स्वच्छता सर्वेक्षण: अधिकारियों को सुबह 6 बजे से फील्ड में रहने के निर्देश

खबर सार :-

स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 के दृष्टिगत महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण: अधिकारियों को सुबह 6 बजे से फील्ड में रहने के निर्देश

खबर विस्तार : -

लखनऊ। स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 के दृष्टिगत महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों पर रोड कटिंग, निर्माण सामग्री एवं मलवा पड़े होने तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्याओं के कारण नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

शहर की व्यवस्थाओं पर होगी नियमित निगरानी

महापौर ने निर्देशित किया है कि समस्त अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, नगर अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अपने-अपने जोन एवं क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर साफ-सफाई, रोड कटिंग, मलवा निस्तारण एवं जलभराव की स्थिति का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें। अधिकारियों को समस्याओं की पहचान कर उनका तत्काल निस्तारण कराना होगा।

दोपहर 12 बजे से अपने कार्यालय में रहेंगे

महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 9:00 बजे तक अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करें। इस दौरान अपनी उपस्थिति वरिष्ठ अधिकारियों को दर्ज कराते हुए मौके पर ही समस्याओं के समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके उपरांत सभी अधिकारी एवं अभियन्ता कार्यालयीय कार्यों के लिए दोपहर 12:00 बजे से अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहेंगे।

अन्य प्रमुख खबरें