‘प्रेम का किरदार निभाना सपने के सच होने से बढ़कर’, राजश्री के हीरो बनने पर बोले आयुष्मान खुराना

खबर सार :-

राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ रिलीज को तैयार है। प्रेम का किरदार निभाने वाले आयुष्मान खुराना ने सूरज बड़जात्या के साथ काम करने को सपने के सच होने जैसा बताया।
आयुष्मान खुराना बने राजश्री के ‘प्रेम’, बोले- सपना सच हो गया

खबर विस्तार : -

मुंबई: एक्टर आयुष्मान खुराना अपनी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। एक्टर ने बताया कि 1994 की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' देखने के बाद उन्हें हिंदी सिनेमा से प्यार हो गया था।

रविवार को 'ये प्रेम मोल लिया' का टाइटल ट्रैक रिलीज हुआ। इस दौरान एक्टर ने राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म में लीड रोल मिलने पर हैरानी और खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि 'हम आपके हैं कौन' का उन पर गहरा असर पड़ा था। आयुष्मान ने कहा, "मुझे याद है कि फिल्म हम आपके हैं कौन में कई परिवार दिखाए गए थे; उस फिल्म को देखने के बाद मुझे 'प्रेम' के किरदार के साथ-साथ हिंदी सिनेमा और हमारे परिवारों की मजबूती से भी प्यार हो गया।"

राजश्री से पूरे भारत और हर परिवार का रिश्ता

राजश्री प्रोडक्शन हाउस के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात करते हुए एक्टर ने कहा कि यह रिश्ता सिर्फ उनके तक ही सीमित नहीं है, यह पूरे देश के परिवारों से जुड़ता है। उन्होंने कहा, "राजश्री के साथ मेरा रिश्ता सिर्फ मेरा नहीं है; यह पूरे भारत और हर परिवार का है। अपनी फिल्मों के जरिए परिवारों को एक साथ लाने की जो जिम्मेदारी उन्होंने उठाई है, वह वाकई बहुत खूबसूरत है।"

वैनिटी वैन में जूते उतारकर आते थे सूरज बड़जात्या

आयुष्मान खुराना ने डायरेक्टर सूरज बड़जात्या से जुड़ा एक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे फिल्ममेकर अपनी वैनिटी वैन में घुसने से पहले जूते उतार देते थे। आयुष्मान ने याद करते हुए कहा, "मैं कहता था, 'सर, प्लीज जूते मत उतारिए; बस वैनिटी के अंदर आ जाइए।' लेकिन वे कभी नहीं मानते थे। वे जूते उतारते, मैं उनके पैर छूता, और वे मुझे 'आयुष्मान भव' का आशीर्वाद देते और फिर मुझे सीन समझाते। मुझे लगता है कि यह बचपन के सपने के सच होने से भी कहीं बढ़कर है; राजश्री और उनकी विरासत तारीफ के काबिल है।" 

ये भी पढ़ें:- Yeh Prem Mol Liya: पर्दे पर फिर लौट रहा ‘प्रेम’, सूरज बड़जात्या की फिल्म में आयुष्मान निभाएंगे लीड रोल

27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

ये प्रेम मोल लिया एक फैमिली रोमांटिक ड्रामा है जिसमें आयुष्मान और शरवरी पहली बार साथ नजर आएंगे। फिल्म में आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ और अनुपम खेर मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजश्री प्रोडक्शन और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है।  फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

पहली बार दिखेगी आयुष्मान-शरवरी की जोड़ी

फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज होते ही दर्शकों को आयुष्मान खुराना और शरवरी की नई जोड़ी दिखी। गाने में दोनों की केमेस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। फिल्म में प्रेम का किरदार निभा रहे आयुष्मान खुराना बिल्कुल नए अंदाज में दिख रहे हैं, जबकि शरवरी भी बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। गाने में शादी से पहले दोनों किरदारों और उनके परिवारों के बीच रिश्ते और प्यार को बड़े शानदार ढंग से पेश किया गया है। गाना रिलीज होते ही फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।  

12 साल बाद पर्दे पर लौट रहा 'प्रेम'

इस फिल्म के जरिये ‘प्रेम’ का किरदार 12 साल बाद पर्दे पर वापसी कर रहा है। इस बार सलमान खान की जगह आयुष्मान खुराना ‘प्रेम’ की भूमिका में नजर आएंगे। सूरज बड़जात्या भारतीय परिवार, परंपराओं और रिश्तों को बहुत संवेदनशीलता और खूबसूरती से एक कहानी में पिरोकर पर्दे पर पेश करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी पिछली फिल्में आज भी दर्शकों को याद हैं। वे अपनी फिल्मों के मुख्य किरदार प्रेम को इस तरह से गढ़ते हैं कि ये किरदार हमेशा के लिए दर्शकों को याद रह जाता है। यही वजह है कि दर्शकों को सूरज बड़जात्या की इस फिल्म का भी बेसब्री से इंतजार है। 

हिमेश के संगीत और श्रेया की आवाज का जादू

फिल्म ये प्रेम मोल लिया में हिमेश रेशमिया ने संगीत दिया है और इसके टाइटल ट्रैक को श्रेया घोषाल और निहाल टौरो ने अपनी आवाज दी है। राजश्री प्रोडक्शन की ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘मैंने प्यार किया’ जैसी फिल्मों के गाने और संगीत आज भी दर्शकों को याद हैं। अब ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक भी रिलीज हो गया है, जो काफी पसंद किया जा रहा है। खास बात यह है कि गाने में छठी मैया की पूजा का भी एक सीन दिखाया गया है, जिसमें शरवरी लाल साड़ी और सिंदूर के साथ हाथों में सूप लिये पूजा करती दिख रही हैं। गाने में वे बेहद खूबसूरत दिख रही हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

FAQ

1- ‘ये प्रेम मोल लिया’ फिल्म कब रिलीज हो रही है?

यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

2- फिल्म में मुख्य कलाकार कौन-कौन हैं?

फिल्म में आयुष्मान खुराना (प्रेम) और शरवरी वाघ (पूनम) मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। इनके अलावा अनुपम खेर, सौम्या टंडन, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और स्वानंद किरकिरे भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।

3- सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया कितने साल बाद साथ काम कर रहे हैं?

‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया 12 साल बाद एक साथ आए हैं। इससे पहले साल 2014 में फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ में दोनों ने साथ में काम किया था।

ये भी पढ़ें:- कैटरीना कैफ को ट्रोल करने वालों पर भड़के सलमान खान !  बिग बॉस ने बीच शो में उतारी टी-शर्ट, दी चुनौती

अन्य प्रमुख खबरें