ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में 9 यात्री जिंदा जले, PM मोदी  और सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

खबर सार :-

Greater Noida bus fire: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार रात यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लग गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। PM मोदी-सीएम योगी समेत नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताया है।
ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड पर PM मोदी  और सीएम योगी ने जताया दुख

खबर विस्तार : -

Noida Bus Fire: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में लगी भीषण आग से नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हालांकि, कुछ यात्री बस से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। मरने वालों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल हैं। राहत और बचाव कार्य लगभग पांच घंटे तक चला, जिसके दौरान शवों को निकालने के लिए बस की बॉडी को काटना पड़ा। इस दर्दनाक हादसे पर पीएम मोदी, सीएम योगी समेत तमाम नेताओं ने  गहरा दुख जताया है। साथ ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने (Noida Bus Fire) से हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" इसके अलावा, पीएम मोदी ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' से 2-2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी। जबकि घायलों को 50,000 दिए जाएंगे।

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज और हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बस में कैसे लगी आग

बता दें कि बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में दयानतपुर गांव के पास अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस और बचाव दलों ने करीब 30 यात्रियों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई; मृतकों में एक महिला और अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचे हुए यात्रियों ने उस डरावने मंजर को याद करते हुए बताया कि कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। हालात इतने भयानक थे कि कुछ पीड़ित बुरी तरह जल गए थे और उनकी पहचान करना भी मुश्किल था; उनके शरीर का केवल कंकाल ही बचा था। 

ये भी पढ़ेंः- Greater noida: स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर हुई मौत

35 यात्री थे सवार

मिली जानकारी के मुताबिक यह बस 'राज कल्पना ट्रैवल्स' की है और इसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 32 PA 8647 है। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। आधी रात के करीब जब आग लगी, तो बस धुएं से भर गई और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। ड्राइवर ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका। इसके बाद, कई यात्रियों ने खिड़कियों और इमरजेंसी एग्जिट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि अन्य आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद बचाव दलों ने बस की तलाशी ली और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

ड्राइवर-परिचालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

इस दुर्घटना के कारण जेवर टोल और फलाइदा कट के पास आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने बस के ड्राइवर और परिचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बस में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग कहां से शुरू हुई और इतनी तेजी से कैसे फैली।

ये भी पढ़ेंः- जमशेदपुर में ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी की गई जान, तमिलनाडु में बस से टकराई कार
 

अन्य प्रमुख खबरें