निफ्टी 23,495 के पार, निफ्टी आईटी 5% उछला; महंगे कच्चे तेल के बीच वैश्विक कमजोरी से घरेलू बाजार मजबूत

खबर सार :-

भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को वैश्विक दबाव के बीच मजबूत शुरुआत की। आईटी शेयरों में करीब 5 प्रतिशत तक की तेजी ने बाजार को सहारा दिया और सेंसेक्स 393 अंक चढ़ा। हालांकि, मध्य पूर्व तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी निवेशकों के लिए चिंता बनी हुई है। आगे बाजार की दिशा वैश्विक संकेतों, तेल की कीमतों और घरेलू कंपनियों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।
आईटी शेयरों की जोरदार खरीदारी से बाजार में बहार, सेंसेक्स 393 अंक चढ़ा

खबर विस्तार : -

Indian Stock Market: भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ की। आज के शुरुआती सत्र में निवेशकों की खरीदारी से प्रमुख सूचकांकों में तेजी देखने को मिली। सुबह 9:17 बजे सेंसेक्स 393 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,178 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 103 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 23,495 के स्तर पर पहुंच गया।

आज के शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी बाजार की तेजी का प्रमुख आधार रही। सेक्टोरल सूचकांकों में निफ्टी आईटी करीब 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बड़े गेनर के रूप में उभरा। इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी ऑटो और निफ्टी ऑयलएंडगैस भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कुछ प्रमुख सेक्टरों में दबाव भी देखने को मिला। निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसई, निफ्टी फार्मा, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी प्राइवेट बैंक शुरुआती कारोबार में कमजोर रहे।

सेंसेक्स के इन शेयरों में दिखी तेजी

सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे। इनके अलावा एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, आईटीसी, टाटा स्टील, सन फार्मा और ट्रेंट के शेयरों में भी तेजी दर्ज की गई। आईटी कंपनियों में खरीदारी ने बाजार के व्यापक रुझान को सकारात्मक बनाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, सभी बड़े शेयरों में तेजी नहीं रही। बीईएल, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, टाइटन, पावर ग्रिड, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और इटरनल शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

ये भी पढ़ें...अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा बढ़ी महंगाई; ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से सोने-चांदी पर दबाव

वैश्विक बाजारों से मिला मिला-जुला संकेत

घरेलू बाजार की मजबूती ऐसे समय में आई है, जब ज्यादातर वैश्विक बाजार दबाव में हैं। एशियाई कारोबार में शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक और जकार्ता के बाजार लाल निशान में रहे, जबकि टोक्यो का बाजार हरे निशान में कारोबार करता दिखाई दिया। अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में कमजोरी के साथ बंद हुआ था। डाओ डोन्स में 0.29 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि नैस्डैक 0.56 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। इसके बावजूद भारतीय बाजार में शुरुआती खरीदारी ने सकारात्मक रुख बनाए रखा।

मध्य पूर्व तनाव से कच्चे तेल में उछाल

वैश्विक बाजारों पर मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते युद्ध और क्षेत्रीय तनाव का असर दिखाई दे रहा है। भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103 डॉलर प्रति बैरल पर था। वहीं, बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.31 प्रतिशत मजबूत होकर 107 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। महंगे कच्चे तेल से भारत जैसे बड़े आयातक देश की अर्थव्यवस्था और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में आगे बाजार की दिशा तय करने में वैश्विक घटनाक्रम, तेल की कीमतें और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां महत्वपूर्ण रहेंगी।

सोना-चांदी भी दबाव में

दूसरी तरफ, सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक कॉमैक्स पर सोना 0.18 प्रतिशत गिरकर 4,344 डॉलर प्रति औंस पर था। चांदी भी करीब आधा प्रतिशत कमजोर होकर 63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। कुल मिलाकर, वैश्विक बाजारों में कमजोरी और मध्य पूर्व के तनाव के बावजूद घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को सकारात्मक शुरुआत की। आईटी शेयरों में तेज खरीदारी ने सेंसेक्स और निफ्टी को मजबूती दी। अब निवेशकों की नजर आगे के कारोबार में वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की चाल और घरेलू सेक्टरों के प्रदर्शन पर रहेगी।

ये भी पढ़ें.....बोफा का भारतीय शेयर बाजार पर भरोसा बढ़ा, दिसंबर 2026 तक 26,200 पहुंच सकता है निफ्टी, तीन जोखिम बरकरार

अन्य प्रमुख खबरें