अंकित बालियान हत्याकांड: जयंत चौधरी पहुंचे परिवार के बीच, बोले- धैर्य रखें, कानून के तहत होगी कार्रवाई
खबर सार :-
अंकित बालियान हत्याकांड में दो आरोपियों के एनकाउंटर के बाद जयंत चौधरी परिवार से मिले। परिजनों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूर्ण न्याय की मांग की। बता दें कि पुलिस एनकाउंटर में दो आरोपियों मौत हो गई है।
खबर विस्तार : -
शामलीः हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में सोमवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब पुलिस मुठभेड़ में मामले से जुड़े दो आरोपी मारे गए। घटना के बाद राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी अंकित बालियान के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह और पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है। परिवार से मुलाकात के बाद जयंत चौधरी ने कहा कि अंकित बालियान एक कलाकार था और जिस तरह सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या की गई, वह बेहद गंभीर और संगीन अपराध है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं तथा जांच और कार्रवाई लगातार जारी है।
जयंत चौधरी ने कहा कि सभी की संवेदनाएं अंकित के परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से अपराध की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया, वह चिंताजनक है। उन्होंने परिवार से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह परिवार से मिलने इसलिए आए हैं क्योंकि यह उनका अपना गांव और अपने लोगों का परिवार है।
मुख्यमंत्री से भी हुई थी मुलाकात
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पुलिस की जांच अभी जारी है और इस मामले को लेकर उन्होंने एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है, लेकिन कानून की अपनी प्रक्रिया होती है और किसी भी मामले की जांच को उसके निर्धारित तरीके से आगे बढ़ाया जाता है।
जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अंकित बालियान के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था तभी प्रभावी रहती है, जब लोगों का व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। ऐसे मामलों में पुलिस को निष्पक्ष तरीके से जांच पूरी कर आगे की कार्रवाई करनी होती है। उन्होंने कहा कि परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है और उसे धैर्य रखने की जरूरत है। पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पिता बोले- दो आरोपियों के एनकाउंटर से आधा न्याय मिला
पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने के बावजूद अंकित बालियान के परिवार की नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अंकित के पिता सतबीर सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि हत्याकांड में शामिल दो अपराधी मारे गए हैं। उन्होंने इसे आधा न्याय बताते हुए कहा कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सतबीर सिंह ने कहा कि आरोपी चाहे दो हों या चार, सभी को पकड़ा जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हत्याकांड से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक परिवार को पूरा न्याय मिलने का एहसास नहीं होगा।
वहीं, अंकित की पत्नी सीमा ने कहा कि उन्हें दो आरोपियों के मारे जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ठीक है, लेकिन कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी मांग है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को पूरी संतुष्टि तो नहीं मिलेगी, लेकिन न्याय की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा- पुलिस पर हमला करने वालों को उसी भाषा में जवाब
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मशहूर गायक अंकित बालियान के निर्मम हत्यारों को मार गिराया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और अपराधियों तथा हत्यारों का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या
गौरतलब है कि 26 अगस्त की शाम शामली में जिम के पास हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के बाद चार शूटर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। सोमवार को हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस की निगाहें फरार आरोपियों के साथ-साथ उन लोगों पर भी हैं, जो कथित तौर पर हत्या की साजिश में शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। परिवार की मांग है कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों और साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें पूर्ण न्याय मिल सके।
यह भी पढ़ेंः-हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या मामले में दो मोस्ट वांटेड ढेर, मरने से पहले राज उगला
अन्य प्रमुख खबरें
-
तमिलनाडु उपचुनाव: टीवीके ने पूर्व एआईएडीएमके विधायकों को बनाया उम्मीदवार
2026-09-10
-
कांग्रेस के गढ़ शिमला में बीजेपी की जीत, जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर कब्जा
2026-09-10
-
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चुन्नी लाल का निधन
2026-09-10
-
मायावती का अपने भतीजे पर आरोप, कहा डबल माइंड पर काम कर रहे हैं आनंद
2026-09-10
-
आनंद के राजनीतिक करियर का रास्ता खुला, अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से लिया संन्यास
2026-09-10
-
बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम: सीएम योगी
2026-09-09
-
आकाश आनंद की होगी वापसी! मायावती ने दिए संकेत
2026-09-09
-
एक पेड़ मां के नाम अभियान में हिस्सा लेंगे गुजरात के 182 विधायक
2026-09-09
-
तनवीर सादिक के बयान पर घमासान, BJP और PDP ने की आलोचना
2026-09-09
-
पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे, 17 सितंबर से शुरू होंगे देशव्यापी कार्यक्रम
2026-09-09
-
राहुल गांधी का पंजाब सरकार पर आरोप, कहा-दिख रहा खराब पैटर्न
2026-09-09
-
तेलंगानाः केटीआर, हरीश राव-बीआरएस के कई विधायकों पर गंभीर धाराओं में केस
2026-09-08
-
BJP का बड़ा सियासी दांवः मोहसिन रजा को अल्पसंख्यक आयोग की कमान
2026-09-08
-
तेलंगाना विधानसभा के अंदर से बाहर तक संग्राम, पुलिस से हाथापाई, महिलाओं के कपड़े फाड़े!
2026-09-07
-
मराठा आरक्षण आंदोलनः शिक्षा-रोजगार से जुड़े 4 अहम आदेश जारी
2026-09-07