IND vs NZ 3rd T20: सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी टीम इंडिया, ईशान किशन तीसरे टी20 से भी हुए बाहर

खबर सार :-

IND vs NZ 3rd T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे T20I मैच से पहले भारतीय के लिए बुरी खबर है। चोटिल ईशान किशन तीसरे मैच से बाहर हो गए हैं। फिलहाल टीम इंडिया की नजरे तीसरा मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा करने पर होंगी।
IND vs NZ 3rd T20: सीरीज पर कब्जा करने उतरेगा भारत, ईशान बाहर

खबर विस्तार : -

IND vs NZ 3rd T20:  भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में खेला जाएगा। सीरीज में पहले ही 2-0 की बढ़त बना चुकी टीम इंडिया, इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। हालांकि मैच पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन तीसरे मैच से भी बाहर हो गए हैं। वह इंजरी के चलते दूसरा टी20 नहीं खेल पाए थे। 

ईशान किशन तीसरे टी20 से भी बाहर  

BCCI ने ईशान किशन के बाहर रहने की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर ने बताया, "ईशान किशन अपनी दाईं जांघ में लगी 'लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन' से उबर रहे हैं। यह चोट उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान लगी थी। चूंकि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए वह 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच में नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रही है। कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे।"

वैभव को मिल सकता है मौका

बता दें कि दूसरे T20 में ईशान किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में शामिल किया गया था। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की, लेकिन कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके और 8 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। ईशान के लगातार बाहर रहने की स्थिति में, 15 वर्षीय वैभव को तीसरे टी20 की प्लेइंग XI में एक बार फिर मौका मिल सकता है। हालांकि देखना ये होगी क्या एक बार फिर वह 3 नंबर पर आते हैं या फिर उनसे ओपनिंग कराई जाएगी। यदि ऐसा होता है तो संजू सैमसन को बड़ी कुर्बानी देनी पड़ेगी।

ये भी पढ़ेंः- IND W vs ZIM W: हरमनप्रीत-दीप्ति का शतकीय प्रहार, भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 329 रनों का टारगेट

सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय टीम ने सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की। 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेले गए पहले मैच में, भारत ने न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, न्यूज़ीलैंड ने अपने 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 225 रन बनाए। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए, संजू सैमसन और नमन धीर ने भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सैमसन ने सिर्फ 33 गेंदों पर 67 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि नमन धीर 15 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 19.4 ओवर में छह विकेट खोकर 230 रन बनाए और दो गेंदें शेष रहते ही जीत हासिल कर ली।

इसके बाद, 24 अक्टूबर को खेले गए दूसरे T20 मैच में भी भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए, न्यूज़ीलैंड ने पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य रखा। आखिरी ओवर तक चले एक रोमांचक मुकाबले में, भारतीय टीम ने 19.5 ओवर में 6 विकेट पर 181 रन बनाकर लगातार दूसरी जीत हासिल की।

इस दूसरे मैच में, लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने अहम योगदान दिया। लगातार दो जीत के बाद, भारतीय टीम इस सीरीज में काफी मजबूत स्थिति में आ गई है। अब उनका लक्ष्य तीसरा मैच जीतकर, पांच मैचों की इस सीरीज में एक ऐसी बढ़त बनाना होगा जिसे कोई और न तोड़ सके। वहीं दूसरी न्यूजीलैंड तीसरा मैच हर हाल में जीतकर सीरीज में वापसी करना चाएगी। टीम इंडिया फिलहाल पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से आगे है।

वेलिंगटन में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

तीसरा मैच वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे से शुरू होगा। वेलिंगटन में टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। इस मैदान पर भारतीय टीम ने खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट (T20) में कुल 4 मैच खेले हैं, जिनमें से 2 में जीत मिली है, 1 में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। 2022 में भारत ने इस मैदान पर अपना आखिरी T20 मैच खेला था, लेकिन बारिश के कारण वह मैच रद्द हो गया था। हालांकि, 2020 में इसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच खेला गया T20 मैच बेहद रोमांचक रहा था, जिसमें भारतीय टीम ने 'सुपर ओवर' में जीत हासिल की थी।

विराट कोहली की कप्तानी में, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 165 रन बनाए थे। मनीष पांडे ने 50 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जबकि केएल राहुल ने 39 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की टीम भी अपने 20 ओवरों में 165 रन ही बना सकी, जिससे मैच टाई हो गया। 'सुपर ओवर' में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 रन बनाए; भारत ने इस लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया और 14 रन बनाकर जीत दर्ज की।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव

न्यूजीलैंड: डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन।

ये भी पढ़ेंः- PAK vs ENG: इंग्लैंड पर पाकिस्तान की एतिहासिक जीत, शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए की रिकॉर्ड साझेदारी

अन्य प्रमुख खबरें