30 दिन तक ग्रेनेड हमले होंगे....अमिताभ बच्चन के घर और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

खबर सार :-

अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' और मुंबई में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकियां मिली हैं, जिसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान' और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र है।
अमिताभ के घर और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

खबर विस्तार : -

Amitabh Bachchan Diljit Dosanjh Bomb Threat: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' और पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।धमकी भरे संदेश में कहा गया है कि अगर दिलजीत दोसांझ का शो होता है, तो अगले 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे। इतना ही नहीं मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में यह भी चेतावनी दी गई है कि बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय में मेयर के कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क और शहर की कई अन्य महत्वपूर्ण जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। 

अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' को उड़ाने की धमकी

ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' को उड़ाने की धमकी भी दी गई है। बताया जा रहा है कि 23 अक्टूबर के बाद से अमिताभ बच्चन के बंगले को लेकर मिली यह तीसरी धमकी है। इस नई धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान' और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र है। इसमें 'बब्बर खालसा (परमार कनाडा)' और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' जैसे संगठनों का भी उल्लेख है।

ये भी पढ़ेंः- कौन है आरुषि निशंक? जिन्होंने चिराग पासवान संग शादी की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी!

12 नवंबर को भी मिला था धमकी भरा ईमेल

इससे पहले  अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', BMC मुख्यालय और मुंबई की अन्य प्रमुख जगहों को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। इस महीने 12 नवंबर को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। उस ईमेल में छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स, मेयर के ऑफिस, अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में बम धमाके करने की धमकी दी गई थी।

18 नवंबर को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उसने लिखा कि वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन क्यों न बना लें, फिर भी उन्हें गोली मार दी जाएगी। इसके अलावा, 23 अक्टूबर और 6 नवंबर को भी ईमेल के जरिए अमिताभ के घर 'जलसा' को उड़ाने की धमकी मिली थी। 

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने धमकी

यह धमकी खास तौर पर शुक्रवार को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाती है। ईमेल भेजने वाले ने चेतावनी दी है कि अगर मुंबई में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होता है, तो शहर को लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमलों का सामना करना पड़ेगा। इसमें कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन हमले की संभावना का भी जिक्र है और दावा किया गया है कि 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर IED हमले हो सकते हैं। 

दरअसल इस बीच, दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाला है। हालांकि मुंबई पुलिस ने इस कार्यक्रम के लिए अनुमति दे दी है, लेकिन इन धमकियों के बाद सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।  इस धमकी के बाद, सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस ने ईमेल में बताई गई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन अधिकारी अभी भी इस बात की जांच कर रहे हैं कि धमकी कहां से आई है और यह कितनी गंभीर है।

ये भी पढ़ेंः- शिरडी पहुंचे अभिनेता राजकुमार राव, साईं बाबा के किए दर्शन, 'स्त्री 3' पर दिया बड़ा अपडेट

अन्य प्रमुख खबरें