धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी हुईं भावुक, बोलीं- वह मेरी पति नहीं पूरी दुनिया थे

खबर सार :-

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी भावुक हो गईं। अपने पति को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके बिना जीवन खाली-खाली सा लगता है और यह दर्द आज भी कम नहीं हुआ है।
धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी ने किया भावुक पोस्ट

खबर विस्तार : -

Dharmendra Death Anniversary: दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के दुनिया से विदा लिए एक साल बीत चुका है। फिर भी, उनके परिवार और चाहने वालों के लिए उनकी यादें आज भी उतनी ही ताजा हैं। उनकी पहली पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने एक भावुक श्रद्धांजलि दी है। धर्मेंद्र के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने उन्हें अपना दोस्त, मार्गदर्शक और जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा बताया। 

हेमा मालिनी की भावुक पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कई तस्वीरें साझा करते हुए हेमा मालिनी ने लिखा, "पूरा एक साल बीत गया है, लेकिन मेरा दुख आज भी उतना ही गहरा है। मैंने किसी ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। वे सिर्फ मेरे पति नहीं थे; वे मेरे लिए सब कुछ थे मेरे दोस्त, मेरे मार्गदर्शक और मेरे जीवनसाथी। वे मेरी ताकत थे; सच कहूं तो, मेरा अस्तित्व ही उनसे जुड़ा हुआ था। उनके बिना जीवन बहुत खाली-खाली लगता है। वह मेरी पूरी दुनिया थे। उनका शानदार व्यक्तित्व, उनके भीतर की अच्छाई और हर मिलने वाले इंसान को दिया गया उनका प्यार उन्हें एक असाधारण इंसान बनाता था। अपार सफलता पाने के बावजूद, वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे और कभी अपनी जड़ों को नहीं भूले।"

ये भी पढ़ेंः- Bigg Boss 20: काजी तौकीर को सलमान खान ने दिया बड़ा ऑफर, अरिश्फा का सपना भी करेंगे पूरा

उनके बिना जिंदगी बिताना आसान नहीं है- हेमा मालिनी

उन्होंने आगे कहा, "भगवद गीता हमें सिखाती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। मैं यह बात समझती हूं, फिर भी इस जीवन में उनकी प्यार भरी मौजूदगी की कमी बहुत खलती है। उनके बिना जिंदगी बिताना आसान नहीं है। मैं उन लाखों प्रशंसकों का दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इस उदार और प्यारे इंसान को याद रखा और धर्म-जी के लिए इतने स्नेहपूर्ण संदेश भेजे। आप सभी का एक बार फिर से तहे दिल से शुक्रिया।"

24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र का हुआ था निधन

गौरतलब है कि 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में मुंबई में धर्मेंद्र का निधन हो गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। इस दौरान उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार अपडेट आते रहे थे। 11 नवंबर को तो सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबरें भी फैल गई थीं। धर्मेंद्र ने 24 नवंबर को मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के अलावा फिल्म उद्योग की कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं। 

धर्मेंद्र-हेमा मालिनी की हिट जोड़ी

छह दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया। 'शोले', 'चुपके-चुपके', 'फूल और पत्थर' और 'सत्यकाम' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है। हिंदी सिनेमा में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने 1980 में शादी की थी और उनकी दो बेटियां हैं - ईशा देओल और अहाना देओल। यह जोड़ी हमेशा चर्चा का विषय रही है, चाहे वह पर्दे पर उनकी शानदार केमिस्ट्री हो या असल जिंदगी में उनका रिश्ता।

ये भी पढ़ेंः- रामायण ने 18वें दिन बॉक्स ऑफिस पर की ऐतिहासिक कमाई, 1700 करोड़ के पास पहुंचा आंकड़ा

अन्य प्रमुख खबरें