चुनाव आयोग ने घोषित की यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव की तारीखें, 16 अक्टूबर को वोटिंग

खबर सार :-

चुनाव आयोग ने यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनावों और यूपी, बिहार, कर्नाटक व महाराष्ट्र में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। यूपी की 10, उत्तराखंड की एक सीट पर द्विवार्षिक चुनाव जबकि वेस्ट बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा।
यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव का ऐलान

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने तीन राज्यों में राज्यसभा चुनाव की तारीखें घोषित कर दी हैं। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। इसके चलते इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक सीट खाली हुई है। यहां से सांसद रुक्मिणी मल्लिक ने 16 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था। इस खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव होगा।

चुनाव आयोग 29 सितंबर को जारी करेगा चुनाव की अधिसूचना  

चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तक है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर शुक्रवार तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा। वोटिंग का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। चुनाव आयोग ने इस चुनाव के लिए एक खास नियम भी बताया है। वोट डालने के लिए बैलेट पेपर पर पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा। किसी और पेन से वोट नहीं डाला जा सकेगा। आयोग ने कहा है कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को मतदान 

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव का ऐलान कर दिया है। इन चार राज्यों की कुल 28 सीटों पर चुनाव होगा, जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर-दिसंबर 2026 में खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग ने बताया कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। कुल 28 सीटों में से बिहार की 8 सीटें, कर्नाटक की 4 सीटें, महाराष्ट्र की 5 सीटें और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं। बिहार में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होगा। इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म हो रहा है। वहीं पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य का कार्यकाल भी इसी दिन समाप्त होगा।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आरक्षण पर सियासी घमासान, PDP ने उठाया ओपन मेरिट का मुद्दा

योग्य स्नातक और शिक्षक चुनेंगे विधान परिषद सदस्य 

बता दें कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र भारतीय राज्यों की विधान परिषद (उच्च सदन) के सदस्य (एमएलसी) चुनने के लिए बने विशेष क्षेत्र होते हैं, जहां आम जनता नहीं बल्कि केवल योग्य स्नातक और शिक्षक वोट डालते हैं। कर्नाटक में 2 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक से चिदानंद एम गौड़ा, कर्नाटक पश्चिम स्नातक से एस.वी. संकानुर, कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक से शशिल जी. नमोशी और बैंगलोर शिक्षक से श्री पुट्टन्ना का कार्यकाल 11 नवंबर को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में 3 स्नातक और 2 शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। औरंगाबाद डिवीजन स्नातक से चव्हाण सतीश भानुदासराव, पुणे डिवीजन स्नातक से अरुण गणपति लाड, नागपुर डिवीजन स्नातक से अभिजीत गोविंदराव वंजारी, अमरावती डिवीजन शिक्षक से सरनाईक किरण रामराव और पुणे डिवीजन शिक्षक से जयंत दिनकर आसगावकर का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त होगा।

27 अक्टूबर को होगी वोटों की गिनती 

उत्तर प्रदेश में 5 स्नातक और 6 शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा। लखनऊ डिवीजन स्नातक से इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी डिवीजन स्नातक से आशुतोष सिन्हा, आगरा डिवीजन स्नातक से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह 'गुरु जी', मेरठ डिवीजन स्नातक से दिनेश कुमार गोयल और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन स्नातक से डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। इसी तरह लखनऊ शिक्षक से उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक से लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक से डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक से श्रीचंद शर्मा, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक से हरि सिंह ढिल्लो और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक से ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल भी 6 दिसंबर को समाप्त होगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्तूबर तक है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 9 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी और 31 अक्टूबर तक पूरी चुनाव प्रक्रिया खत्म कर ली जाएगी।

ये भी पढ़ें- Meerut : वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ UP की पहचान : CM Yogi

अन्य प्रमुख खबरें