यूपीः पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच की मौत

खबर सार :-

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस-पिकअप की टक्कर में पांच की लोगों की मौत हो गई। जबकि नोएडा में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सड़क हादसों में सात की मौत, Barabanki-Noida में वाहन टकराए

खबर विस्तार : -

बाराबंकी/नोएडा। सर्दियों के मौसम में सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इन घटनाओं में आए दिन किसी न किसी को अपनी जान गंवानी पड़ती है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस और पिकअप की टक्कर में पांच लोगों की मौत होने की खबर है। दूसरी ओर नोएडा में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। इन हादसों में कुल सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, पुलिस की मदद से घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

यह भी पढ़ें :सोयाबीन की मध्यम अवधि वाली किस्मों की खेती से बढ़ेगी पैदावार, गेहूं की बुआई भी समय पर

एंबुलेंस के चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया

जानकारी के अनुसार, बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। राहगीरों ने बताया है कि तेज रफ्तार से आ रही एंबुलेंस के चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इससे एंबुलेंस पिकअप से जा टकराई। इस दौरान वाहनों की टक्कर से एंबुलेंस में बैठे सभी लोग घायल हो गए। इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गई। इन्होंने घायलों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए वाहनों से बाहर निकाला और उन्हें हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।

एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालना भी पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद राहत कार्य पूरा किया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव ले जाया जा रहा था। हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई। 

अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया

हादसे की जानकारी पाकर अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरते। मुख्यमंत्री ने घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने को भी कहा है। 

दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई

उधर, यूपी के ही नोएडा में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें सेक्टर-24 थाना पुलिस ने जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि रमेश मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका भांजा आंसू झा 20 नवंबर को स्कूटी से जा रहा था। वह सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप के पास था। उसके साथ उसका दोस्त भी था। तभी एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में आंसू झा और उसके साथ बैठे दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।  उपचार के दौरान उनके भांजे आशू की मृत्यु हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी

वहीं, सेक्टर-63 थाना पुलिस ने भी एक अन्य सड़क हादसे का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि सुधीर कुमार ने शिकायत की कि उनका भाई सुनील कुमार 19 नवंबर की रात फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया।  उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर बीती रात को उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : रांची समेत 11 जिलों में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का खौफ, कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बिजली के पोल टूटे

अन्य प्रमुख खबरें