गुजरात के कच्छ में भयानक रोड एक्सीडेंटः ट्रेलर-कार की टक्कर में 7 की मौत, वाहन को काटकर निकाले गए शव

खबर सार :-

Gujarat Kutch road accident: गुजरात के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 2 महिलाएं और 3 छोटे बच्चे शामिल हैं।
Kutch road Accident : गुजरात के कच्छ में ट्रक-कार की टक्कर में 7 की मौत

खबर विस्तार : -

Kutch road Accident : गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक और कार में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार दो हिस्सों में बंट गई। जिससे कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं, ये सभी सेना के जवानों के परिवारों से थे। कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला गया। रविवार को पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

कार को काटकर निकाले गए शव 

बता दें कि यह भयानक हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे तब हुआ जब सैन्यकर्मियों का परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था। तभी उनकी कार एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंचे बचाव दलों को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और इस काम में कई घंटे लग गए। वहीं कार को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला गया। टक्कर के कारण सड़क पर मलबा और शवों के अवशेष बिखर गए थे।

मरने वालों नें नवजात समेत तीन बच्चे शामिल

मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे, जिनमें एक नवजात शिशु भी था। मृतकों की पहचान रिंकी नितिन गुसाईं (35) और उनकी चार महीने की बेटी वमिका। सौरभ सिंह नेगी (30) उनकी पत्नी सविता सौरभ सिंह नेगी (30) और उनकी 3 महीने की बेटी सिविका; तथा राजेश रावत (35) और उनकी सात साल की बेटी रक्षिता के रूप में हुई है। ये सभी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सैन्यकर्मी के परिवार के सदस्य थे।

ये भी पढ़ेंः-झांसी के NH-27 पर भीषण हादसा, हाईवे पर खड़े युवकों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, दो चालकों की मौत

राजस्थान में भी भीषण बड़ा सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत

इसके अलावा राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास रविवार को तीर्थयात्रियों से भरा एक वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया, "शंभूपुरा के पास, आधी रात के करीब 16 लोगों से भरा एक वाहन ट्रक से टकरा गया। यह एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा था, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। ये लोग खाटू श्याम के दर्शन करके महाराष्ट्र लौट रहे थे; वे सभी एक ही परिवार के थे। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को सही इलाज मिले और वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वालों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।"

पीएम मोदी ने दुख जताया, मुआवजे की घोषणा की

इस घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "गुजरात के कच्छ में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना पर दुख जताया और 'X' पर लिखा, "गुजरात के कच्छ में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों की जान जाने की खबर अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में, मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

गौरतलब है कि देश में हर दिन कई लोग हादसों का शिकार होकर अपनी जान गंवा देते हैं। ऐसी घटनाओं का मुख्य कारण ट्रैफिक नियमों का पालन न करना और ड्राइवरों की लापरवाही है। ठंड का मौसम शुरू होने के साथ ही, देश के कई हिस्सों में रात के समय हल्का कोहरा छाने लगा है; इसलिए, जब भी आप बाहर निकलें, तो सुनिश्चित करें कि सभी ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। इसके अलावा, गाड़ी चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।

ये भी पढ़ेंः- मध्य प्रदेश के खरगौन में कार को ट्रक ने मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत; ड्राइवर फरार
 

अन्य प्रमुख खबरें