दिलशान मुदशंका के आगे पस्त हुआ पाकिस्तान, श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, इंग्लैंड हुआ बाहर

खबर सार :-

श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में जगह बना ली है। श्रीलंका ने दिलशान मदुशंका के 5 विकेट की बदौलत पाकिस्तान टीम को 110 रनों पर ही ढेर कर दिया। फाइनल में श्रीलंका का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
पाक को 8 विकेट से हरा श्रीलंका ने फाइनल में बनायी जगह

खबर विस्तार : -

PAK vs SL: श्रीलंका ने पाकिस्तान में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के खिलाफ मंगलवार को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंका ने 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट पक्का किया। त्रिकोणीय श्रृंखला का फाइनल 31 अक्टूबर को खेला जाएगा। जहां पाकिस्तान और श्रीलंका आमने—सामने होंगी। इंग्लैंड तीनों मैच हारकर खिताबी मुकाबले से बाहर हो गई है। त्रिकोणीय सीरीज में पाकिस्तान ने 4 में से 3 मैच और श्रीलंका ने 3 में से 2 मैच जीते हैं। पाक टीम प्वाइंट्स टेबल पहले नंबर पर है। वहीं, श्रीलंका ने 3 में से 2 मैच में विजय हासिल करते हुए फाइनल की राह पकड़ी। श्रीलंका टीम 29 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलेगी और अपनी फाइनल की तैयारियों को धार देगी। इंग्लैंड टीम को शुरूआती तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह अंतिम मैच में सम्मान बचाने के लिए जीत हाासिल करना चाहेगी। 

पाकिस्तान के बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन  

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी पाकिस्तान टीम बुरी हार का सामना करना पड़ा। बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के चलते पाक टीम 25.3 ओवरों में सिर्फ 110 रनों पर ही सिमट गई। ओपनिंग जोड़ी फखर जमां और माज सदाकत सिर्फ 11 रनों की ही साझेदारी कर सके। पहले विकेट के रूप में फखर 5 रन बनाकर आउट हुए। बाबर आजम और सदाकत भी सिर्फ 12 रन जोड़ सके। 23 रनों पर ही पाक टीम के दोनों ओपनर पैवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद बाबर आजम (29) ने साद बेग (5) के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रनों की साझेदारी कर स्कोर को आगे बढ़ाया। हालांकि, इस जोड़ी के टूटने के बाद ही विकेटों की लाइन लग गई। पाक टीम के 64 के स्कोर तक 6 अहम विकेट गिर चुके थे। इसके बाद मैदान पर आए अराफात मिन्हास (10) ने हसन नवाज (17) के साथ सातवें विकेट के लिए 27 रनों की साझेदारी की, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से नहीं बचा सके। 

दिलशान मदुशंका की गेंदबाजी के आगे पस्त हुआ पाक  

मैच में श्रीलंकाई गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। दिलशान मदुशंका ने पाक की आधी टीम को पैवेलियन की राह दिखायी। दिलशान मदुशंका ने 8.3 ओवरों में 34 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। इसके अलावा सहान अराच्चिगे ने 2 विकेट, असिथा फर्नांडो, ईशान मलिंगा और दुनिथ वेल्लालगे ने 1-1 विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 18.1 ओवरों में ही मैच जीत लिया। श्रीलंका की ओर से कामिंदु मेंडिस और अविष्का फर्नांडो की ओपनिंग जोड़ी ने 41 गेंदों पर 50 रन जोड़े। अविष्का 16 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंकाई कप्तान कुशल मेंडिस का फ्लाप शो जारी रहा और वह सिर्फ 8 रन बना सके। 62 रन पर 2 विकेट खोने के कामिंदु मेंडिस ने मोर्चा संभाला और पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी और अराफात मिन्हास ने 1-1 विकेट हासिल किया।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ 3rd T20I: अभ‍िषेक की सुनामी में सहमा न्यूजीलैंड, वैभव भी चमके, भारत ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा

अन्य प्रमुख खबरें