बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का मंडरा रहा खतरा, तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

खबर सार :-

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना जताई है। विभाग ने शनिवार को मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की अपील की है। तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, समुद्र में न जाने की अपील

खबर विस्तार : -

चेन्नई: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को मछुआरों को सलाह दी गई कि वे रविवार से अगले पांच दिनों तक खुले समुद्र में न जाएं। इस बीच, तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने बुलेटिन में बताया कि एक मौसमी प्रणाली, जो 22 अक्टूबर को कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिणी तमिलनाडु तथा केरल के आसपास के हिस्सों में थी, 23 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र की ओर बढ़ गई है। समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर केरल से उत्तरी तमिलनाडु तट तक फैला एक वायुमंडलीय ट्रफ (atmospheric trough) इस पूरे क्षेत्र में बारिश को प्रभावित कर रहा है। 

पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान

शनिवार के लिए तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों के कुछ हिस्सों के साथ-साथ कोयंबटूर, नीलगिरी और थेनी के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, तिरुचिरापल्ली, तेनकासी, मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर और तिरुपुर सहित कई अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना है। चेन्नई और उसके आसपास के जिलों, डेल्टा क्षेत्र, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश होने का अनुमान है।

इसके अलावा, 25 अक्टूबर को नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, पेरम्बलुर, अरियालुर और तिरुचिरापल्ली जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। शिवगंगा, पुदुकोट्टई, रामनाथपुरम, तिरुपत्तूर, कृष्णगिरि, धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर और रानीपेट के साथ-साथ कई पश्चिमी और उत्तरी जिलों में बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है। चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर, कुड्डालोर और कावेरी डेल्टा के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है।

यह भी पढ़ेंः- समुद्री सहयोग बढ़ाने के मकसद से प्रशिक्षण अभियान के लिए मालदीव पहुंचे भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के तीन जहाज

26 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 26 अक्टूबर को एक और भारी बारिश के दौर की भविष्यवाणी की है। इस दौरान नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, मदुरै, शिवगंगा, रामनाथपुरम और पुदुकोट्टई के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, इरोड, सलेम, नमक्कल, करूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल और विरुधुनगर सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।

पुडुचेरी, कराईकल में बारिश और तूफान की संभावना

थूथुकुडी, पेरम्बलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर और तिरुवन्नमलाई के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में बारिश और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की उम्मीद है। तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मछुआरों के लिए रविवार से गुरुवार, 29 अक्टूबर तक पांच दिनों की चेतावनी लागू रहेगी। यह सलाह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे संभावित मौसमी सिस्टम को देखते हुए जारी की गई है।

तूफान की संभावना को लेकर नेपाल में भी हाई अलर्ट

अगले हफ्ते भारत से टकराने वाले एक शक्तिशाली तूफान की आशंका को देखते हुए, नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इस सिस्टम का असर 11 से 15 नवंबर के बीच नेपाल के मौसम पर पड़ सकता है। विभाग ने बताया है कि इस दौरान नेपाल के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश की अनुमानित मात्रा, खतरे के स्तर और नेपाल पर इस सिस्टम के संभावित असर का आकलन करने के बाद यह हाई अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह जारी एक एडवाइजरी में विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के कारण परिवहन, कृषि और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए, सभी संबंधित पक्षों और अधिकारियों से सतर्क रहने को कहा गया है।

यह भी पढ़ेंः- जयपुर और भोपाल ने जारी किया अलर्ट, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश  के आसार

अन्य प्रमुख खबरें