झांसी के NH-27 पर  भीषण हादसा, हाईवे पर खड़े युवकों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, दो चालकों की मौत

खबर सार :-

Jhansi News: झांसी-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के हार्वेस्टर, पिकअप और बस की टक्कर में दो चालकों की मौत हो गई। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और जांच शुरू की।
झांसीः हाईवे पर खड़े युवकों को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, दो की मौत

खबर विस्तार : -

झांसीः यूपी के झांसी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित औपारा ओवरब्रिज पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो पिकअप चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा चिरगांव थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब पहले से दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हार्वेस्टर और पिकअप को देखने के लिए सड़क किनारे रुके दो अन्य पिकअप चालकों को पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने रौंदते हुए निकल गई। बस की जोरदार टक्कर से दोनों चालक वाहनों के बीच बुरी तरह दब गए। गंभीर चोटों के चलते दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे औपारा ओवरब्रिज पर हार्वेस्टर (MP16ZM2499) में पीछे से आ रही महिंद्रा पिकअप (UP32ZN9398) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़े हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। पिकअप चालक को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने की प्रक्रिया चल रही थी।

ये भी पढ़ेंः- काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हुई, ट्रैवलर चालक-खलासी की भी मौत

मृतकों की हुई पहचान

इसी दौरान पीछे से आ रहे दो पिकअप मैक्स लोडर के चालकों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को देखने के लिए अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए। इनमें जितेंद्र कुमार (26) पुत्र रामनाथ कुशवाहा निवासी बद्दा पुरवा, झीझक, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात और मोहम्मद शाहिद (29) पुत्र हारुन निवासी चौकीदारपुरवा, रामगांव, बहराइच शामिल थे। दोनों अपने-अपने वाहन पिकअप मैक्स लोडर (UP77AN6488 और UP32SN5805) से उतरकर हादसे को देखने लगे।

तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हंस ट्रेवल्स की बस (AR11L9006) ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और हार्वेस्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र कुमार और मोहम्मद शाहिद वाहनों के बीच फंसकर बुरी तरह कुचल गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद हाईवे पर यातायात रहा प्रभावित 

सूचना मिलते ही चिरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु करा दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर शांति व्यवस्था सामान्य है। एक के बाद एक हुई दुर्घटनाओं ने हाईवे पर रात के समय सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को फिर उजागर कर दिया।

ये भी पढ़ेंः- Muzaffarnagar Accident: मुजफ्फरनगर में भयंकर सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, 6 लोग जिंदा जले

अन्य प्रमुख खबरें