पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज की स्पीड और बाउंस की काबिलियत को इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने सराहा, जमकर की तारीफ

खबर सार :-

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज रजाउल्लाह की जमकर तारीफ की हैं बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और ओपनर एमिलियो गे का विकेट चटकाने वाले रजाउल्लाह की तेजी और बाउंस हासिल करने की काबिलियत को सराहा।
पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने तेज गेंदबाज रजाउल्लाह की तारीफ की

खबर विस्तार : -

ENG vs PAK Birmingham Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट बर्मिंघम मे बुधवार से खेला जा रहा है। तीसरे टेस्ट मैच में पाक टीम में कई नए प्लेयरों को खेलने का मौका मिला। इन प्लेयरों में तेज गेंदबाज रजाउल्लाह भी शामिल हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने पाकिस्तान के 21 साल के युवा तेज गेंदबाज रजाउल्लाह की जमकर तारीफ की है।

रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया है और अपनी शानदार गेंदबाजी से प्रभावित किया है। रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे के विकेट चटकाए। हुसैन ने कहा, "पाकिस्तान लंबे समय से अपने गेंदबाजों से कुछ अलग करने की मांग कर रहा था। रजाउल्लाह का वह स्पेल देखना अच्छा लगा। उसमें कुछ अलग था। उसने बेहतरीन बल्लेबाज जो रूट का विकेट लिया। नासिर हुसैन खास तौर पर युवा पेसर की स्पीड और बाउंस पैदा करने की काबिलियत से प्रभावित हुए। 

133 रनों पर ही सिमट गई पाकिस्तान की पहली पारी 

लॉर्ड्स में मिली बड़ी हार के बाद पाकिस्तान टीम के 7 खिलाड़ियों को स्वदेश भेज दिया गया था और 7 नए खिलाड़ियों को इंग्लैंड बुलाया गया था। इसमें रजाउल्लाह भी शामिल हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अब तक सिर्फ आठ प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। प्रथम श्रेणी में रजाउल्लाह के नाम 30 विकेट हैं। रजाउल्लाह की गेंदबाजी बर्मिंघम टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान के लिए एकमात्र सकारात्मक बात रही।

रजाउल्लाह की गेंदबाजी की वजह से ही पहली पारी में 133 रन पर सिमटने वाली पाकिस्तान ने पहले दिन के खेल की समाप्ति के समय तक इंग्लैंड के 4 विकेट 156 पर गिरा दिए थे और मैच में वापसी की संभावना को बनाए रखा था। टेस्ट के दूसरे दिन भी इस युवा गेंदबाज के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। पाकिस्तान की पारी की बात करें तो टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम एक बार फिर बिखर गई और 33.5 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। सऊद शकील 43 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। दसवें नंबर पर आने वाले मोहम्मद अब्बास 21 रन बनाकर दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 4, जबकि ओली रॉबिनसन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट लिए। 

इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान बार-बार गलती दोहरा रहा पाकिस्तान

पाकिस्तान के बल्लेबाज सऊद शकील ने माना कि उनकी टीम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान बार-बार गलती दोहरा रही है। शकील ने कहा कि टीम को और सब्र दिखाने और मुश्किल दौर से लड़ने की जरूरत है। सीरीज में पहले दो टेस्ट गंवा चुकी पाकिस्तान बुधवार से बर्मिंघम में शुरू हुए तीसरे टेस्ट में पहली पारी में 133 रन पर सिमट गई।  शकील ने कहा, "यह निराशाजनक है। हम एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर वही गलती कर रहे हैं। हमने आसानी से अपने विकेट दिए। उन्होंने कहा, "हम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हां, यह निराशाजनक है कि हम वही गलतियां करते रहते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह आत्मविश्वास का मामला है। अगर आपमें इस स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास नहीं है, तो आप यहां खेलने के लायक नहीं हैं। मुश्किल हालात में, खराब फॉर्म से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो सकता है।

सीरीज में लगातार रन बनाने वाले अकेले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं सऊद शकील 

शकील इस सीरीज में लगातार रन बनाने वाले अकेले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार इनिंग्स में 175 रन बनाए हैं, जबकि टीम का उनका कोई भी साथी खिलाड़ी 100 के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है। शकील ने कहा कि टॉस हारने और आसमान में बादल छाए होने की स्थिति में बैटिंग करने के बाद पाकिस्तान के पास साझेदारी बनाने का एक अहम मौका था। उन्होंने कहा, "टेस्ट आगे बढ़ने के साथ पिच बेहतर होगी, लेकिन शुरुआत में इसमें दम था। टॉस हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन हम हार गए और पहले बैटिंग की, और वहां आसमान में बादल छाए होने की वजह से इंग्लैंड को फायदा हुआ। नई गेंद से इंग्लैंड का टॉप ऑर्डर भी जूझ रहा था, इसलिए नई गेंद से खेलना जरूरी था। 

दो अंकों में नहीं पहुंच पाए पाकिस्तान के पहले पांच बल्लेबाज 

पाकिस्तान के पहले पांच बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच पाए। यह पहली बार था जब उनके टॉप पांच बल्लेबाज इंग्लैंड में टेस्ट की पहली पारी में 10 या उससे ज्यादा रन नहीं बना पाए। शकील ने एक बार फिर कंडीशन और सिचुएशन के हिसाब से ढलने की अपनी काबिलियत दिखाई। शकील ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। उन्होंने कहा, "मैं किसी भी स्थिति की जरूरत के हिसाब से खेलने की कोशिश करता हूं। मेरे आस-पास विकेट गिर रहे थे, मेरे लिए सबसे अच्छा विकल्प था कि मैं ज्यादा से ज्यादा रन बनाऊं। इसलिए मैं स्थिति के हिसाब से संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा था। शकील ने माना कि सीरीज के दौरान गेंदबाजों को मिली मदद से हम हैरान हैं। रूट जैसे खिलाड़ी भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शायद हमें इसकी आदत नहीं है, लेकिन हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे थे। हम अपनी बैटिंग की नाकामियों को मानते हैं, लेकिन हालात भी बॉलर्स के पक्ष में हैं। 

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, डेविड मिलर-क्विंटन डी कॉक की हुई वापसी

अन्य प्रमुख खबरें