काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हुई, ट्रैवलर चालक-खलासी की भी मौत

खबर सार :-

असम के काजीरंगा सड़क हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रैवलर चालक और खलासी की भी जान गई है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल सात लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज भेजा गया। ट्रैवलर में करीब 35 लोग सवार थे।
असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-ट्रैवलर की टक्कर में 23 की मौत

खबर विस्तार : -

काजीरंगा, असम में काजीरंगा के रंगाजान में ट्रक और यात्री ट्रैवलर के बीच आज जबरदस्त भिड़ंत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के कारण वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पहले 12 लोगों की मौत की जानकारी मिली थी। लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 23 हो गई है। कोहरा अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है। हादसे में गंभीर रूप से सात लोग घायल हैं। इनको बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी पाते ही प्रशासन और संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर के चालक माजिद और खलासी सुभाष की भी दुर्घटना में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह दोनों नगांव जिले के केचुआली निवासी थे। ट्रैवलर में कुल 35 लोगों के सवार होने की जानकारी मिल रही है। वाहनों की टक्कर में ट्रक चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने इसे हिरासत में ले लिया गया है। इस दुर्घटना में आठ के शव बोकाखात अस्पताल में, शेष शव कोहरा अस्पताल में रखे गए हैं। 

असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा भी मौके पहुंचे

दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं मीडिया के माध्यम से यह खबर दूर तक पहुंचने से चारो ओर कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।  मंत्री बोरा ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि जो लोग घायल हैं, उनके उच्चस्तरीय इलाज के लिए कहा गया है। इलाज में सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। यह हादसा दो वाहनों के टकराने से हुआ है। टक्कर बहुत जोरदार थी, जिससे पैसेंजर गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई। कई लोग अंदर फंस गए थे। इनको निकालने में स्थानीय लोगों कंे साथ पुलिस और प्रशासन को भी मशक्कत करनी पड़ी। 

घायलों को कोहोरा हॉस्पिटल ले जाया गया

हादसे के संबंध में कहा जा रहा है कि ज्‍यादातर पैसेंजर स्टूडेंट ही थे। अधिकारियों ने अभी तक मरने वालों की पहचान नहीं बताई है। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस वालों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में एक के बाद एक घायल को निकाला गया। इमरजेंसी टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ी के अंदर फंसे पैसेंजर को निकाला। घायलों को तुरंत इलाज के लिए कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल ले जाया गया।  अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जगह पर बचाव और लोगों को निकालने का काम काफी देर तक चलता रहा।

मरने वालों की संख्या बढ़ती रही। बाद में बताया गया कि 23 लोगों की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। हादसा किन कारणों से हुआ? यह तुरंत साफ नहीं हो पाया। तेज रफ्तार गाड़ी, खराब विजिबिलिटी या किसी अन्य वजह से यह हादसा हुआ? इसकी जांच शुरू हो गई है। वाहनों की टक्कर के बाद लोगों के शव देखकर काजीरंगा इलाके में सनसनी फैल गई है। कई सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं। इस दौरान ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बुलानी पड़ी। 

बताया जा रहा है कि काजीरंगा नेशनल पार्क के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। हादसा कोहोरा रेंज में नेशनल हाईवे-715 पर हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। गोलाघाट के सीनियर पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। 

यह भी पढ़ें  : नेहा बोरा की हिंदू नफरत आई सामने, उनके विचार राहुल गांधी से प्रेरित: भाजपा

अन्य प्रमुख खबरें