CM Yogi Mother Funeral: मां के अंतिम दर्शन कर रो पड़े मुख्यमंत्री, आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

खबर सार :-

CM Yogi Mother Savitri Devi Funeral: सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। CM योगी अपनी मां को अंतिम श्रद्धांजलि देने के बाद रो पड़े और उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए।
CM योगी की मां का आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

खबर विस्तार : -

CM Yogi Mother Funeral: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। 91 साल सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। आज यानी शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।  इससे पहले घर पर अंतिम रस्में हुईं, फिर सुबह अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए निकली। इस दौरान मां के अंतिम दर्शन कर मुख्यमंत्री रो पड़े, उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए। 

मां के अंतिम दर्शन कर रो पड़े मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम संस्कार के दौरान भावुक हो गए। उनकी आंखों में आंसू आ गए, जिसे वह पोछते हुए नजर आए। उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वह कुछ देर उनके पास खड़े रहे और उन्हें गौर से देखते रहे। इसके बाद सीएम योगी ने अपनी मां को कंधा दिया और उनकी अंतिम यात्रा चंडीघाट के लिए रवाना हो गई। 

हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार 

मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों और देखभाल करने वालों से अपनी मां के अंतिम क्षणों के बारे में भी पूछा। वह पूरी रात उनके पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने कुछ भी नहीं खाया-पिया। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है।

गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली थी मां के निधन की सूचना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान मां के निधन की जानकारी मिली थी। उस समय वह युवाओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे। उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उनके भाषण के बाद उन्हें यह जानकारी दी। 

ये भी पढ़ेंः- अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 50 लाख के पार पहुंच सकता है आंकड़ा

इसके बाद मुख्यमंत्री अपने तय काम पूरे करके उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। पंचूर गांव पहुंचकर उन्होंने अपनी मां को अंतिम श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया। सावित्री देवी लंबे समय से बीमार थीं। शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अपने पैतृक घर पर आखिरी सांस ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरी बड़ी पारिवारिक दुखद घटना है।

2020 में पिता का हो गया था निधन

उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था। COVID-19 महामारी की पाबंदियों और मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कर्तव्यों के कारण, वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। गोरखनाथ मंदिर परिवार ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया है। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाए गए और एक शोक सभा रखी गई। अपनी मां के अंतिम संस्कार और उससे जुड़े रीति-रिवाजों में शामिल होने के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दोपहर करीब 2:15 बजे उत्तराखंड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

मई में मां से योगी ने की थी मुलाकात

उनके इलाज के लिए एम्स के ऋषिकेश और जॉलीग्रांट अस्पताल में भी ले जाया गया था। जिस समय उनकी मां को इलाज के लिए ले जाया गया था, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहां पहुंचे थे। अभी गर्मियों में उनकी तबीयत काफी खराब थी। उस दौरान भी 7 मई को योगी ने गांव पहुंच कर मां से बातचीत की थी। योगी आदित्यनाथ के परिवार में सावित्री देवी सरल स्वभाव की थी। वह लोगों से मिलना-जुलना पसंद करती थी। उनके परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं।

ये भी पढ़ेंः- पैतृक गांव पंचूर पहुंचे योगी आदित्यनाथ, मां के पार्थिव शरीर के किए अंतिम दर्शन

अन्य प्रमुख खबरें