने रूस के दो तेल रिफाइनरियों पर हमला किया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस की कमाई को सीमित करने के लिए इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि रूस को शांति का रास्ता चुनना चाहिए।
यूक्रेन ने रूस की दो तेल रिफाइनरी पर हमला करने का किया दावा

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने गुरुवार को एक ऑपरेशन चलाया जिसका मकसद रूस की तेल से होने वाली कमाई को रोकना था। सेना ने रूसी इलाके में अंदर तक जाकर दो रिफाइनरियों को निशाना बनाया।

जेलेंस्की ने कहा कि रूस इस कमाई का इस्तेमाल युद्ध के लिए और यूक्रेन पर ज़बरदस्त हमले करने के लिए करता है। उन्होंने रूस से शांति का रास्ता चुनने को कहा। सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म 'X' पर लिखते हुए, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "हमारी लंबी दूरी की स्ट्राइक एक बार फिर रूस की तेल से होने वाली कमाई को सीमित करने में असरदार साबित हुई हैं। रूस इस पैसे का इस्तेमाल युद्ध लड़ने और यूक्रेन के लोगों की जान लेने के लिए करता है।"

इन रिफाइनरियों को बनाया निशाना

उन्होंने बताया कि यूक्रेनी रक्षा बलों ने फ्रंट लाइन से 1,300 किलोमीटर से ज्यादा दूर मौजूद दुश्मन के ठिकानों पर हमला किया। बशकोर्तोस्तान में बशनेफ्ट-नोवोयिल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, यारोस्लाव क्षेत्र में स्लावनेफ्ट-यानोस रिफाइनरी पर भी हमला किया गया, जो यूक्रेनी सीमा से लगभग 700 किलोमीटर दूर है।

रूस की कार्रवाइयों का मुकाबला करने का दावा

जेलेंस्की ने काला सागर में रूस की आक्रामक कार्रवाइयों का मुकाबला करने में भी सफलता की बात कही, जिसमें खास तौर पर दो मिलिट्री पेट्रोल बोट और तथाकथित 'शैडो फ्लीट' के जहाजों को निशाना बनाया गया। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "मैं रक्षा बलों के उन सभी योद्धाओं का शुक्रिया अदा करता हूं जो लगातार हमारी लंबी दूरी की स्ट्राइक क्षमताओं को मजबूत कर रहे हैं। इससे कूटनीतिक समाधान की संभावना भी बढ़ती है। रूस को शांति का रास्ता चुनना चाहिए।"

ये भी पढ़ेंः- रूस-यूक्रेन युद्ध: गम है तो गुस्सा भी है

मिसाइलों और ड्रोन से लगातार हमले कर रहा रूस

इस बीच, रूस इन हमलों का जवाब दे रहा है और बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करके यूक्रेन के खिलाफ लगातार हमले कर रहा है। जेलेंस्की इन रूसी हमलों से बचाव के लिए सहयोगी देशों से लगातार मदद मांग रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने बुधवार को फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब के साथ बातचीत की।

फिनलैंड के राष्ट्रपति का जताया आभार

'X' पर एक पोस्ट में जेलेंस्की ने लिखा, "हमने एलेक्स स्टब के साथ चर्चा की कि फिनलैंड रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से बचाव में हमारी कैसे मदद कर सकता है। हम एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइलों की वैश्विक उपलब्धता के बारे में अच्छी तरह जानते हैं। यूक्रेन को रोजाना इनकी जरूरत है, क्योंकि हमें हर दिन रूसी मिसाइल हमलों से अपना बचाव करना होता है। अगर हमारे सहयोगी अभी मदद करें तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। एलेक्स, आपकी त्वरित प्रतिक्रिया और हमारी मदद करने की इच्छा के लिए धन्यवाद।"

रूस पर लगातार दबाव बना सकता है शांति का रास्ता

स्टब के साथ बातचीत के बाद, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने कूटनीतिक प्रयासों पर भी चर्चा की। उन्होंने ऐसे उपायों पर विचार किया जो रूस को शांति की ओर बढ़ने के लिए मजबूर कर सकें। जब पुतिन लोगों की हत्या जारी नहीं रख पाएंगे, तो उन्हें इस युद्ध से बाहर निकलने का रास्ता खोजना ही होगा। केवल यूक्रेन को पर्याप्त समर्थन और रूस पर लगातार दबाव ही शांति का रास्ता बना सकता है।

 

ये भी पढ़ेंः- रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रातभर मिसाइलें दागीं, 17 की मौत

अन्य प्रमुख खबरें