'हिंदू विरोधी'....दीया मिर्जा के दीपावली वीडियो पर मचा बवाल, विवादों के बीच एक्ट्रेस ने दी सफाई

खबर सार :-

Dia Mirza Diwali video: बीजेपी की आपत्तियों के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा के ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ अभियान का वीडियो हटा दिया है, जिससे मुंबई में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
दीया मिर्जा के दिवाली वीडियो पर मचा बवाल, अब एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी

खबर विस्तार : -

Dia Mirza Controversy Diwali Video: दीपावली के दौरान पटाखे कम जलाने की अपील करने के बाद अभिनेत्री दीया मिर्जा एक विवाद में घिर गईं। दीपावली से पहले जारी किए गए दीया मिर्जा के 'प्रदूषण-मुक्त दिवाली' अभियान को लेकर अब सियासी विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि बढ़ते विवाद को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अभिनेत्री का वीडियो हटा दिया है। अब दीया मिर्जा ने इस पूरे विवाद पर अपनी सफाई दी है। अभिनेत्री ने स्पष्ट किया है कि उनके वीडियो का मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों के बीच जागरूकता फैलाना था।

दीया मिर्जा ने दी सफाई

दीया मिर्जा ने कहा, "दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञानता पर ज्ञान और निराशा पर आशा की जीत का त्योहार है। इस वीडियो को जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था, ताकि लोगों को यह त्योहार अधिक स्वस्थ और समझदारी भरे तरीके से मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है, और इसे कम करने की हर कोशिश सभी के लिए एक बेहतर पर्यावरण की दिशा में उठाया गया कदम है।"

दीया मिर्जा के वीडियो पर क्यों मचा घमासान 

दरअसल यह विवाद तब खड़ा हुआ जब मुंबई में हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए,  बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी ) ने दिवाली से पहले प्रदूषण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एक अभियान शुरू किया। जिसमें बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप लोगों से पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की गई थी। इस पहल के तहत, कई जानी-मानी हस्तियों जिनमें अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और दीया मिर्जा शामिल हैं के वीडियो जारी किए गए। इन वीडियो के जरिए लोगों से अपील की गई कि वे त्योहार के दौरान पटाखों का इस्तेमाल कम करें और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दिवाली मनाएं। हालांकि, जैसे ही दीया मिर्जा का वीडियो जारी हुआ, सियासी विवाद खड़ा हो गया।

ये भी पढ़ेंः- गर्लफ्रेंड सबा के जन्मदिन पर ऋतिक रोशन ने किया रोमांटिक पोस्ट, बेटों संग शेयर की अनदेखी तस्वीरें

बीजेपी ने जताई नाराजगी

मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों को यह बताने के लिए किसी अभिनेत्री की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए। भारतीय परंपराओं और त्योहारों के महत्व का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि देश के लोग अपनी संस्कृति और त्योहारों के बारे में पहले से ही अच्छी तरह जानते हैं। वहीं मेयर रितु तावड़े ने अभिनेत्री को 'हिंदू-विरोधी' करार दिया और कहा कि उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। वहीं विवाद बढ़ने के बाद, BMC ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से दीया मिर्जा का वीडियो हटा दिया। हालांकि, निगम ने वीडियो हटाने का कोई सार्वजनिक कारण नहीं बताया।

विपक्ष ने BMC के फैसले पर उठाए सवाल 

उधर विपक्ष के नेताओं ने दीया मिर्ज़ा की क्लिप हटाने के लिए  BMC की आलोचना की और सवाल किया कि क्या प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में आकर ऐसा किया है। शिवसेना (UBT) की प्रवक्ता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने पूछा कि क्या नगर प्रशासन "BJP या उसके मुंबई अध्यक्ष का गुलाम बन गया है।"

ये भी पढ़ेंः- प्रियंका चोपड़ा की शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' ऑस्कर के लिए क्वालिफाई, दिल छू लेगी कहानी

अन्य प्रमुख खबरें