बड़े पर्दे पर चला 'रामायण' का जादू ! फिल्म देख भावुक हुए अभिनेता अनुपम खेर

खबर सार :-

Anupam Kher Ramayana : स्टॉकहोम में 500 लोगों के साथ 'रामायण' देखकर अनुपम खेर भावुक हो गए। उन्होंने रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की एक्टिंग की तारीफ की और इस फिल्म को 100 सालों में बनी एक बेहतरीन फिल्म बताया।
बड़े पर्दे पर चला 'रामायण' का जादू ! फिल्म देख रो पड़े अभिनेता अनुपम खेर

खबर विस्तार : -

मुंबईः बॉलीवुड में इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। 5 नवंबर को 'रामायण' पार्ट 1 सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। रणबीर कपूर और यश जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म ने दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी हस्तियों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। इसी क्रम में, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की है। 'रामायण' की भव्यता और कलाकारों के अभिनय ने उन्हें भावुक कर दिया और वे अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने रणबीर कपूर और यश की जमकर तारीफ करते हुए उनके काम की सराहना की। अनुपम खेर की इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। 

अनुपम खेर ने कहा-100 साल बाद बनी ऐसी फिल्म

अनुपम खेर ने  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि फिल्म देखते समय वे अपने आंसू नहीं रोक पाए। साथ ही, उन्होंने फिल्म को मिल रही सराहना पर गर्व भी जताया। वीडियो में अभिनेता कहते हैं, "मैंने अभी-अभी 'रामायण' फिल्म देखी है। क्या शानदार फिल्म है ! ऐसा लगता है मानो इस पर भगवान श्री रामचंद्र का दिव्य आशीर्वाद है। मुझे लगता है कि पिछले 100 सालों में रिलीज हुई फिल्मों में यह सबसे बेहतरीन फिल्म है। आमतौर पर मेरे पास शब्दों की कभी कमी नहीं होती, लेकिन आज अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं हैं।"

अभिनेता ने लिखा, "मैं अभी स्टॉकहोम में लगभग पांच सौ लोगों से भरे हॉल में 'रामायण' देखकर लौटा हूं। मेरा दिल खुशी से भर गया है; मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि हमारे भारत में इतनी शानदार फिल्म बनी है। इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए बड़े गर्व की बात है  चाहे वह जटायु का किरदार निभाना हो या फिल्म की शुरुआत में नैरेशन देना। मेरी नजर में, यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की बेहतरीन फिल्मों में से एक है, और विज़ुअली, यह अब तक की सबसे शानदार फिल्म है जिसे मैंने देखा है।"

पूरी टीम ने किया बेहतरीन काम

अनुपम खेर ने बताया कि स्टॉकहोम में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान वहां कई युवा मौजूद थे, जो फिल्म की बहुत तारीफ कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा, "वहां युवा दर्शक मौजूद थे, और फिल्म देखने के बाद उनकी तारीफ सुनकर मुझे बहुत गर्व महसूस हुआ। यह हमारे अपने देश की फिल्म है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। फिल्म की पूरी टीम ने बहुत ही बेहतरीन काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म देखते समय वह अपने आंसू नहीं रोक पाए।

ये भी पढ़ेंः- गर्लफ्रेंड सबा के जन्मदिन पर ऋतिक रोशन ने किया रोमांटिक पोस्ट, बेटों संग शेयर की अनदेखी तस्वीरें

रणबीर-यश की जमकर की सराहना

अनुपम खेर ने आगे कहा, "रणबीर कपूर ने बहुत शानदार काम किया है; उनके अभिनय की खूबी यह है कि उन्होंने कितनी बारीकी से इस किरदार को निभाया है। उनके इस अभिनय को आने वाले कई सालों तक याद रखा जाएगा। इससे पहले अरुण गोविल ने भगवान राम का किरदार निभाया था, और रणबीर, आपने उस छवि से भी आगे बढ़कर काम किया है। मूल 'रामायण' के जादू को बरकरार रखते हुए, आपने कुछ वाकई असाधारण रच दिया है। यश, आपने कमाल का काम किया है! दर्शकों को लगातार तीन घंटों तक बांधे रखना बिना अपना फोकस, ऊर्जा या तीव्रता खोए एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे माता सीता के रूप में साई पल्लवी भी बहुत अच्छी लगीं। सीता का किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि वह सिर्फ सरल और सुंदर ही नहीं हैं; वह एक महान व्यक्तित्व वाली महिला हैं एक योद्धा, अपार त्याग करने वालीं, और अपने पति की ताकत का असली स्रोत।

फिल्म में अनुपम खेर दी जटायु की आवाज

अभिनेता ने बताया कि उन्होंने फिल्म में जटायु के किरदार के लिए अपनी आवाज दी है। उन्होंने कहा, "जटायु की लड़ाई देखकर मैं रोमांचित हो गया; यह फिल्म का सबसे बेहतरीन हिस्सा है। मैं अपने डबिंग के काम और फिल्म के लिए दिए गए नैरेशन (कथावाचन) से भी बहुत खुश हूं। फिल्म का आखिरी सीन भी बहुत शानदार था, जिसमें भगवान हनुमान के रूप में सनी देओल की एक झलक देखने को मिलती है।"

जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजे थिएटर

अनुपम ने बताया कि पूरा सिनेमा हॉल "जय श्री राम" के नारों से गूंज उठा था। उन्होंने लिखा, "सच कहूं तो, मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। जब फिल्म खत्म हुई, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोग 'जय श्री राम' के नारे लगा रहे थे। स्टॉकहोम में बैठे-बैठे इस तरह के जोश और जज्बात को महसूस करना, अपने आप में एक यादगार अनुभव था। साढ़े सात मिनट के इस वीडियो में, मैं वही अनुभव आपके साथ साझा कर रहा हूं। इसे कोई रिव्यू मत समझिए; इसे एक दिल से दी गई श्रद्धांजलि मानिए! मैंने बस वही बयां किया है जो मैंने महसूस किया बाकी आप खुद सुन सकते हैं। इस फिल्म से जुड़े हर कलाकार, हर तकनीशियन और पूरी टीम को मेरी तरफ से हार्दिक बधाई! आपने हमें गर्व करने का एक शानदार मौका दिया है। जय श्री राम। जय हिंद।"

ये भी पढ़ेंः- रिलीज से पहले रणवीर की रामायण ने बनाया रिकॉर्ड, एडवांस बुकिंग में पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा

अन्य प्रमुख खबरें