Bigg Boss 20 में आम्रपाली दुबे का गेम देख गदगद हुए निरहुआ, बोले-लोगों को दीवाना बना दिया

खबर सार :-

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक, निरहुआ और आम्रपाली दुबे फिर से चर्चा में हैं। इस बार किसी फिल्म की वजह से नहीं, बल्कि रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' की वजह से। आम्रपाली का प्रदर्शन देखकर निरहुआ उनके बहुत बड़े प्रशंसक बन गए हैं।
Bigg Boss 20 में आम्रपाली दुबे का गेम देख गदगद हुए निरहुआ

खबर विस्तार : -

Bigg Boss 20: टीवी का चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में कई धमाकेदार एपिसोड देखने को मिले हैं। इस हफ्ते घर के अंदर हुई लड़ाइयों और बहस की वजह से माहौल काफी गरमाया हुआ है। इस बीच भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अपनी को-स्टार आम्रपाली दुबे के खुलकर समर्थन में सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए निरहुआ ने आम्रपाली की खूब तारीफ की और फैंस से उनके लिए वोट करने की अपील की।

'बिग बॉस' की ट्रॉफी लेकर ही लौटेंगी आम्रपाली

वीडियो में निरहुआ कहते हैं, "आम्रपाली 'बिग बॉस' में बहुत शानदार खेल रही हैं! उनका बेबाक अंदाज, उनकी समझदारी, उनकी तेज बुद्धि और उनका स्टाइल इन सबने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। वह इतना अच्छा खेल रही हैं कि हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार आम्रपाली 'बिग बॉस' की ट्रॉफी लेकर ही घर लौटेंगी। निरहुआ कहते हैं, "हम सभी को उम्मीद है कि वह 'बिग बॉस' की ट्रॉफी जीतेंगी। वह पक्का जीतेंगी! जिस तरह से वह खेल रही हैं। उससे यह साफ है कि आम्रपाली ही ट्रॉफी अपने नाम करेंगी।"

इससे पहले आम्रपाली ने निरहुआ का किया था जिक्र

आम्रपाली दुबे इस समय टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो में से एक, 'बिग बॉस 20' की कंटेस्टेंट हैं। इससे पहले 'बिग बॉस 20' के घर के अंदर आम्रपाली अपने दोस्त निरहुआ का जिक्र करती नजर आई थीं। हाल ही में, साथी कंटेस्टेंट माही विज से बातचीत के दौरान, उन्होंने निरहुआ की शादीशुदा जिंदगी के बारे में बात की। जब माही ने पूछा कि क्या दिनेश (निरहुआ) की कभी कोई गर्लफ्रेंड रही है, तो आम्रपाली हंसते हुए बोलीं, "शायद रही होगी।" निरहुआ का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बावजूद, वह अपनी पत्नी के साथ ही रहे। उन्होंने यह भी बताया कि दिनेश की शादी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले ही तय हो गई थी।

इसके अलावा आम्रपाली ने एक अन्य कंटेस्टेंट, लव गिल को बताया था कि निरहुआ के साथ उनकी दोस्ती इतनी गहरी और स्वाभाविक है कि वे बिना बोले ही एक-दूसरे को समझ लेते हैं। उन्होंने बताया कि लोग उन्हें एक कपल समझ लेते हैं, जबकि खुद दिनेश अक्सर उनसे शादी करने के लिए कहते रहते हैं।

ये भी पढ़ेंः- कालीन भैया पर क्यों फिदा हैं महिलाएं ! पंकज त्रिपाठी ने भी जताई हैरानी

निरहुआ-आम्रपाली की जोड़ी सबसे सफल जोड़ियों में से एक

बता दें कि भोजपुरी सिनेमा में निरहुआ और आम्रपाली की जोड़ी को सबसे सफल ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक माना जाता है। आम्रपाली ने 2014 में फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा, जिसमें उन्होंने निरहुआ के साथ काम किया। अपनी पहली ही फिल्म में उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्में दीं। अब तक, दोनों ने लगभग 35 फिल्मों में एक साथ काम किया है। 'निरहुआ हिंदुस्तानी' के अलावा, 'पटना से पाकिस्तान', 'बम बम बोल रहा है काशी' और 'निरहुआ चलल लंदन' जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की।

आम्रपाली-निरहुआ के रिश्ते की उड़ी थी अफवाह 

उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को देखते हुए, अक्सर उनके रिश्ते को लेकर कयास लगाए जाते रहे हैं और ऐसी अफवाहें भी उड़ती रही हैं कि वे एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि, निरहुआ और आम्रपाली दोनों ने ही इन दावों को हमेशा खारिज किया है। आम्रपाली ने हमेशा निरहुआ को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताया है।

निरहुआ की बात करें तो शादीशुदा हैं। उनकी पत्नी का नाम मानसा यादव है। एक पुराने इंटरव्यू में, निरहुआ ने इन अफवाहों पर बात करते हुए कहा था कि ये पूरी तरह से फैंस की बनाई हुई बातें हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह एक शादीशुदा इंसान हैं और उनके बच्चे भी हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आम्रपाली उनकी बहुत अच्छी दोस्त हैं और उनका रिश्ता पूरी तरह से एक दोस्त और प्रोफेशनल साथी वाला है।

ये भी पढ़ेंः- साउथ स्टार तेजा सज्जा ने गर्लफ्रेंड से की सगाई, जानें कौन हैं उनकी होने वाली दुल्हनिया मौर्य

अन्य प्रमुख खबरें