बिहार नाव हादसाः एक साथ 13 मासूमों की अर्थियां उठीं तो रो पड़ा पूरा गांव, कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले

खबर सार :-

Vaishali Raghopur Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। रामपुर गांव के पास हुई इस दुखद घटना में तेरह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात घायल लोगों का इलाज पटना के NMCH में चल रहा है।
बिहार नाव हादसाः एक साथ 13 मासूमों की अर्थियां उठीं तो रो पड़ा पूरा गांव

खबर विस्तार : -

Vaishali Raghopur Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले में हुए एक दुखद नाव हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार रात राघोपुर थाना इलाके के रामपुर श्यामचंद पंचायत में हुई इस घटना ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। इस दर्दनाक हादसे में गंगा नदी में डूबने से 13 लोगों की जान चली गई। जिनमें एक ही परिवार के सात बच्चे भी शामिल थे। बुधवार को जब गांव में बच्चों की अर्थियां उठीं तो चीख-पुकार और दुख का माहौल छा गया। किसी घर से मां की सिसकियां सुनाई दे रही थीं तो कहीं पिता अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के गम में बेसुध पड़े थे।

एक साथ उठीं 13 मासूमों की अर्थियां 

गांव की गलियों से एक साथ सभी बच्चों की अर्थियां निकली तो हर आंख नम हो गई। जिस गांव में कुछ घंटे पहले खुशी का माहौल था, वहां अब मातम छाया हुआ था। गम के साये में कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। सबसे दिल दहला देने वाला मंजर तब दिखा जब एक ही परिवार के सात मासूम बच्चों  की अर्थियां निकाली गई। दूसरे परिवार के पांच बच्चों की मौत ने उनके रिश्तेदारों को तोड़ दिया, जबकि एक तीसरे परिवार ने भी अपना एक बच्चा खो दिया। इतने सारे बच्चों की एक साथ मौत के बाद पूरा गांव सदमे में है।

कई घरों में नहीं जले चूल्हे

जिन घरों और आंगनों में कभी बच्चों की खुशी भरी आवाजें गूंजती थीं, वे अब दुखी रिश्तेदारों की चीखों से भरे हुए हैं। गांव में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो जिसकी आंखें इस हादसे के बाद नम न हुई हों। अस्पताल में भी दुख और पीड़ा का माहौल था, और अधिकारी भी काफी परेशान दिख रहे थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है; गांव मातम में डूबा है और कई घरों में खाना पकाने के लिए चूल्हे तक नहीं जले।

ये भी पढ़ेंः- महाराष्ट्र के नालासोपारा में बड़ा हादसा! बहुमंजिला इमारत में आधी रात को भड़की आग, दो महिलाओं की मौत

लापरवाही के चलते हुआ हादसा 

मिली जानकारी के मुताबिक रामपुर श्यामचंद पंचायत के अंतर्गत भगतन टोला में एक घर में दावत का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए, गांव के करीब 20-25 लोग एक छोटी और जर्जर नाव में बैठकर 'धाब' के दूसरी ओर जा रहे थे। जब नाव ढाब के बीच में थी तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। सभी गहरे पानी में डूबने लगे। गंगा नदी में इस हादसे के बाद हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। हालांकि नदी के पार खड़े कुछ लोग नदी में कूदे और तैरकर कई लोगो को बचाया। जबकि जो तैरना जानते थे, वह निकल गए। लेकिन इस दुखद घटना में 13 बच्चों की मौत हो गई। मरने वालों में एक परिवार की तीन और एक परिवार की दो बेटियां भी शामिल हैं। 

ग्रामीणों के अनुसार नाव में छेद था। इसी कारण हादसा हुआ। नाव में पानी भरने के साथ ही उस पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और नाव डगमगाकर डूब गई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले ही एक नई नाव के लिए अनुरोध किया गया था। इसलिए, अब उस जर्जर नाव की हालत और सुरक्षा उपायों की पर्याप्तता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल, रामपुर श्यामचंद में गम का माहौल है। उन परिवारों के घरों में एक ऐसी खामोशी छा गई है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता वे परिवार जो दावत से अपने बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे थे।

पीएम मोदी और CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बिहार में हुई नाव दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक मदद का भी ऐलान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (X) पर कहा, "बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।" घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए पीएम ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। उन्होंने आगे कहा, "दुर्घटना में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 दिए जाएंगे।"

उधर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर में हुई हृदयविदारक नाव दुर्घटना में मासूमों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख की अनुग्रह राशि देगी। प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के सही इलाज को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ेंः- बिहार नाव हादसाः वैशाली में 13 बच्चों की मौत, राष्ट्रपति, पीएम ने जताया दुख

अन्य प्रमुख खबरें