Kulgam Terror Attack: कुलगाम में CRPF टीम पर आतंकियों ने किया हमला, गोलीबारी में 3 जवान घायल

खबर सार :-

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को CRPF जवानों पर आतंकी हमला हुआ। गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर वहां से भाग निकले, जिनकी तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
कुलगाम में CRPF टीम पर बड़ा आतंकी हमला, तीन जवान गंभीर रुप से जख्मी

खबर विस्तार : -

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर को आतंकियों ने अचानक CRPF जवानों पर हमला कर दिया। मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने वहां तैनात जवानों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान गंभीर रूप घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

आतंकियों की गोलीबारी में तीन जवान घायल

इस हमले की पुष्टि करते हुए अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक टुकड़ी को निशाना बनाया गया था और घटना से जुड़ी बातों की जांच की जा रही है। CRPF के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले में एक चेकपॉइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। हमलावर सीआरपीएफ जवानों पर गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में ले जाया गया है।

एक जवान की हालत गंभीर

घायलों में से राकेश दास के पैर में गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है। उनकी हालत भी स्थिर बताई जा रही है। जबकि संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है और फिलहाल उनकी सर्जरी चल रही है। 

ये भी पढ़ेंः- खामनेई के इशारे का इंतजार कर रहे कमांडर, अमेरिका-इजरायल को मुंहतोड़ जवाब के लिए तैयार

सेना ने पूरे इलाके को घेरा, सर्च ऑपरेशन जारी

उधर हमले की सूचना मिलने पर, क्विक रिएक्शन टीमें (QRTs) मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि हमले की जगह नेशनल हाईवे से लगभग चार किलोमीटर दूर है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बल हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है। 

इसी महीने में दो आतंकी किए गए थे गिरफ्तार

बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन 'इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन' से जुड़े अलगाववादी और आतंकवादी मॉड्यूल के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ, इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बारामूला के चकलू निवासी इरशाद अहमद भट और सोपोर के वटलाब निवासी शौकत अहमद रेशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां FIR नंबर 168/2026 के तहत की गई हैं, जिसे 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम' (UAPA) की धारा 10 और 13 के तहत दर्ज किया गया था।

सितंबर में मारे गए थे जैश के दो आतंकी 

इससे पहले, सितंबर के महीने में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में जैश के दो आतंकवादी मारे गए, जबकि एक अन्य को पकड़ लिया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि मारे गए दोनों आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' से जुड़े थे। उनके पास से एक एके असॉल्ट राइफल, चार मैगजीन, एक एम4 कार्बाइन, एक ग्लॉक पिस्तौल और चार ग्रेनेड बरामद किए गए।

ये भी पढ़ेंः- Tripura: भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF जवानों पर तस्करों ने लाठी-डंडों से बोला हमला, राइफल भी छीनी, आठ गिरफ्तार

अन्य प्रमुख खबरें