कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिवारों का हुआ सम्मान

खबर सार :-

27वें कारगिल विजय दिवस के मौके पर नगर निगम लखनऊ द्वारा कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद परिवारों, वीर माताओं तथा वीर नारियों के सम्मान में एक समारोह भी किया गया।
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिवारों का हुआ सम्मान

खबर विस्तार : -

लखनऊ: 27वें कारगिल विजय दिवस के मौके पर नगर निगम लखनऊ द्वारा कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद परिवारों, वीर माताओं तथा वीर नारियों के सम्मान में एक समारोह भी किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। कार्येक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप मंे मौजूद थे। मंत्री नगर विकास, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत एके शर्मा भी यहां रहे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीरज बोरा सदस्य विधान परिषद रामचन्द्र प्रधान  पवन सिंह चैहान, संतोष सिंह, पूर्व सदस्य विधान परिषद अरविंद त्रिपाठी गुड्डू, उपनेता पार्षद दल, कार्यकारिणी सदस्य अरुण राय, एवं उपाध्यक्ष कार्यकारिणी सुशील तिवारी पम्मी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर, संदीप शर्मा, संजय सिंह राठौर ,विनोद यादव, राजीव वाजपेयी ने भारत माता के अमर वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर

कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल के अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। बाद में सभी अतिथियों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। म्युनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज, कश्मीरी मोहल्ला द्वारा वन्दे मातरम मॉडर्न मॉन्टेसरी स्कूल, मॉडल हाउस द्वारा ऐ मेरे वतन के लोगों, मॉडर्न मॉन्टेसरी स्कूल, कश्मीरी मोहल्ला द्वारा सौगंध मुझे इस मिट्टी की तथा अमीनाबाद इंटर कॉलेज द्वारा चट्टानों से लड़ो, आगे बढ़ो की प्रस्तुतियों दी।

त्याग को बताया राष्ट्र का गौरव

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, वीरता और बलिदान का प्रतीक है। महापौर ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का त्याग सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। महापौर ने कहा कि आज भारत अपनी सैन्य शक्ति को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयासों से आज ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। जिसमें कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय, लांस नायक केवलानंद द्विवेदी एवं रायफलमैन सुनील जंग के परिजनों को सम्मानित किया गया। देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद श्री राजवीर सिंह, मुकेश चंद्र शर्मा, अरुण कुमार त्रिपाठी, हर्षवर्धन सिंह बिष्ट,रामानंद सिंह, भूपेंद्र मेहरा, शशिकांत यादव, नरेंद्र तिवारी सहित अन्य शहीदों के परिजनों, वीर माताओं एवं वीर नारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहें

अपने संबोधन में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारजनों तथा पूर्व सैनिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कारगिल जैसी लड़ाइयाँ केवल सीमाओं पर ही नहीं लड़ी जातीं, बल्कि आज देश के भीतर भी अनेक प्रकार की चुनौतियाँ मौजूद हैं। आतंकवादियों, छद्मवेश में छिपे राष्ट्रविरोधी तत्वों तथा समाज में भ्रम फैलाने वाली शक्तियों से सभी नागरिकों को सजग रहने की आवश्यकता है।

सोशल मीडिया के इस दौर में भ्रामक एवं झूठी सूचनाएँ तेजी से फैलती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य परखे तथा देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध किसी भी दुष्प्रचार का हिस्सा न बने। मंत्री शर्मा ने मंच से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान अटल जी स्वयं सीमा क्षेत्र में पहुँचकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने गए थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ के सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर उनका सम्मान किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

यह भी पढे. ; कांग्रेस और उनके सहयोगियों का एकमात्र एजेंडा देश में असंतोष की आग भड़काना: वेदप्रकाश

अन्य प्रमुख खबरें