Cyclone Akvan: चक्रवाती तूफान 'अकवान' का लैंडफॉल शुरू, 90 किमी की रफ्तार से चल रहीं हवाएं

खबर सार :-

Cyclone Akvan Live Updates: चक्रवाती तूफान 'अकवान' ओडिशा तट पर गोपालपुर के पास लैंडफॉल करना शुरू कर दिया है। यह एक 'भीषण चक्रवाती तूफान' से कमजोर होकर अब एक 'चक्रवाती तूफान' में बदल गया है। लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का लैंडफॉल शुरू, 90 KM की रफ्तार से चल रहीं हवाएं

खबर विस्तार : -

Cyclone Akvan IMD Update: चक्रवाती तूफान 'अकवान' शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 की सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो गया है। पहले इसे 'गंभीर' चक्रवाती तूफान माना जा रहा था, लेकिन तट के करीब पहुंचने पर यह कमजोर होकर एक सामान्य 'चक्रवाती तूफान' में बदल गया। जिससे हवा की गति में थोड़ी कमी आई है, लेकिन तटीय इलाकों में भारी बारिश, तेज हवा के झोंकों और बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। अगले कुछ घंटे बहुत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं क्योंकि यह मौसमी प्रणाली तट की ओर बढ़ रही है। लैंडफॉल की पूरी प्रक्रिया में छह से आठ घंटे लग सकते हैं। फिलहाल प्रशासन ने आपातकालीन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। 

90 किमी की रफ्तार से चल रहीं हवाएं

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लैंडफॉल की प्रक्रिया यानी तूफान का तट से टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस दौरान हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटा थी, जो झोंकों के साथ 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच रही थी। आईएमडी के अनुसार पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले 6 घंटों में 21 किमी/घंटा की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। अब यह कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है। शुक्रवार सुबह 02:30 बजे तक, यह उसी क्षेत्र में मौजूद था। यह कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 110 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 170 किमी पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 170 किमी दक्षिण, पुरी (ओडिशा) से 250 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और नरसपुर (आंध्र प्रदेश) से 370 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था।

ये भी पढ़ेंः- Cyclonic Akvan: 145 की स्पीड से तबाही मचाएगा चक्रवाती तूफान 'अकवान' ! आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा अलर्ट जारी

IMD ने बताया कि ताजा सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि चक्रवाती तूफान 'अकवान' से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों तक पहुंच गए हैं, जो इसके जमीन (तटीय क्षेत्र) से टकराने की शुरुआत का संकेत है। अगले दो घंटों में लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। विशाखापत्तनम और गोपालपुर में लगे डॉप्लर वेदर रडार की मदद से पूरे सिस्टम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इन इलाकों में हो रही भारी बारिश 

ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों से भारी बारिश की खबरें आ रही हैं। गंजाम जिले के दो ब्लॉकों में काफी बारिश दर्ज की गई है; पात्रापुर में लगभग 200 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि हिंजिली में भी भारी बारिश देखी गई। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों तक पूरे ओडिशा में खासकर तटीय और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। गंजाम, कोरापुट और मलकानगिरी सहित कई जिलों के प्रभावित होने की संभावना है। अन्य इलाकों में भी अच्छी-खासी बारिश हुई है, जिसमें पारादीप में 84 मिलीमीटर और पुरी में 73 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पारादीप के लिए 'येलो वार्निंग' जारी है। राज्य सरकार ने तेज हवाओं, भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ से होने वाले संभावित नुकसान से निपटने के लिए आपातकालीन तैयारियों को और मजबूत कर दिया है।

72,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

चक्रवाती तूफान "अकवान" (Cyclone Akvan) के खतरे को देखते हुए, ओडिशा राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को बताया कि प्रशासन ने पूरे राज्य में 4,243 संवेदनशील जगहों की पहचान की है। अब तक लगभग 72,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, यह अभियान बुधवार को शुरू हुआ और पूरी रात चलता रहा। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए लगभग 8,000 राहत शिविर बनाए गए हैं। इसके अलावा, लगभग 9,100 गर्भवती महिलाओं को जिनकी डिलीवरी की संभावित तारीख 30 नवंबर के आसपास है सुरक्षित अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। इनमें से कई महिलाओं को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है।

उधर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के खतरे को देखते हुए संवेदनशील जिलों से भी लोगों को निकाला गया है। पहाड़ी इलाकों की तलहटी में छोटी बस्तियों और अस्थायी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गजपति जिले में लगभग 16,000 लोगों और कंधमाल जिले में लगभग 3,400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

ये भी पढ़ेंः- पंजाब में भाखड़ा नहर पर बना बेली स्टील पुल ढह गया, बीच में ही फंस गए दोनों ट्रक

अन्य प्रमुख खबरें