लखनऊ: पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने किया यातायात माह 2026 का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा का संकल्प

खबर सार :-

लखनऊ में यातायात माह 2026 का शुभारंभ हो गया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
लखनऊ में यातायात माह 2026 का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा पर जोर

खबर विस्तार : -

लखनऊ: राजधानी में सुरक्षित यातायात संचालन और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को यातायात माह 2026 का औपचारिक आगाज किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन्स लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

पुलिस आयुक्त ने किया यातायात माह का शुभारंभ

रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार, पुलिस उपायुक्त (मध्य/यातायात) अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) राघवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइन्स) राजेश कुमार यादव और संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पाण्डेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वॉलंटियर्स और प्रतिभागियों ने भी यातायात जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।

वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्टॉकहोम घोषणा 2020 के अनुरूप वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत तक की कमी लाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यातायात माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा के पांच प्रमुख स्तंभों पर रहेगा विशेष जोर

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के पांच प्रमुख स्तंभों (5 E's) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इनमें शिक्षा के तहत छात्र-छात्राओं और चालकों को जागरूक करना, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त प्रवर्तन, यातायात इंजीनियरिंग में सुधार, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करना और पर्यावरण अनुकूल सुरक्षित यातायात व्यवस्था शामिल है। लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों और प्रमुख चौराहों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी

गोष्ठी और उद्घाटन समारोह के बाद पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से लगभग 400 बाइक सवारों की एक विशाल यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस लाइन्स से शुरू होकर 1090 चौराहे तक निकाली गई, जिसमें शामिल प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर आमजन को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए करें।

यह भी पढ़ेंः- लखनऊ में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन, चार अलग-अलग स्थानों से 06 अवैध SIM Box और भारी उपकरण ज़ब्त

अन्य प्रमुख खबरें