अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा, ईरान के साथ युद्ध जल्द होगा समाप्त, ऊर्जा कीमतों में आएगी गिरावट

खबर सार :-

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नया दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध जल्द समाप्त हो जाएगा। इससे ऊर्जा कीमतों में गिरावाट आएगी और इसका सीधा लाभ अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मिलेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति का नया दावा, ईरान के साथ युद्ध जल्द होगा समाप्त

खबर विस्तार : -

वाशिंगटन: यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को लेकर नया दावा किया है। एक चुनावी रैली में जाने से पूर्व ट्रंप ने पत्रकारों से बात के दौरान दावा किया कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध जल्द समाप्त होगा। एरिजोना से मोंटाना में चुनावी रैली के लिए जाने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने के बाद तेल और ऊर्जा की कीमतों में गिरावट आएगी। जिसका फायदा अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मिलेगा। ट्रंप ने फिर से दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं हासिल करने दिया जाएगा। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि युद्ध कब तक समाप्त हो जाएगा। साथ ही यह भी नहीं बताया कि युद्ध समाप्ति को लेकर ईरान से कोई वार्ता चल रही है अथवा नहीं। 

ईरान के खिलाफ सैन्य लक्ष्य में सफल रहा अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान पर हमले का मकसद उसे परमाणु ​हथियार से वंचित करना था। अमेरिका अपने इस सैन्य लक्ष्य में सफल रहा है। ईरान के साथ युद्ध जल्द समाप्त होने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने एरिजोना के बुलहेड सिटी में आयोजित चुनावी रैली में ईरान के विरूद्ध अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के असर की भी चर्चा की। ट्रंप ने दाव किया कि अमेरिका के हमलों ने ईरान की सैन्य ताकत को काफी कमजोर कर दिया है। ईरान की नौसेना और वायुसेना की क्षमताएं कमजोर हो गई हैं। ट्रंप ने कहा क‍ि ईरान पर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई बड़े पैमाने पर रही है। इसके चलते अब अमेरिका को यह तय कर पाने में मुश्किल हो रही है कि वह आगे की बातचीत किस ईरानी अधिकारी से करे। 

ये भी पढ़ें- विश्व ग्रामीण महिला दिवस आजः दुनिया को पड़ी जरूरत इस थीम की

यूएस प्रेसीडेंट ने ईरानी नेतृत्व को लेकर की टिप्पणी  

ट्रंप ने कहा कि युद्ध को लेकर अमेरिका बहुत आगे निकल चुका है और अब यह पता नहीं चल पा रहा है कि किससे बात की जाए। यूएस प्रेसीडेंट की यह टिप्पणी ईरानी नेतृत्व के कई स्तरों को हटाए जाने के संदर्भ को लेकर थी। ट्रंप का दावा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका ने पूरी तरह से कब्जा जमा लिया है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। इस मार्ग के माध्यम से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस दुनिया के सभी हिस्सों में भेजे जाते हैं। ट्रंप के मुताबिक, होर्मुज स्‍ट्रेट पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण हो चुका है। जिसके बाद से इस मार्ग से पहले की तुलना में अधिक तेल अन्य देशों को जा रहा है। 

अमेरिका में तीन माह में महंगाई दर 1.7 प्रतिशत  

ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में यह हालात अमेरिका के नौसैनिक अभियानों के चलते संभव हो पाया है। ट्रंप ने इसे स्टील की दीवार जैसा अभियान बताया। ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना इतना अधिक महत्वपूर्ण था कि इसके लिए सैन्य कार्रवाई के आर्थिक प्रभावों को स्वीकार किया जा सकता है। इस दौरान यूएस प्रेसीडेंट ने अमेरिका में महंगाई को लेकर भी टिप्पणी की। ट्रंप से महंगाई के वर्तमान आंकड़ों को लेकर केविन वॉर्श से चर्चा की बाबत पूछे जाने पर कहा कि बीते तीन माह में महंगाई दर 1.7 प्रतिशत रही है। ट्रंप ने सरकार के आर्थिक प्रदर्शन को मजबूत बताया और कहा कि वर्तमान की तेल कीमतों की तुलना पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल से करें तो ईरान के साथ युद्ध के बाद भी तेल की कीमतें कम हैं। इस दौरान ट्रंप ने ब्याज दरों में संभावित वृद्धि को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दिया।

ये भी पढ़ें- उत्तर कोरिया ने अपने हथियार सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए एक और टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल का किया परीक्षण


 

अन्य प्रमुख खबरें