‘कांटे’ और ‘मुसाफिर’ के निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, संजय दत्त समेत कई एक्टर्स ने किया याद

खबर सार :-

मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘काबिल’ जैसी कई फिल्मों का निर्देशन किया। कई एक्टर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
‘कांटे’ और ‘काबिल’ के निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, बाॅलीवुड में शोक

खबर विस्तार : -

मुंबई: हिंदी फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्माता संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर की रात 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शुरुआती खबरों के अनुसार, शुक्रवार रात वे अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। बताया जा रहा है कि उस समय किसी को इस घटना का पता नहीं चला और उनके निधन की जानकारी 31 अक्टूबर की सुबह सामने आई।

फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने संजय गुप्ता की एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पंडित ने लिखा, "यह बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना है। मुझे अभी-अभी हमारे प्रिय मित्र और बेहतरीन निर्देशक संजय गुप्ता के निधन की खबर मिली है। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हो गया। एक और प्रतिभाशाली व्यक्ति हमें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया। वे एक शानदार कहानीकार, हमेशा जोश से भरे इंसान और सिनेमा के प्रति समर्पित फिल्म निर्माता थे। यह हमारी इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। दोस्त, तुम्हारी बहुत याद आएगी। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति। उनके अंतिम संस्कार के बारे में जानकारी जल्द ही दी जाएगी।" अशोक पंडित की इस पोस्ट के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच, वर्सोवा पुलिस ने 'एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट' (ADR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या संदिग्ध हालात सामने नहीं आए हैं।

2002 में फिल्म कांटे से मिली पहचान

गौरतलब है कि संजय गुप्ता ने अपने निर्देशन करियर की शुरुआत 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' से की थी, जिसमें संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद उन्होंने 'राम शास्त्र', 'हमेशा', 'जंग' और 'खौफ' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी 2002 में आई फिल्म 'कांटे' उनके करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और सुनील शेट्टी सहित कई बड़े कलाकार शामिल थे। अपने करियर के दौरान उन्होंने संजय दत्त के साथ कई फिल्मों में काम किया; 'मुसाफिर', 'जिंदा' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्में इस जोड़ी की काफी मशहूर रहीं। उन्होंने 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। निर्देशन के अलावा, संजय गुप्ता ने एक निर्माता और पटकथा लेखक के रूप में भी काम किया है। उन्होंने 'दस कहानियां', 'प्लान', 'वुडस्टॉक विला', 'एसिड फैक्ट्री' और 'पंख' जैसी फिल्मों का निर्माण किया है। उनके हालिया कामों में 2025 में रिलीज हुई 'द मिरांडा ब्रदर्स' शामिल है, जिसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी नजर आए हैं।

ये भी पढ़ेंः- प्रियंका चोपड़ा की शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' ऑस्कर के लिए क्वालिफाई, दिल छू लेगी कहानी

बाॅलीवुड में शोक की लहर, एक्टर्स ने किया याद

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। उनके साथ लंबे समय तक काम करने वाले अभिनेता संजय दत्त से लेकर सुनील शेट्टी, अनुपम खेर, म्यूजिक कंपोजर और सिंगर मीका सिंह, डायरेक्टर हंसल मेहता और मधुर भंडारकर तक ने उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर किए। किसी ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया, तो किसी ने बताया कि उन्होंने करियर के शुरुआती दौर में किस तरह उनका साथ दिया था। अभिनेता सुनील शेट्टी ने एक्स पर संजय गुप्ता को याद करते हुए लिखा, ''मैं अब भी इस खबर को मानने की कोशिश कर रहा हूं। हमने साथ में कई दिन बिताए, फिल्में बनाईं, हंसी-मजाक किया, बहस की, विचार साझा किए और ऐसी यादें बनाईं, जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि तुम्हारे लिए मुझे इस तरह कुछ लिखना पड़ेगा। मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि तुम्हारी कितनी याद आएगी।''

हर पल की याद आएगी: संजय दत्त

अभिनेता संजय दत्त ने एक्स पर अपने करीबी दोस्त संजय गुप्ता को याद करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने संजय गुप्ता को अपना भाई बताते हुए कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि वह इस दुनिया में नहीं रहे। संजय दत्त ने लिखा, ''गुप्ता, मेरे भाई। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम चले गए। हमने साथ में बहुत कुछ शेयर किया है, ढेर सारी यादें और दोस्ती के कई साल। तुम हमेशा मेरे परिवार का हिस्सा रहे हो और यह कभी नहीं बदलेगा। मुझे तुम्हारी, हमारी बातचीत और साथ बिताए हर पल की याद आएगी। हम हाल ही में 'कांटे 2' को लेकर बात कर रहे थे। मैं तुम्हारे सपने को पूरा करने के लिए 'कांटे 2' जरूर बनाऊंगा। मेरे भाई, तुम्हारी याद में मैं इस सपने को सच करने के लिए सब कुछ करूंगा। हमेशा और हमेशा तुमसे प्यार करता हूं। भाई, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।''

वे फिल्मों के ज्ञानकोश थेः अनुपम खेर

वहीं, अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर संजय गुप्ता की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वह स्टॉकहोम में थे, जब उन्हें अपने दोस्त के निधन की खबर मिली। उन्होंने लिखा, ''स्टॉकहोम में जब मैं उठा तो अपने दोस्त और डायरेक्टर संजय गुप्ता के निधन की दिल तोड़ने वाली खबर मिली। यह सोचना मुश्किल है कि कोई इंसान, जो इतना जिंदादिल इंसान था, अचानक इस दुनिया से चला गया। संजय एक ऐसे फिल्ममेकर थे, जिनकी अपनी अलग पहचान थी और जिन्हें सिनेमा से बेहद प्यार था। उन्हें फिल्मों का चलता-फिरता ज्ञानकोश कहा जाता था। आप उनसे फिल्मों के बारे में लगभग कुछ भी पूछ सकते थे और उनसे बातचीत करके पता चलता था कि वह अपनी दुनिया से कितना प्यार करते थे। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट में भी उनका जुनून साफ नजर आता था, जहां वह हाल के दिनों में खुलकर अपनी बातें रख रहे थे।''

हंसल मेहता व मीका सिंह ने भी किया याद

डायरेक्टर हंसल मेहता ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ''ऐसा नहीं होना चाहिए था। फिल्म इंडस्ट्री में मेरे इकलौते बॉस संजय गुप्ता लेकिन इससे भी बढ़कर, एक प्यारे दोस्त। हमने साथ में कई बुरे और अच्छे दौर देखे और इन सबके बीच जिंदगी की अच्छी चीजों के लिए हमारा प्यार हमेशा एक जैसा रहा।'' डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने एक्स पर लिखा, ''इस दुखद खबर से बहुत दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को हमेशा शांति दे। ओम शांति।'' सिंगर मीका सिंह ने भी संजय गुप्ता को अपना बड़ा भाई बताते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ''आज का दिन मेरे लिए सबसे चौंकाने वाले और दिल तोड़ने वाले दिनों में से एक रहा। मेरे बड़े भाई संजय गुप्ता, एक शानदार इंसान, जमीन से जुड़े व्यक्तित्व और बेहतरीन फिल्ममेकर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर, हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए।''

ये भी पढ़ेंः- जेनिफर विंगेट संग अनबन की खबरों पर परिणीति ने तोड़ी चुप्पी, ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

अन्य प्रमुख खबरें