मतदेय स्थलों पर 28-29 नवंबर को विशेष अभियान, सूची में नाम न होने पर भरे फार्म छह

खबर सार :-

उत्तर प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस का आयोजन हो रहा है। यह सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल पर होगा। इसके लिए हेल्प डेस्क तथा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से सहायता मिल सकती है।
सूची में नहीं है यदि मतदाता का नाम, फार्म छह भरकर कराएं दर्ज

खबर विस्तार : -

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में किसी वोटर का नाम यदि लिस्ट में नहीं है तो उसकी जानकारी पहले से ही की जानी चाहिए। इसीलिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि मतदाता 28 एवं 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर इसकी पुष्टि कर लें। 17 नवम्बर को इस संबंध में आलेख्य प्रकाशित कराया गया था। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

मतदाता सूची को अपडेट करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए एक और मौका दिया जा रहा है। यह 28 और 29 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष अभियान के तहत दिया जा रहा है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत अभियान की जानकारी  मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को दी है। इस प्रकिया के अंतर्गत मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी।

यह भी पढ़ें : मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में विपक्ष का वॉकआउट, बागी सांसदों को बुलाने पर सरकार को घेरा

अभियान से आमजनों का नफा-नुकसान

आयोग की दी हुई अवधि में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के साथ ही पहले से दर्ज नाम और अन्य जानकारियों की जांच का अवसर दिया जा रहा है। यदि उनमें जरूरी सुधार की गुंजाइश लग रही है तो वह भी कराया जा सकता है। इसी के तहत शनिवार और रविवार को यह समय मुकर्रर किया गया है। इसका जनता को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक फार्म छह के संबंध में बड़ी भ्रांतियां फैला दी गई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, दोनों दिनों में प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने से संबंधित आपत्ति और विवरणों में सुधार के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी रखे जाएंगे।

हेल्पडेस्क में सभी की परेशानियों को दूर किया जाएगा

यदि फार्म से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल पा रही है या फार्म में कोई बात समय में नहीं आ रही है तो नागरिकों की सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इसके जरिए मतदाताओं को जानकारी और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इस व्यवस्था से लोग अपनी समस्याओं और सवालों का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। पात्र किसी भी हाल में लिस्ट से वंचित न हों, इस दिशा में चुनाव आयोग का जोर रहेगा। लिस्ट में विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

अवसरों और अधिकारों का लाभ लें नागरिक 

चुनाव आयोग के इस अभियान में प्रदेश के हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। आयोग की ओर से इसका प्रचार भी खूब किया जा रहा है।  जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस अभियान में लगाया गया है। उनकी जिम्मेदारी होगी कि कोई भी व्यक्ति लिस्ट में छूटे नहीं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल, बूथ लेवल एजेंट, वर्तमान और पूर्व ग्राम प्रधान, पार्षद और स्थानीय स्वयंसेवकों से मदद ली जा सकती है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदाता सूची लोकतंत्र की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसमें प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना जरूरी है। जो लोग लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में प्रदेशवासियों से विशेष अभियान दिवसों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए कहा गया हैं।

अधिकारियों को जांच और चेकिंग की दी ड्यूटी

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के लिए कहा गया है। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) दिए गए स्थलों का निरीक्षण करेंगे। बीएमओ का समय, उनका किया गया काम और पारदर्शिता को चेक किया जाएगा। अधिकारियों को अभियान को प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान की निगरानी और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जिलों में पहुंचकर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। 

यह भी पढ़ें : संसद का सामना करने से बच रही बालेंद्र शाह सरकार, 13 अध्यादेशों से 155 कानूनों में संशोधन
 

अन्य प्रमुख खबरें