युजवेंद्र चहल ने अचानक क्रिकेट को कहा अलविदा, टेस्ट खेलने का सपना रह गया अधूरा

खबर सार :-

Yuzvendra Chahal Retirement: युजवेंद्र चहल ने अचानक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। चहल ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच 2023 में खेला था और तब से वे भारतीय टीम से बाहर हैं। हालांकि, उन्हें भारतीय टीम में वापसी का भरोसा था लेकिन....
Yuzvendra Chahal: युजवेंद्र चहल ने अधूरे सपने के साथ लिया संन्यास

खबर विस्तार : -

Yuzvendra Chahal Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अचानक फर्स्ट-क्लास क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। चहल अब कभी सफेद जर्सी में रेड-बॉल क्रिकेट खेलते हुए नहीं दिखेंगे। इसके साथ ही उनका टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना भी अधूरा रह गया। इस स्पिनर ने भारत के लिए कभी टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला, लेकिन फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में काफी एक्टिव रहे।

चहल ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने संन्यास की घोषणा की। चहल ने लिखा, "मैंने जो पहली क्रिकेट बॉल पकड़ी थी, वह रेड बॉल थी। मैं 10 साल का था, और मुझे तब कोई अंदाजा नहीं था कि मुझे इस खेल से इतना प्यार हो जाएगा। मेरे लिए, रेड-बॉल क्रिकेट कभी भी सिर्फ एक और फॉर्मेट नहीं था। यहीं पर मैंने सब्र, कैरेक्टर, टफनेस और घंटों तक मैदान पर टिके रहने हर रन और हर विकेट के लिए लड़ने की असली खुशी सीखी।"

टेस्ट खेलने का सपना रह गया अधूरा

उन्होंने लिखा, "मैंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मैच लॉर्ड्स में खेला था। यह कहना इमोशनल है क्योंकि टेस्ट कैप हमेशा एक सपना था जो मैंने कई सालों तक अपने साथ रखा। हो सकता है कि यह न हुआ हो, लेकिन मैं अपने सफर से सच में खुश हूं और इस फ़ॉर्मेट में मिले हर मौके के लिए बहुत शुक्रगुजार हूं। रेड बॉल ने मुझे मेरी जिंदगी की कुछ सबसे खूबसूरत यादें दी हैं, और कोई भी इसे कभी नहीं छीन सकता।"  हालांकि, भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना अधूरा रह गया। उन्होंने टीम इंडिया के लिए कभी टेस्ट मैच नहीं खेला।

ये भी पढ़ेंः- IND vs SL Asian Games: श्रीलंका को हराकर फाइनल में भारत, अब गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान से होगी भिड़ंत

चहल ने लिखा, "मैंने अभी खत्म नहीं किया है। अपने देश के लिए खेलने की भूख अभी भी ज़िंदा है। मुझे लगता है कि मुझमें अभी भी क्रिकेट बचा है, और मैं ODI और T20 फ़ॉर्मेट में एक और मौका पाने के लिए अपना सब कुछ लगा दूंगा। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, रणबीर सिंह महिंद्रा और अनिरुद्ध सिंह चौधरी का मेरे पूरे सफ़र में लगातार सपोर्ट, भरोसे और विश्वास के लिए खास धन्यवाद। 10 साल की उम्र में अपनी पहली रेड बॉल पकड़ने से लेकर अपना आखिरी फ़र्स्ट-क्लास गेम खेलने तक, यह एक अविश्वसनीय सफर रहा है।"

Yuzvendra Chahal का फर्स्ट क्लास करियर

चहल ने 3 नवंबर 2009 में मध्य प्रदेश के खिलाफ हरियाणा के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। लगभग 17 साल के अपने करियर में 49 फर्स्ट-क्लास मैच खेले, जिसमें 148 विकेट लिए। 99 रन देकर 9 विकेट एक मैच में उन्होंने चटकाए थे, जबकि एक पारी में उनकी बेस्ट परफॉर्मेंस 44 रन देकर 6 विकेट है। जबकि 6 बार फाइव विकेट हॉल और 8 बार 4 विकेट हॉल उन्हें प्रथण श्रेणी क्रिकेट में प्राप्त हुआ था।

वनडे और T20 फ़ॉर्मेट में खेलते रहेंगे चहल

हालांकि चहल वनडे और  टी20 फ़ॉर्मेट में खेलते रहेंगे।  दाएं हाथ के लेग स्पिनर चहल ने 2016 में भारतीय टीम के लिए वनडे और टी20 में डेब्यू किया था, उन्होंने 72 वनडे और 80 टी20 मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 121 और  टी20 में 96 विकेट हैं। 36 साल के चहल ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 13 अगस्त, 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। हालांकि चहल ने वनडे और T20I में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है। वह लिस्ट A, टी20 और IPL सहित घरेलू क्रिकेट में एक्टिव रहेंगे।

ये भी पढ़ेंः- 26 चौके और 8 छक्के... गिल ने 223 रन बनाकर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, वनडे में भारत ने चेज किया सबसे बड़ा टारगेट

 

अन्य प्रमुख खबरें